ETV Bharat / state

उत्तराखंड में होली पर 108 सेवा के कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल, हर जगह तैनात रहेगी एंबुलेंस

उत्तराखंड में होली के दौरान आपात स्थिति में तैनात रहेगी 108 एंबुलेंस सेवा, कर्मचारियों की छुट्टी की गई निरस्त

MBULANCE DEPLOYED ON HOLI
एंबुलेंस (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : March 2, 2026 at 10:30 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड के साथ ही देशभर में होली का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. अक्सर त्योहार के दौरान सड़क दुर्घटनाएं या फिर जश्न के दौरान लोगों के चोट लगने या घायल होने के मामले भी सामने आते हैं. ऐसे में आपातकाल के दौरान एंबुलेंस की सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सके, इसको लेकर 108 आपातकालीन एंबुलेंस की तैनाती कर ली गई है. इतना ही नहीं कर्मचारियों की छुट्टी भी निरस्त की गई है.

एंबुलेंस सेवा को लेकर हुई बैठक: देहरादून में 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के जीएम अनिल शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान अनिल शर्मा ने अधिकारियों से त्योहार के दौरान की गई तैयारियों से संबंधित जानकारियां ली और तमाम जरूरी दिशा निर्देश भी दिए. ताकि, आपात स्थिति के दौरान लोगों को आसानी से एंबुलेंस की सेवा उपलब्ध हो सके.

अनिल शर्मा ने बताया कि होली के मद्देनजर सभी एंबुलेंस को हाई एलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं. इस दौरान सभी कर्मचारी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहेंगे. होली के दौरान संवेदनशील स्थानों पर तैनात एंबुलेंस जाम में न फंसे, इसके लिए भी व्यापक स्तर पर तकनीकी व्यवस्था की गई है. ताकि, किसी भी आपात स्थित के दौरान जाम की पूर्व सूचना देहरादून स्थित सेंट्रल कॉल सेंटर को मिल सके.

MBULANCE DEPLOYED ON HOLI
आपताकालीन एंबुलेंस सेवा (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

एंबुलेंस में सुरक्षा कर्मी भी किए जा सकते हैं तैनात: संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात एंबुलेंस के जाम या कहीं और फंसने पर पुलिस विभाग से भी सहयोग लिया जाएगा. साथ ही बताया कि देहरादून के साथ मैदानी जिलो मे एंबुलेंस में सुरक्षा कर्मी भी तैनात रहे, इसका भी प्रयास किया जा रहा है. ताकि, मरीज या उसके तीमारदार को असुविधा न हो और उनको समय से चिकित्सा उपचार मिल सके.

देहरादून में यहां तैनात रहेंगे एंबुलेंस: देहरादून के सर्वेचौक, घंटाघर, जाखन, रायपुर, बल्लूपुर चौक, प्रेमनगर, विधानसभा, रेसकोर्स में मुख्य चौराहों पर एंबुलेंस की तैनाती की गई है. ताकि, आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल एंबुलेंस को किसी भी दिशा में रवाना किया जा सके. प्रदेशभर में अतरिक्त 18 बैकअप एंबुलेंस भी तैनाती की गई है. ताकि, किसी एंबुलेंस आदि के खराब होने के स्थिति में तत्काल बैकअप एंबुलेंस को वहां तैनात किया जा सके.

होली के मद्देनजर कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द: इसके अलावा कैंप 108 सेवा के प्रदेश मुख्यालय देहरादून के साथ सभी जिलों में काम कर रहे कर्मचारियों के होली के मद्देनजर अवकाशों को निरस्त कर दिया गया है. होली त्योहार के दौरान 108 सेवा के केंद्रीय कॉल सेंटर में ज्यादा कॉल्स आने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त टेक्निकल स्टाफ की भी ड्यूटी लगाई गई है. ताकि, इमरजेंसी के दौरान तत्काल एंबुलेंस को रवाना किया जा सके.

पिछले साल होली के दौरान यानी 13 मार्च से 15 मार्च 2025 के दौरान अन्य दिनों के मुकाबले रोड एक्सीडेंट की ज्यादा सूचनाएं मिली थी. पिछले साल होली के दौरान 3 दिन में ही 1,186 मामले सामने आए थे. जिसमें से प्रसव संबंधी 295 मामले, रोड एक्सीडेंट संबंधित 160 मामले, हृदय रोग से संबंधित 32 मामले समेत अन्य 699 मामले सामने आए थे. जिसको देखते हुए इस साल ज्यादा सर्तकता बरती जा रही है. ताकि, जनता को आपातकाल के दौरान परेशानियों का सामना न करना पड़े.

मोबाइल टीमों का भी गठनछ: उत्तराखंड के सभी जिलों में कैंप 108 आपातकालीन सेवा की ओर से मोबाइल टीमों का भी गठन किया गया है. यह मोबाइल टीमें संबंधित जिलों में होली के दौरान सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक मुख्य रूप से देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल के साथ-साथ अन्य जिलों में तैनात कर्मचारियों की सक्रियता को देखेंगे.

ये भी पढ़ें-