अंडर 19 वर्ल्ड कप में वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर 19 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया.

Published : January 17, 2026 at 5:31 PM IST
बुलावायो (जिम्बाब्वे): वैभव सूर्यवंशी ने अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 में 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलते हुए एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. उन्होंने मैच में 67 गेंदों पर 72 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और तीन छक्के शामिल थी.
इस शानदार पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने यूथ वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है. वैभव के अब 20 यूथ वनडे मैचों में 52 से ज्यादा की औसत और 157.68 के स्ट्राइक-रेट के साथ कुल 1047 रन हो गए हैं, जिसमें तीन शतक और पांच अर्धशतक भी शामिल हैं. वहीं विराट के यूथ वनडे में 978 रन हैं.
14 साल के वैभव अब सरफराज खान से पीछे हैं, जिनके 1080 रन हैं. इस लिस्ट में सबसे ऊपर विजय जोल हैं, जिन्होंने अपने यूथ वनडे करियर में 1404 रन बनाए हैं.
𝙅𝙪𝙨𝙩 𝙎𝙤𝙤𝙧𝙮𝙖𝙫𝙖𝙣𝙨𝙝𝙞 𝙩𝙝𝙞𝙣𝙜𝙨 😲
— Star Sports (@StarSportsIndia) January 17, 2026
ICC Mens U19 WC | 🇮🇳 🆚 🇧🇩👉 LIVE NOW ➡️ https://t.co/DGP23ftABG pic.twitter.com/LchANceMDr
यूथ वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- विजय जोल - 1404 रन
- यशस्वी जायसवाल - 1386 रन
- तन्मय श्रीवास्तव - 1316 रन
- शुभमन गिल - 1149 रन
- उन्मुक्त चंद - 1149 रन
- सरफराज खान - 1080 रन
- वैभव सूर्यवंशी - 1047* रन
- विराट कोहली - 978 रन
इसके अलावा यह भारतीय ओपनर अंडर 19 वर्ल्ड कप के इतिहास में अर्धशतक बनाने वाला सबसे कम उम्र का खिलाड़ी बन गया.
अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 में वैभव की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, क्योंकि पहले मैच में वो अमेरिका के खिलाफ केवल 2 रन पर ही आउट हो गए थे. लेकिन दूसरे ही मैच वैभव ने शानदार वापसी की और बांग्लादेश के खिलाफ 72 रनों की पारी उस समय खेली जब भारतीय युवा टीम के दो खिलाड़ी 12 रनों पर पवेलियन लौट गए थे. मैच की बात करें तो भारत का स्कोर खबर लिखे जाने तक 42 ओवर में 7 विकेट पर 199 रन है.

