उत्तराखंड के लक्ष्य रायचंदानी बने इंडिया U19 ODI टीम के कप्तान, द्रविड़ और सहवाग के बेटे इनकी कप्तानी में खेलेंगे
उत्तराखंड के लिए खुशखबरी, लक्ष्य रायचंदानी इंडिया अंडर 19 क्रिकेट टीम के कप्तान और अंडर 19 मल्टी डे मैचों के उप कप्तान बने

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 27, 2026 at 2:47 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है. उत्तराखंड के प्रतिभाशाली क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम के वनडे मैचों की कप्तानी सौंपी गई है. इसके साथ ही लक्ष्य अंडर 19 टीम की मल्टी डे मैचों (टेस्ट मैच) के उप कप्तान भी होंगे. उत्तराखंड के खिलाड़ी को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर सीएयू के साथ ही राज्य के खिलाड़ियों में खुशी की लहर है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैचों के लिए इंडिया अंडर 19 टीम घोषित: बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया U19 मेन्स टूर ऑफ इंडिया के लिए इंडिया U19 स्क्वाड की घोषणा कर दी है. मेन्स सिलेक्शन कमिटी ने ऑस्ट्रेलिया U19 के आने वाले इंडिया टूर के लिए इंडिया U19 स्क्वाड की घोषणा की है, जिसमें तीन वन-डे मैच और दो मल्टी-डे मैच शामिल हैं.
उत्तराखंड के लक्ष्य रायचंदानी बने इंडिया अंडर 19 वनडे टीम के कप्तान: वनडे के लिए इंडिया अंडर 19 टीम की कप्तानी उत्तराखंड के खिलाड़ी लक्ष्य रायचंदानी को सौंपी गई है. दिलचस्प बात ये है कि लक्ष्य रायचंदानी की कप्तानी में राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज क्रिकेटरों के बेटे खेलेंगे. दोनों पूर्व खिलाड़ियों को बेटों को भी इंडिया अंडर 19 वनडे टीम में जगह मिली है.
भारत अंडर 19 वनडे टीम इस प्रकार है...
राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटों को भी मिली टीम में जगह: वन-डे मैचों के लिए इंडिया U19 स्क्वाड: लक्ष्य रायचंदानी (C), यशबर्धन चौहान (VC), रजत बघेल (WK), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेट कीपर), वी. यशवीर, रोहित यादव, शविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल
भारत-ऑस्ट्रेलिया की जूनियर टीमों के बीच तीन वनडे होंगे: आस्ट्रेलिया अंडर 19 क्रिकेट टीम के खिलाफ भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम 3 वनडे खेलेगी. ये मैच 18 सितंबर, 21 सितंबर और 23 सितंबर को राजकोट में खेले जाएंगे.
लक्ष्य रायचंदानी को चार दिवसीय मैचों के लिए इंडिया अंडर 19 टीम का उप कप्तान बनाया गया: इसके साथ ही बीसीसीआई ने आस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम के खिलाफ खेली जाने वाले मल्टी डे क्रिकेट मैचों के लिए भी टीम घोषित कर दी है. उत्तराखंड के लक्ष्य रायचंदानी को इस टीम का उप कप्तान बनाया गया है. मल्टी डे मैचों के लिए टीम इस प्रकार है...
चार दिवसीय मैचों के लिए इंडिया अंडर 19 टीम: कई दिनों के मैचों के लिए भारत की U19 टीम: यशबर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्ण (विकेट कीपर), अभिप्राय बिस्वास (विकेट कीपर), रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव
भारत-ऑस्ट्रेलिया जूनियर टीमों के बीच 2 चार दिवसीय मैच होंगे: मल्टी डे के दो मैच खेले जाएंगे. पहला मैच 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में खेला जाएगा. दूसरा मैच 5 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड पर होगा.
लक्ष्य ने ईटीवी भारत के साथ बांटी खुशी: लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय अंडर 19 वनडे क्रिकेट टीम की कप्तानी और मल्टी डे यानी चार दिवसीय मैचों की उप कप्तानी मिलने पर ईटीवी भारत ने बातचीत की. लक्ष्य ने बताया कि...
वनडे टीम का कप्तान और मल्टी डे मैच वाली टीम का उप कप्तान बनने पर अच्छा फील हो रहा है. मैंने इस बारे में नहीं सोचा था. मैं बस खेलने के जो मौके मिल रहे थे, उनमें अपना बेस्ट देने की कोशिश कर रहा था. मेरे माता-पिता और घर के सभी लोग इस खबर से बहुत खुश हैं. मुझे अच्छी अपॉर्चुनिटी मिली है. मैं इसका भरपूर लाभ उठाने की कोशिश करूंगा. मेरी सफलता में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड का काफी योगदान है.
-लक्ष्य रायचंदानी, कप्तान, इंडिया अंडर19 वनडे टीम-
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड के लिए खुशखबरी, राज्य के दो खिलाड़ियों का इंडिया U-19 क्रिकेट टीम में चयन, लक्ष्य बने उप कप्तान

