राजस्थान Vs दिल्ली : IPL में आज राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने, वैभव और स्टार्क में मुकाबला
आईपीएल 2026 में आज का मैच जबरदस्त फॉर्म में चल रही राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाना है.

Published : May 1, 2026 at 11:04 AM IST
जयपुर : आईपीएल के मौजूदा सीजन में आज राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जबरदस्त मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच जयपुर के सवाईमान सिंह स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां घरेलू दर्शकों के बीच रॉयल्स को समर्थन मिलने की पूरी उम्मीद है. इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के बीच होने वाली टक्कर होगी.
वैभव इस सीजन में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए चर्चा में हैं. उन्होंने पहले ही दिग्गज गेंदबाजों जैसे जसप्रीत बुमराह,पैट कमिंस ,सिराज ,ट्रेंट बोल्ट , जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे गेंदबाजों के खिलाफ पहली ही गेंद पर बाउंड्री व सिक्सर लगाकर अपनी काबिलियत साबित की है. ऐसे में इस मैच में भी उनकी नजर स्टार्क पर रहेगी.
इसे भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के बैट में AI चिप! 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज ने किया बड़ा खुलासा
दूसरी ओर मिचेल स्टार्क चोट के बाद वापसी कर रहे हैं. दिल्ली के गेंदबाज़ी कोच मुनाफ पटेल ने कहा है की स्टार्क पूरी तरह फिट है और राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ वह मुक़ाबला खेलेंगे.पटेल ने बताया कि स्टार्क की वापसी के बाद दिल्ली की गेंदबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है. उनकी रफ्तार और अनुभव वैभव जैसे आक्रामक बल्लेबाज के खिलाफ निर्णायक साबित हो सकता है.
हेड टू हेड : अगर दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें, तो आईपीएल में अब तक राजस्थान और दिल्ली के बीच कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से 15 मैच राजस्थान रॉयल्स ने जीते हैं, जबकि 15 में दिल्ली कैपिटल्स ने बाजी मारी है. यह आंकड़ा इस मुकाबले को और भी रोमांचक बना देता है, क्योंकि दोनों टीमें बराबरी पर हैं. जयपुर की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, लेकिन शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी स्विंग मिल सकती है. ऐसे में टॉस की भूमिका भी अहम रहने वाली है.कुल मिलाकर आज का यह मुकाबला युवा प्रतिभा और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच संघर्ष का बेहतरीन उदाहरण होगा. दोनों के बीच में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में कुल 7 मैच हुए हैं, जिसमें राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 5 मैचों में जीत हासिल की है. वहीं दिल्ली कैपिटल्स को सिर्फ 2 मैचों में जीत मिली है.
इसे भी पढ़ें: IPL 2026 : रियान पराग मामले पर कोच संगकारा का बयान- हम हमेशा एक सकारात्मक और स्वस्थ माहौल बनाए रखने की कोशिश करते हैं

