भारत-नेपाल बॉर्डर पर 10 किलो चांदी जब्त, 2 नेपाली नागरिक अरेस्ट
गोरखपुर से नेपाल भेजी जा रही थी चांदी, नौतनवा कस्टम विभाग को मिली बड़ी सफलता, कार सीज.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 11:59 AM IST
महराजगंज: जिले के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा सोनौली बॉर्डर पर कस्टम विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है. कस्टम टीम ने करीब 10 किलो चांदी के साथ दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है. बरामद चांदी की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है, जिसे अवैध तरीके से भारत से नेपाल ले जाया जा रहा था.
असिस्टेंट कमिश्नर नौतनवा सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि कस्टम विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक नेपाल के नंबर की कार से भारी मात्रा में चांदी की तस्करी कर नेपाल भेजी जा रही है. इस पर कस्टम टीम ने सोनौली कोतवाली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. जांच के दौरान गोरखपुर से नेपाल की ओर जा रही कार को रोककर तलाशी ली गई. कार का नंबर भी नेपाल का था.
तलाशी के दौरान कार की सीट के पास प्लास्टिक के दो पैकेट मिले. जब पैकेट खोलकर जांच की गई तो उसमें चांदी के छोटे-छोटे टुकड़े पाए गए. इसके बाद कार सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कस्टम मंडल कार्यालय नौतनवा लाया गया.
कस्टम कार्यालय में चांदी का वजन कुल 9 किलो 999 ग्राम पाया गया. पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपना नाम राकेश रजक निवासी सिद्धार्थ नगर पालिका भैरहवा तथा समीर कुमार सिंह निवासी पोखरिया परसा, नेपाल बताया. दोनों ने स्वीकार किया कि चांदी गोरखपुर से ली गई थी और उसे नेपाल ले जाया जा रहा था. असिस्टेंट कमिश्नर सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि इस मामले में कार को सीज करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कस्टम अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

