यूपी में सर्वखाप पंचायत के बड़े फैसले; अमल करने के लिए बनाई गई कमेटी, जानिये कौन से 11 प्रस्ताव किए गए पास?
चौधरी नरेश टिकैत के मुताबिक, यह पंचायत सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत की सातवीं कड़ी थी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : November 18, 2025 at 11:03 PM IST
मुजफ्फरनगर : शाहपुर के गांव सोरम में आयोजित तीन दिवसीय सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत मंगलवार को संपन्न हो गई. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर से किसान, खाप चौधरी, आम नागरिक समेत करीब 15 हजार लोग पहुंचे. सर्वखाप पंचायत में सर्वसम्मति से 11 प्रस्ताव पास किए गए. इसको अमल कराने के लिए कमेटी भी बनाई गई.
खाप पंचायत सामाजिक कुरीतियों, परंपराओं और समाज में फैल रही बुराइयों पर मंथन के लिए आयोजित की गई. इसमें मंच पर 36 बिरादरियों के खाप चौधरी और थंबेदार मौजूद रहे. पंचायत में बालियान खाप के चौधरी और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी पहुंचे. बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत के मुताबिक, सामाजिक सुधारों पर गंभीर चर्चा करते हुए 11 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए और अमल करने के लिए कमेटी भी बनाई गई है. इनमें कन्या भ्रूण हत्या रोकने, पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव, मृत्यु भोज (तेरहवीं) पर रोक, गौ संरक्षण, पंचायत में महिलाओं की भागीदारी और नशाखोरी उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं. पंचायत ने लिव-इन रिलेशनशिप का सर्वसम्मति से विरोध किया. पंचायत में प्रेम विवाह या कोर्ट मैरिज के लिए माता पिता की अनुमति अनिवार्य करने का प्रस्ताव पास किया गया.
उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के तहत जन्मदिन या किसी की मृत्यु पर स्मृति में एक पेड़ लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया है. उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा, नशाखोरी, मृत्यु भोज, प्रेम विवाह सहित सभी 11 प्रस्तावों पर पूर्ण सहमति बनी और इनके पालन के लिए एक कमेटी गठित की गई है. यह पंचायत सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत की सातवीं कड़ी थी और अगली पंचायत वर्ष 2035 में आयोजित की जाएगी. इस सभा से समाज में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की उम्मीद जताई गई है.
पंचायत में राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों को भी निमंत्रण दिया गया था. पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान और मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र मलिक भी शामिल हुए.

