रोमांच से भरपूर दूसरे सीजन के लिए तैयार महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग, आज से मुकाबला शुरू
रांची में आज से हॉकी इंडिया लीग शुरू होने वाली है. जहां पहला मुकाबला रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच होगा.

Published : December 28, 2025 at 11:21 AM IST
रांची: महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का दूसरा सीजन एक बार फिर महिला हॉकी के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है. यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 28 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक रांची में खेला जाएगा. पहले सीजन की शानदार सफलता जहां दर्शकों की भारी मौजूदगी और उच्चस्तरीय मुकाबले देखने को मिले के बाद, इस बार भी देश की शीर्ष हॉकी प्रतिभाओं के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सितारे एक संक्षिप्त लेकिन बेहद तीव्र प्रतिस्पर्धी प्रारूप में नजर आएंगे.
चार फ्रेंचाइजियों के बीच होगा मुकाबला
महिला लीग के सभी मुकाबले रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे. इस सीजन में चार फ्रेंचाइजियां रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और श्राची बंगाल टाइगर्स खिताब के लिए आमने-सामने होंगी. टूर्नामेंट का प्रारूप डबल राउंड-रॉबिन रहेगा, जिसमें हर टीम लीग चरण में एक-दूसरे से दो बार भिड़ेगी. इसके बाद शीर्ष दो टीमें 10 जनवरी 2026 को होने वाले ग्रैंड फाइनल में प्रवेश करेंगी.
पिछले सीजन में ओडिशा वॉरियर्स ने उद्घाटन महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का खिताब अपने नाम किया था. जबकि जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब उपविजेता रहा था. इस बार भी जबरदस्त मुकाबलों की उम्मीद है. खासकर जेएसडब्ल्यू सूरमा के लिए, जो पिछले सीजन में लीग चरण में शीर्ष पर रहने के बावजूद फाइनल में मामूली अंतर से चूक गया था. दर्शकों को भारत की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ-साथ नीदरलैंड्स, अर्जेंटीना, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, स्पेन और ग्रेट ब्रिटेन जैसे हॉकी पावरहाउस देशों की दिग्गज खिलाड़ियों को एक्शन में देखने का मौका मिलेगा.
रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच पहला मुकाबला
मेजबान रांची रॉयल्स घरेलू दर्शकों के समर्थन का पूरा फायदा उठाते हुए खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी. वहीं श्राची बंगाल टाइगर्स और एसजी पाइपर्स भी पिछली बार क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहने के बाद इस बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाने की कोशिश करेंगी. टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 28 दिसंबर 2025 को फ्लडलाइट्स में खेला जाएगा. जहां मेजबान रांची रॉयल्स का सामना एसजी पाइपर्स से होगा.
यह मुकाबला झारखंड के जोशीले हॉकी प्रेमियों के सामने 13 दिनों तक चलने वाली शीर्षस्तरीय महिला हॉकी की शानदार शुरुआत करेगा. कुल 13 मुकाबलों में तेज रफ्तार, आक्रामक खेल और युवा भारतीय खिलाड़ियों के लिए दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने का सुनहरा अवसर मिलेगा. महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का दूसरा सीजन भारत को विश्वस्तरीय हॉकी के वैश्विक केंद्र के रूप में और मजबूत करने के साथ-साथ अगली पीढ़ी की लड़कियों को हॉकी अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में अहम कदम साबित होने की उम्मीद है.
घरेलू मैदान पर मैच होना गर्व की बात है:- निक्की प्रधान
रांची रॉयल्स की कप्तान निक्की प्रधान ने टूर्नामेंट से पहले कहा कि हमें गर्व है कि हम रांची में अपने घरेलू मैदान पर नए सीजन की शुरुआत कर रहे हैं. जहां हॉकी के प्रति जुनून बेमिसाल है. हमारी टीम पहले ही मैच से निडर और आक्रामक हॉकी खेलने के लिए उत्साहित है. कप्तान के रूप में मेरा फोकस एकजुट और भरोसेमंद टीम बनाने पर है. जहां हर खिलाड़ी खुद को खुलकर व्यक्त कर सके. अगर हम अपनी संरचना पर टिके रहे और बड़े पलों का आनंद लिया, तो नतीजे खुद हमारे पक्ष में आएंगे.
वहीं, एसजी पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर ने कहा कि इस सीजन टीम के भीतर वापसी की मजबूत मानसिकता है और यह शुरुआत से ही दिख रही है. हमारी टीम में अंतरराष्ट्रीय अनुभव और भारतीय खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है, जो हर पोजीशन पर गहराई देता है। कोच सोफी गिएर्ट्स के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग सत्र बेहद अनुशासित और उद्देश्यपूर्ण रहे हैं. रक्षात्मक संगठन और सामूहिक जिम्मेदारी पर खास ध्यान दिया गया है, जिससे टीम एकजुट और प्रतिस्पर्धी बनी है.
टाइगर्स हर मुकाबले में जबरदस्त है: कप्तान, श्राची बंगाल टाइगर्स
जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब की कप्तान सविता ने कहा कि पिछले सीजन खिताब के बेहद करीब पहुंचना हमारे संकल्प को और मजबूत कर गया है. हमारे लिए इस लीग में अभी भी अधूरा काम बाकी है और हम पिछले साल की पीड़ा को इस साल की प्रेरणा बनाना चाहते हैं. हम अपने खेल से दर्शकों को प्रेरित करना चाहते हैं और इस बार काम पूरा करके दिखाना चाहते हैं.
टीम की सह-कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि हमारे लिए हर मिनट इरादे के साथ खेलना अहम है. टीम में हर विभाग में गुणवत्ता है. अगर हम अनुशासित रहे, मिडफील्ड पर नियंत्रण बनाए रखा और अहम मौकों पर खुद पर भरोसा रखा, तो हमें पूरा विश्वास है कि हम इस सीजन खिताब जीत सकते हैं.
वहीं, श्राची बंगाल टाइगर्स की कप्तान वंदना कटारिया ने कहा कि यह एक खास टीम है, जिसमें मजबूत बंगाल पहचान और खुद को साबित करने की जबरदस्त भूख है. टाइगर्स हर मुकाबले में रफ्तार, कौशल और जज्बा दिखाएंगे. हम हर प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी से डरते नहीं. अगर हम गेंद के साथ साहस दिखाएं, एकजुट होकर बचाव करें और निर्णायक क्षणों में संयम बनाए रखें, तो श्राची बंगाल टाइगर्स खिताब की प्रबल दावेदार बन सकती है.
ये भी पढ़ें: HIL का रोमांच और 2030 वीमेंस हॉकी वर्ल्ड कप की उम्मीद: रांची बन रही हॉकी की अंतर्राष्ट्रीय राजधानी
हॉकी इंडिया लीग को लेकर रांची में उत्साह, मोरहाबादी स्टेडियम में शुरू हुए टीमों के प्रैक्टिस सेशन

