क्रिकेटर शिखर धवन ने दिया "बिग सरप्राइज़", दुल्हनिया सोफी शाइन के साथ पहुंचे गुरुग्राम, शादी कराई रजिस्टर्ड
हरियाणा में क्रिकेटर शिखर धवन ने गुरुग्राम पहुंचकर अपनी पत्नी सोफी शाइन के साथ शादी को रजिस्टर्ड कराया है.

Published : May 6, 2026 at 10:50 PM IST
|Updated : May 6, 2026 at 10:58 PM IST
गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम से एक अहम खबर सामने आई है, जहां भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने अपनी शादी को आधिकारिक रूप से रजिस्टर्ड करा लिया है. उन्होंने अपनी पत्नी सोफी शाइन(Sophie Shine) के साथ मिलकर शादी से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए.
शादी का कराया रजिस्ट्रेशन : ये पूरी प्रक्रिया गुरुग्राम के विकास सदन में संपन्न हुई, जहां दोनों निर्धारित समय पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं. रजिस्ट्रार ऑफिस में शिखर डार्क ब्लू टीशर्ट और सोफी शाइन लाइट स्काई ब्लू कलर का टॉप पहने नजर आईं. इस दौरान परिवार के करीबी सदस्य भी मौके पर मौजूद रहे और इस खास पल के गवाह बने. माहौल पूरी तरह से निजी और सादगीपूर्ण रहा, जहां बिना किसी शोर-शराबे के शादी का रजिस्ट्रेशन कराया गया.
21 फरवरी को शादी हुई थी : आपको बता दें कि 12 जनवरी को शिखर धवन ने अपनी आयरिश मूल की गर्लफ्रेंड सोफी के साथ सगाई की थी. दोनों ने दिल्ली NCR में 21 फरवरी को एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी कर ली थी, जिसमें केवल चुनिंदा लोगों को ही आमंत्रित किया गया था. अब गुरुग्राम में शादी का रजिस्ट्रेशन करवाकर इस रिश्ते को कानूनी मान्यता भी मिल गई है. इस मौके पर दोनों काफी खुश नजर आए और परिवार के साथ इस खास पल को साझा किया. क्रिकेट जगत के इस चर्चित खिलाड़ी के जीवन में ये एक नया अध्याय माना जा रहा है, जहां उन्होंने अपने निजी जीवन को एक नया मुकाम दिया है.
धवन ने गुरुग्राम में खरीदा था अपार्टमेंट : शिखर धवन ने गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर DLF के अल्ट्रा-लक्जरी प्रोजेक्ट द डाहलियास में एक आलीशान अपार्टमेंट खरीदा था जिसकी कीमत करीब 69 करोड़ थी.
कौन हैं सोफी शाइन ? : क्रिकेटर शिखर धवन की वाइफ सोफी शाइन आयरलैंड की रहने वाली हैं. सोफी ने आयरलैंड के लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है. UAE में जॉब के दौरान वे शिखर धवन से मिली थी. वे अमेरिका की फाइनेंशियल सर्विस कंपनी नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉरपोरेशन में सेकेंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत रही हैं.
शिखर धवन की पहले भी हो चुकी शादी : शिखर धवन पहले भी शादी कर चुके हैं. धवन ने आयशा मुखर्जी से साल 2011 में शादी की थी. हालांकि 2023 में दोनों का आधिकारिक तलाक हो गया.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : दिल्ली कोर्ट ने शिखर धवन की पूर्व पत्नी आयशा मुखर्जी के केस में सुनाया बड़ा फैसला, देने होंगे करोड़ों रुपये
ये भी पढ़ें : PHOTOS: शादी के बाद सामने आई शिखर धवन-सोफी के रिसेप्शन की तस्वीरें, अप्सरा से कम नहीं लग रही 'गब्बर' की दुल्हनिया

