68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में राजस्थान के योगेश ने जीता गोल्ड
इस चैंपियनशिप में योगेश की अभी दो स्पर्धाएं और शेष हैं और उम्मीद है कि योगेश इन स्पर्धाओं में भी पदक अपने नाम करेंगे.

Published : December 31, 2025 at 4:30 PM IST
जयपुर: दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित हो रही 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में राजस्थान के योगेश कुमार खींचड़ ने स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है. योगेश ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में 555/600 का स्कोर बनाकर यह स्वर्ण पदक हासिल किया.
कोच सूबेदार बलबीर सिंह ने बताया कि योगेश इंडस स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी में कड़ी मेहनत करके चैंपियनशिप में उतरे हैं. वे हर दिन लगभग पांच से छह घंटे अभ्यास करते हैं. इस चैंपियनशिप में योगेश की अभी दो स्पर्धाएं और शेष हैं और उम्मीद है कि योगेश इन स्पर्धाओं में भी पदक अपने नाम करेंगे.
इसके बाद योगेश का फोकस फरवरी में होने वाली एशियन चैंपियनशिप पर है. हाल ही में चूरू जिले के योगेश कुमार खींचड़ का एशियन चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है. कोच ने बताया कि योगेश कुमार खींचड़ वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप के पदक विजेता हैं. योगेश की काबिलियत देखकर उनके गांव सुलखानिया बड़ा से कई बच्चे अब शूटिंग की ओर आकर्षित हो रहे हैं.
पहले भी जीते हैं कई पदक: 5 नवंबर से 18 नवंबर तक आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में भी योगेश ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया था. वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में योगेश ने रजत पदक जीता था. इस प्रतियोगिता में राजस्थान को एकमात्र पदक योगेश ने ही दिलवाया था. योगेश कुमार बचपन से ही अपने पिता को शूटिंग करते हुए देखकर बड़े हुए हैं. इसके अलावा, योगेश ने राष्ट्रीय स्तर पर 30 से अधिक पदक जीते हैं और राज्य चैंपियनशिप में 13 पदक अपने नाम किए हैं.

