ETV Bharat / sports

RCA में चुनाव नहीं हुए तो जयपुर में IPL पर संकट ! बीसीसीआई ने दी थी चेतावनी

राजस्थान में सरकार पिछले दो साल में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव तक नहीं करवा पाई.

सवाई मानसिंह स्टेडियम
सवाई मानसिंह स्टेडियम (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 13, 2025 at 12:07 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में बीते दो साल से एडहॉक कमेटी क्रिकेट का संचालन कर रही है. बीते दो सालों में एडहॉक कमेटी में लगातार विवाद बना हुआ है. यह विवाद इस साल आयोजित हुए IPL मुकाबलों में भी देखने को मिला था, जिसके बाद बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद को IPL कराने का ज़िम्मा सौंपा था. हालांकि पूरे मामले को लेकर राजस्थान रॉयल्स के पदाधिकारी राजीव खन्ना का कहना है कि हम पूरी स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं और इस मसले को लेकर खेल विभाग से भी कई बार चर्चा की है. खन्ना ने बताया कि हमें BCCI जैसा भी आदेश देगी हम वैसे ही आयोजन का हिस्सा बनेंगे.

बीते दो साल से जयपुर में IPL का आयोजन सरकार द्वारा किया जा रहा है. लेकिन इस साल आयोजित हुए IPL मुकाबलों में काफी विवाद की स्थिति देखने को मिली थी. जिसके बाद बीसीसीआई ने स्पष्ट किया था कि राजस्थान क्रिकेट संघ में स्थितियां अच्छी नहीं है और अभी भी एडहॉक कमेटी काम कर रही है. बीसीसीआई आईपीएल मैचों की मेजबानी हर बार अपने संबंधित सदस्य राज्य क्रिकेट संघों के साथ मिलकर करता है. यानि राजस्थान में किसी भी मैच की मेजबानी के लिए राजस्थान क्रिकेट संघ ही अधिकृत है.

इसे भी पढ़ें: RCA विवाद बना गले की फांस, पूर्व पदाधिकारी बोले- कमजोर सरकार ने क्रिकेट को खत्म किया

मुक़ाबले नहीं : मार्च-अप्रैल में आयोजित हुए IPL मुक़ाबलों को लेकर BCCI ने कहा था कि आईपीएल 2025 मैचों की मेजबानी के लिए खेल विभाग के अनुरोध को अंतिम बार स्वीकार किए जा रहा है. BCCI ने स्पष्ट रूप से कहा था कि यदि मौजूद परिस्थितियां आगे भी बनी रहती है तो भविष्य में सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर में आईपीएल मैचों के आयोजन की मेजबानी को लेकर कोई भी अनुरोध बीसीसीआई के द्वारा स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसे लेकर BCCI ने मेल में कहा था कि अंतिम बार खेल विभाग को IPL के आयोजन पर सहमति दी जा रही है. पिछले दो साल से खेल विभाग के साथ मिलकर राजस्थान रॉयल्स IPL का आयोजन जयपुर में कर रहा है.

स्थिति और बदतर : मौजूदा समय में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की बात करें तो पिछले दो सालों के मुक़ाबले स्थिति और ज़्यादा बदतर हो चुकी है. एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर और BJP विधायक जयदीप बिहाणी ने IPL में फिक्सिंग का आरोप राजस्थान रॉयल्स पर लगाया था. जिसके बाद विवाद काफ़ी बढ़ गया था और इसके बाद उन्हें पद से हटा भी दिया गया था. लेकिन मौजूदा समय में एडहॉक कमेटी के कन्वीनर और अन्य सदस्यों के बीच विवाद ख़त्म नहीं हुआ है जिसके बाद कोर्ट द्वारा लोकपाल की नियुक्ति क्रिकेट संघ में की गई है. यहां तक कि खिलाड़ियों के आने- जाने पर भी संकट खड़ा हो गया था और एक समय महिला क्रिकेट टीम नागपुर में इस वजह से अटक गई थी की उनकी वापसी की टिकट नहीं हो पाए थे.

इसे भी पढ़ें:आरसीए की सीनियर सलेक्शन कमेटी से हटाने पर हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

चुनाव का इंतज़ार : BCCI पहले ही स्पष्ट तौर पर कह चुका है कि संबंधित खेल संघ को ही IPL की मेज़बानी दी जाती है. और अभी तक राजस्थान क्रिकेट संघ के चुनाव नहीं होने के चलते असमंजस की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में यदि समय पर चुनाव नहीं होते हैं तो IPL की मेज़बानी जयपुर से छिन सकती है. राजस्थान क्रिकेट संघ से SMS क्रिकेट स्टेडियम का एमओयू ख़त्म होने के बाद स्टेडियम की देख रेख फ़िलहाल स्पोर्ट्स काउंसिल द्वारा की जा रही है. यदि चुनाव होते हैं और मेज़बानी भी जयपुर को मिलती है तो IPL के मुक़ाबले कहां आयोजित होंगे यह भी एक बड़ा प्रश्न खड़ा हो जाएगा, जिसके बाद एक बार फिर स्पोर्ट्स काउंसिल को आयोजन में शामिल करना पड़ सकता है.