डूरंड कप 2026: रांची पहली बार मेजबान, भारतीय वायुसेना और श्रीलंका डिफेंस टीमों के साथ बिरसा मुंडा स्टेडियम में फुटबॉल का रोमांच
रांची डूरंड कप 2026 की मेजबानी करने जा रहा है. इसे लेकर तैयारी जोरों पर है.


Published : July 1, 2026 at 8:42 PM IST
रांची: डूरंड कप के 135वें संस्करण में इस बार झारखंड की राजधानी रांची को पहली बार मेजबानी का अवसर मिला है. यह राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है. लंबे समय से फुटबॉल प्रेमियों द्वारा जिस बड़े आयोजन का इंतजार किया जा रहा था, वह अब रांची में आयोजित होने जा रहा है.
टूर्नामेंट की शुरुआत 25 जुलाई 2026 से होगी, जबकि रांची में मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक खेले जाएंगे. सभी मैच राजधानी रांची स्थित प्रतिष्ठित बिरसा मुंडा स्टेडियम में होंगे. यहां लीग चरण के कई रोमांचक मुकाबलों के साथ एक क्वार्टर फाइनल मैच भी खेला जाएगा, जिससे दर्शकों को शीर्ष स्तरीय फुटबॉल का अनुभव मिलेगा.
रांची में होने वाले मुकाबलों में इंडियन सुपर लीग की मजबूत टीम जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली और भारतीय वायुसेना की दो टीमें एयर फोर्स फुटबॉल टीम और एयरमेन यूनिट मैदान में उतरेंगी. इसके अलावा श्रीलंका सशस्त्र बलों की टीम डिफेंडर्स एफसी पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग ले रही है, जिससे प्रतियोगिता का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप और मजबूत होगा.
कुल 24 टीमें इस संस्करण में हिस्सा ले रही हैं और मुकाबले देश के पांच शहरों कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में आयोजित किए जाएंगे. रांची को मेजबान शहर बनाए जाने को झारखंड में फुटबॉल के बढ़ते प्रभाव और खेल बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है, जिसका आयोजन भारतीय सेना द्वारा किया जाता है. यह प्रतियोगिता देश के युवा और उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए जानी जाती है. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 23 अगस्त 2026 को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा.
झारखंड के खेल निदेशक छवि रंजन ने कहा कि रांची में डूरंड कप की मेजबानी मिलना राज्य के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि यह आयोजन झारखंड में खेल संस्कृति को नई दिशा देगा और स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर प्रदर्शन का अवसर प्रदान करेगा. उनके अनुसार, इस तरह के आयोजन से युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि और भागीदारी दोनों बढ़ेगी.
रांची में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और शहर एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार है.
यह भी पढ़ें:
रांची में पहली बार होगा डूरंड कप, विश्वस्तरीय आयोजन के लिए सज रहा बिरसा स्टेडियम
डूरंड कप 2026: पहली बार रांची बनेगा भारतीय फुटबॉल का बड़ा मंच!

