टी-20 वर्ल्ड कप: हरियाणा के क्रिकेटर यूएई टीम की जीत के लिए उतरेंगे मैदान पर, कभी हरियाणा रणजी टीम में नहीं हुए थे शामिल
क्रिकेटर मयंक कुमार को भले ही हरियाणा के टीम में जगह नहीं मिली हो लेकिन वो अब यूएई की तरफ से टी-20 वर्ल्ड कप खेलेंगे.

Published : February 8, 2026 at 9:07 PM IST
पंचकूला: हरियाणा मूल के क्रिकेटर मयंक कुमार कभी अंतरराष्ट्रीय मैदान पर भारतीय क्रिकेट टीम की तरफ से खेलना चाहते थे. इसके लिए वे पंचकूला और चंडीगढ़ की क्रिकेट अकादमी से खेलते हुए अपने खेल में निखार लाते रहे. लेकिन हरियाणा रणजी टीम में चयन नहीं होने पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) चले गए, जहां मयंक कई क्रिकेट टीमों की ओर से खेले और अब टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएई टीम की जीत के लिए अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतरेंगे. क्रिकेटर मयंक कुमार ने ईटीवी भारत से अपने क्रिकेट करियर समेत पारिवारिक पृष्ठभूमि और अन्य विषयों पर बातचीत की.
हर टीम एक चुनौती की तरह: मयंक कुमार ने कहा कि "वर्ल्ड कप का प्रत्येक मैच उनके लिए एक चुनौती की तरह होगा, क्योंकि नई टीमें और नए खिलाड़ी होंगे. ऐसे में हर मैच को मैदान की कंडीशन के अनुसार खेलना होगा. गौरतलब है कि इस वर्ल्ड कप में यूएई टीम में एशियाई मूल के कुल 12 खिलाड़ी शामिल हैं. इनमें सात भारतीय और पांच पाकिस्तानी क्रिकेटर शामिल हैं."
टीम की जरूरत के हिसाब से खेलना है: क्रिकेटर मयंक से पूछा गया कि टीम में वह किस क्रम पर खेलना पसंद करेंगे तो उन्होंने कहा कि "टीम को जिस आर्डर पर उनकी जरूरत होगी, वह उसी क्रम पर बल्लेबाजी करेंगे." उनसे टीम की मजबूत के बारे भी सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि "टीम बैटिंग-बॉलिंग और फील्डिंग, तीनों में मजबूत है. लेकिन टीम की अधिक मजबूती गेंदबाज हैं, क्योंकि टीम के गेंदबाज किसी भी टीम को कम स्कोर पर रोक सकते हैं."
फाइनल तक पहुंचाने और जीत का भरोसा: मयंक ने कहा कि "उन्हें पूरा भरोसा है कि उनकी टीम न केवल फाइनल तक का सफर तय करेगी, बल्कि फाइनल में पहुंचने पर जीत दर्ज कर टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी भी अपनी झोली में डालेगी." मयंक ने कहा कि "उन्हें पूरी उम्मीद है कि टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी." मयंक ने कहा कि "उन्हें टीम और खुद पर पूरा भरोसा है, क्योंकि टीम वर्ल्ड कप में केवल प्रतिभागी बनने ही नहीं, बल्कि जीत के लक्ष्य को लेकर पहुंची हैं. ऐसे में टीम वर्ल्ड कप ट्रॉफी की जीत के लिए पूरा दम लगाएगी."
कैप्टन कूल एमएस धोनी हैं फेवरेट: क्रिकेटर मयंक ने वर्ल्ड क्रिकेट में अपना पसंदीदा क्रिकेटर, पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी को बताया. मूल रूप से भारत के राज्य हरियाणा के जिला रोहतक के गांव घिलौड़ कलां निवासी मयंक ने बताया कि "उनकी मां हरियाणा में सरकारी नौकरी कर रही हैं, जिसके चलते परिवार को उनके साथ पंचकूला जाना पड़ा, जहां से उनमें क्रिकेट का जुनून जागा और क्रिकेट अकादमी जाना शुरू किया."
मां पिता का एक ही नाम: वर्ल्ड क्रिकेट को अपने खेल का लोहा मनवाने को उत्सुक क्रिकेटर मयंक कुमार ने कहा कि "उनके क्रिकेट सफर में सबसे अधिक योगदान उनके मां-पिता दोनों का है और दोनों का नाम राजेश है." मयंक ने कहा कि "विशेष तौर पर मां के सपोर्ट के बिना उनके लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर पहुंचना तो दूर क्रिकेट खेल भी नहीं पाते." मयंक ने परिजनों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वह आज जो भी हैं, उनकी वजह से हैं और सबकुछ उनके लिए ही है."
क्रिकेट खेलने तक यूएई में रहेंगे: मयंक कुमार चौधरी ने अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछे सवाल के जवाब में कहा कि "जब तक वह क्रिकेट खेलते रहेंगे, यूएई में ही रहेंगे. हालांकि, उसके बाद के फैसले के बारे में फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता. लेकिन मौजूदा समय में उन्होंने इस टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी खुद की परफॉर्मेंस और टीम की जीत पर फोकस किया हुआ है."

