राष्ट्रीय खेल दिवस: झारखंड में 28 अगस्त से शुरू होगा खेल और फिटनेस का आयोजन, थीम होगी 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत'
राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड में 28 से 30 अगस्त तक खेल और फिटनेस का आयोजन किया जाएगा. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Published : August 23, 2026 at 5:39 PM IST
रांची: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड में 28 से 30 अगस्त तक विभिन्न खेल और फिटनेस गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया जाएगा. युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर हॉकी झारखंड ने अपनी सभी मान्यता प्राप्त जिला इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस की थीम "खेलेगा भारत, जीतेगा भारत" रखी गई है. हॉकी इंडिया से प्राप्त निर्देश के आलोक में हॉकी झारखंड ने जिला इकाइयों से अपने-अपने जिला मुख्यालय, हॉकी प्रशिक्षण केंद्रों, खेल मैदानों और विभिन्न हॉकी एवं खेल क्लबों में कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया है. आयोजन में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों के साथ स्थानीय समुदाय की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है.
28 अगस्त को डिजिटल श्रद्धांजलि दिवस
कार्यक्रम की शुरुआत 28 अगस्त को डिजिटल श्रद्धांजलि दिवस के रूप में होगी. इस दिन 29 चैलेंज के तहत सरल फिटनेस और खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. खिलाड़ियों और बच्चों के साथ पास द बॉल हॉकी गतिविधि भी कराई जाएगी. महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी स्मृति में फोटो और संदेश सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे.
इसके अलावा “स्पोर्ट्स बंधन” अभियान के तहत भी संबंधित पोस्ट और फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे. जिला इकाइयों को इस दिन अधिक से अधिक खिलाड़ियों और बच्चों को जोड़ने का निर्देश दिया गया है.

29 अगस्त को मैदान में उतरेगा झारखंड
राष्ट्रीय खेल दिवस के मुख्य दिन 29 अगस्त को एक घंटा खेल के मैदान में अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों को कम से कम एक घंटे की खेल गतिविधि से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. जिला स्तर पर छोटे हॉकी मैच, हॉकी ड्रिल, कौशल प्रशिक्षण और फिटनेस सत्र आयोजित किए जाएंगे. साथ ही बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा. आयोजन के दौरान सामूहिक फोटो और वीडियो तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित करने को कहा गया है.
30 अगस्त को संडे ऑन साइकिल
राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के तीसरे दिन 30 अगस्त को संडे ऑन साइकिल के तहत विशेष आयोजन किया जाएगा. जिला इकाइयों की ओर से साइकिलिंग अथवा रन एंड राइड कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसमें खिलाड़ियों, युवाओं के साथ आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. इस आयोजन के माध्यम से फिटनेस, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा. कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे.
जनभागीदारी पर रहेगा जोर
हॉकी झारखंड ने सभी जिला इकाइयों को उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने को कहा है. आयोजन जिला मुख्यालय, हॉकी मैदान, प्रशिक्षण केंद्र और खेल क्लबों में किए जा सकेंगे. कार्यक्रमों को अधिक से अधिक जनभागीदारी वाला बनाने तथा बच्चों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और स्थानीय समुदाय को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है. सभी गतिविधियां सुरक्षित वातावरण में आयोजित करने और कार्यक्रमों की गुणवत्तापूर्ण फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.
गतिविधियों को संबंधित जिला इकाइयों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और आधिकारिक या संबंधित व्हाट्सऐप ग्रुपों में साझा किया जाएगा. हॉकी झारखंड ने जिला इकाइयों को हॉकी झारखंड और हॉकी इंडिया के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल तथा संबंधित हैशटैग का इस्तेमाल करने को कहा है. साथ ही उपलब्ध आधिकारिक National Sports Day Toolkit में दिए गए पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया क्रिएटिव का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है.
आयोजन के बाद देनी होगी रिपोर्ट
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रत्येक जिला इकाई को आयोजन का संक्षिप्त विवरण, प्रतिभागियों की संख्या, फोटो और वीडियो हॉकी झारखंड को उपलब्ध कराने होंगे. इनका इस्तेमाल राज्य स्तर पर कार्यक्रम की रिपोर्टिंग और प्रचार-प्रसार के लिए किया जाएगा. हॉकी झारखंड ने सभी मान्यता प्राप्त जिला इकाइयों से राष्ट्रीय खेल दिवस को गंभीरता और उत्साह के साथ आयोजित करने की अपील की है.
संगठन का उद्देश्य खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है. हॉकी झारखंड ने कहा है कि सामूहिक प्रयासों से झारखंड को खेल और फिटनेस के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में योगदान दिया जा सकता है. इस वर्ष का संदेश खेलेगा भारत, जीतेगा भारत है.
ये भी पढ़ें: राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर हजारीबाग में खिलाड़ियों का महाकुंभ, 7 जिलों से 1288 खिलाड़ी करेंगे पार्टिसिपेट
राष्ट्रीय स्कूली खेलों के लिए झारखंड टीम का चयन, 1500 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

