ETV Bharat / sports

राष्ट्रीय खेल दिवस: स्कूलों में गूंजा 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' का संदेश, कराटे समेत कई खेलों में दिखा उत्साह

रांची में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज से तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत हुई. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

sports-and-fitness-activities-in-schools-on-national-sports-day-ranchi
छात्राओं को पिटी करवाते खेल प्रशिक्षक (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 27, 2026 at 1:34 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को झारखंड के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया. 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' थीम पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 27 अगस्त से हुई. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने, फिटनेस के प्रति जागरूक करने और स्कूलों में स्वस्थ जीवनशैली एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है.

स्कूलों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

राज्य के स्कूलों में बच्चों ने विभिन्न फिटनेस गतिविधियों और खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया. कार्यक्रम के पहले दिन 'ऊर्जावान 29 चैलेंज' के तहत विद्यार्थियों ने पुशअप, स्किपिंग और प्लैंक जैसी गतिविधियों में भाग लिया. इसके अलावा योग, मास पिटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी, तीरंदाजी, 'पास द बॉल' और 'स्पोर्ट्स बंधन' जैसी गतिविधियां भी कराई गईं. कई विद्यालयों में पारंपरिक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को सक्रिय रहने का संदेश दिया गया. खेल एवं स्वास्थ्य विषय पर स्लोगन, नारे और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं.

स्कूलों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन (ETV BHARAT)

रांची के बरियातू स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस समेत शहर के अन्य विद्यालयों में भी खेल गतिविधियों का आयोजन हुआ. स्कूलों में कराटे का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. विद्यार्थियों ने मार्शल आर्ट के विभिन्न प्रदर्शन देखे और खेलों के प्रति रुचि दिखाई. इसके साथ ही पॉइंट गेम्स सहित कई तरह की मनोरंजक एवं फिटनेस आधारित गतिविधियां कराई गईं. शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ खेलों में भाग लेकर उन्हें प्रोत्साहित किया.

हर आयु वर्ग के लिए प्रतियोगिताएं

विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. कक्षा एक से पांच तक के बच्चों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम और लूडो जैसी प्रतियोगिताएं रखी गईं. कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों के लिए 100 और 200 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस का आयोजन किया गया.

https://imgs.etvbharat.com/etvbharat/prod-images/27-08-2026/jh-ran-01-sportsday-visual-byte-7212717_27082026121252_2708f_1787812972_1019.jpg
मास पीटी करती छात्राएं (ETV BHARAT)

वहीं, कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों ने 400 और 800 मीटर दौड़, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग विद्यार्थियों यानी सीडब्ल्यूएसएन बच्चों की समावेशी भागीदारी भी सुनिश्चित की गई. उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई, ताकि वे भी खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का हिस्सा बन सकें.

Sports and fitness activities in schools on National Sports Day Ranchi
मास पीटी करती छात्राएं (ETV BHARAT)

30 अगस्त को साइकिल रैली का आयोजन

29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी. इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को उनके जीवन, खेल उपलब्धियों तथा अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी जाएगी. खेल शपथ और हाउसवार मार्च-पास्ट भी होगा.

छात्र-शिक्षक मैत्री खेल के तहत रस्साकशी, क्रिकेट, फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां होंगी तथा विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे. वहीं, 30 अगस्त को 'Sundays on Cycle' के तहत साइकिल रैली या विशेष दौड़ के माध्यम से फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: राष्ट्रीय खेल दिवस पर रांची समेत देशभर में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद: 8 लाख युवाओं से जुड़ेंगे प्रधानमंत्री

राष्ट्रीय खेल दिवस: झारखंड में 28 अगस्त से शुरू होगा खेल और फिटनेस का आयोजन, थीम होगी 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत'

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर हजारीबाग में खिलाड़ियों का महाकुंभ, 7 जिलों से 1288 खिलाड़ी करेंगे पार्टिसिपेट