ETV Bharat / sports

फैन का बनाया स्केच अपने साथ ले गए एमएस धोनी, फिर मांगने पर किया वापस, जानें पूरी कहानी

हजारीबाग के स्केच आर्टिस्ट कोमन राज धोनी के फैन हैं. उन्होंने धोनी के स्केच पर धोनी का ऑटोग्राफ लिया. जिसके पीछे की उन्होंने कहानी बताई. गौरव प्रकाश की रिपोर्ट.

MS Dhoni sketch
स्केच आर्टिस्ट कोमन राज (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 14, 2026 at 7:20 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

हजारीबाग: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को झारखंड के हजारीबाग के एक कलाकार का बनाया स्केच इतना पसंद आया कि वे उस स्केच को अपने साथ ले गए. लेकिन जब कलाकार ने जिद की और ऑटोग्राफ के साथ उसे वापस मांगा तो उन्होंने उसे वापस भी कर दिया. वह स्केच इसलिए भी खास है, क्योंकि जिस तरह से महेंद्र सिंह धोनी ने 2011 वर्ल्ड कप के दौरान विनिंग छक्का मारा था, उसी पोज और एक्सप्रेशन को स्केच में हूबहू दिखाया गया है.

हजारीबाग के एक युवा स्केच आर्टिस्ट कोमन राज का सपना था कि वह एक दिन धोनी से मिले, उनका ऑटोग्राफ ले और उनके साथ सेल्फी ले. रांची के JSCA क्रिकेट स्टेडियम में उनकी 12 साल पुरानी इच्छा आखिरकार पूरी हुई.

जानकारी देते संवाददाता गौरव प्रकाश (Etv Bharat)

झारखंड टी-20 लीग में हुई धोनी से मुलाकात

दरअसल, 11 जून को झारखंड टी-20 लीग के मैच के दौरान कोमन राज महेंद्र सिंह धोनी की आकर्षक स्केच पेंटिंग लेकर स्टेडियम पहुंचे थे. इस स्केच को उन्होंने काफी मेहनत से बनाया था. स्टेडियम पहुंचने के बाद उन्होंने काफी कोशिश की कि उनकी धोनी से मुलाकात हो और वह इस स्केच पर धोनी का ऑटोग्राफ ले. काफी इंतजार और प्रयास के बाद धोनी से उनकी मुलाकात हो गई. इस दौरान उन्होंने धोनी को वह स्केच भेंट किया. उन्हें न सिर्फ धोनी से मुलाकात करने का मौका मिला, बल्कि उनके साथ सेल्फी लेने और स्केच पर ऑटोग्राफ प्राप्त करने का भी मौका मिला.

चार घंटे में बनाया स्केच

कोमन राज ने बताया कि वह वर्षों से इस पल का इंतजार कर रहे थे. अपना सपना सच होने पर वह बहुत खुश हैं और उन्होंने धोनी के सरल एवं प्रेरणादायक व्यक्तित्व की जमकर सराहना की. कोमन बताते हैं कि उसमें यह स्केच झारखंड प्रीमियर लीग के उद्घाटन के समय 4 घंटे की मेहनत से बनाया है. यह स्केच इसलिए खास है क्योंकि इसमें 2011 वर्ल्ड कप के दौरान धोनी के चेहरे का एक्सप्रेशन दिखाया गया है, जब उन्होंने विनिंग सिक्स मारा था, जिससे टीम को जीत मिली थी.

MS Dhoni sketch
एमएस धोनी का स्केच (Etv Bharat)

स्केच लेकर चले गए धोनी

उन्होंने यह भी बताया कि धोनी को स्केच बहुत पसंद आया. उन्होंने उन्हें बॉक्स में बुलाया और स्केच ले लिया. हालांकि, कोमन ऑटोग्राफ के साथ स्केच वापस चाहते थे. कोमन का कहना है कि धोनी उनसे बोल रहे थे कि वह स्केच वापस नहीं करेंगे. फिर वह स्केच अपने साथ लेकर चले भी गए. कोमन धोनी की कार के पीछे भी भागे, लेकिन धोनी तब तक जा चुके थे. कोमन बहुत परेशान हो गए.

फिर बुलाकर किया स्केच वापस

कोमन फिर बताते हैं कि कैसे, शाम करीब 6:00 बजे, जब माही फिर से स्टेडियम पहुंचे, तो उन्होंने उन्हें बुलाया और स्केच वापस कर दिया. कोमन कहते हैं कि धोनी की पत्नी साक्षी ने शायद उन्हें ऐसा करने के लिए कहा होगा. धोनी ने बॉक्स रूम से इशारा किया और उन्होंने ऑटोग्राफ के साथ स्केच वापस कर दिया.

कोमन माही के साथ एक सेल्फी भी लेना चाहते थे, सुरक्षा व्यवस्था के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था. फिर भी, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बड़ी मुश्किल से सेल्फी भी ले ली. कोमन कहते हैं कि उनकी वर्षों की ख्वाहिश पूरी हो गई. उन्हें रात में नींद में भी माही ही नजर आते हैं.

कोमन राज बचपन से ही पेंटिंग करते आ रहे हैं. यह उनका पैशन है. उनके पिता का नाम स्वर्गीय अशोक रविदास है. उनके दो भाई और एक बहन हैं. वह अभी एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं और उन्होंने B.Ed. की पढ़ाई पूरी की है.

यह भी पढ़ें:

क्रिकेट का रोमांच, संगीत का तड़का: धोनी और कनिका कपूर ने बनाई उद्घाटन समारोह की शाम यादगार

JPL के आगाज पर JSCA स्टेडियम में उमड़ा क्रिकेट प्रेमियों का सैलाब, धोनी की एक झलक पाने को बेताब दिखे फैंस

MS Dhoni बने बिहार-झारखंड के नंबर वन टैक्स पेयर, आयकर विभाग ने बीते वित्तीय वर्ष में की 20 हजार करोड़ की राजस्व प्राप्ति