Team India के वनडे स्क्वाड में बड़ा बदलाव, चोटिल नीतीश रेड्डी की जगह दुबे को टीम में किया गया शामिल
पांच मैचों की टी20 सीरीज के बाद भारत इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने वाला है.

Published : July 7, 2026 at 4:19 PM IST
हैदराबाद: इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने वाली भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया गया है. चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह ऑलराउंडर शिवम दुबे को स्क्वाड में शामिल किया गया है.
दो बार T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे शिवम दुबे ने अब तक केवल चार वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 43 रन बनाए हैं और एक विकेट लिया है. उनका आखिरी वनडे मैच अगस्त 2024 में कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ था.
BCCI के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने सोमवार (6 जुलाई) को इसकी जानकारी दी और कहा कि शिवम दुबे, जो अभी इंग्लैंड में पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए मौजूद हैं, वनडे सीरीज के लिए भी वहीं रुकेंगे क्योंकि रेड्डी अभी भी क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं.
सैकिया ने कहा, 'सिलेक्शन कमिटी ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में नीतीश कुमार रेड्डी की जगह शिवम दुबे को चुना है.' रेड्डी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान चोट लगी थी, और उनके कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में वापसी की समय-सीमा अभी तय नहीं हुई है.
रेड्डी के रिहैबिलिटेशन के कारण उन्हें पहले ही आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी तीन मैचों की सीरीज से बाहर कर दिया गया था.
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे मैच 14 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाएगा. जबकि दूसरा वनडे कार्डिफ (16 जुलाई) और लॉर्ड्स (19 जुलाई) को खेला जाएगा. सीरीज खत्म होने के बाद, दुबे जिम्बाब्वे दौरे के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां पहला T20I मैच 23 जुलाई को शुरू होगा, और उसके बाद 25 और 26 जुलाई को मैच खेले जाएंगे.
टीम इंडिया की अपडेटेड वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और शिवम दुबे.

