ETV Bharat / sports

'मुझे देश का गलत नक्शा देखना अच्छा नहीं लगा...' लवलीना ने PM मोदी से क्यों कही ऐसी बात?

PM मोदी ने ग्लासगो के रेस्टोरेंट में भारत के गलत नक्शे पर आपत्ति जताने के लिए लवलीना बोरगोहेन की तारीफ की.

PM मोदी की कॉमनवेल्थ चैंपियन खिलाड़ियों से मुलाकात
PM मोदी की कॉमनवेल्थ चैंपियन खिलाड़ियों से मुलाकात (IANS)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : August 10, 2026 at 1:23 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पदक विजेताओं के साथ मुलाकात की. इस दौरान पीएम ने ग्लासगो में एक रेस्टोरेंट में भारत का गलत नक्शा देखने के बाद आपत्ति जताने वाली बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन की प्रशंसा की, और कहा कि उनके इस कदम को लंबे समय तक याद रखा जाएगा.

मोदी के कार्यालय ने सोमवार को खिलाड़ियों से मुलाकात का एक वीडियो भी जारी किया. जिसमें प्रधानमंत्री ने लवलीना से इस बारे में पूछा, 'क्या हुआ, तुम उस रेस्टोरेंट वाले से झगड़ा कर रही थीं?'

75 किग्रा इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाली लवलीना हंसी और कहा कि उन्होंने यह बात इसलिए उठाई क्योंकि उन्हें गलत नक्शा देखकर अच्छा नहीं लगा, भले ही टीम कॉमनवेल्थ गेम्स में अपनी सफलता का जश्न मना रही थी. लवलीना ने जवाब दिया, 'सर, वह खुशी का मौका था, हम जश्न मना रहे थे और मुझे गलत नक्शा देखना अच्छा नहीं लगा. मैंने उनसे विनम्रता से कहा और उन्होंने बदलाव भी कर दिए.

लवलीना की बात सुनकर मोदी ने बॉक्सर की तारीफ की और कहा कि जश्न के माहौल में भी उन्होंने उस समस्या पर ध्यान दिया. उन्होंने कहा कि उनके इस काम का महत्व उस पल से कहीं ज्यादा था.

PM ने कहा, 'खेलों के समापन और जश्न के माहौल में उस नक्शे के महत्व को पहचान पाना... मैं सच कह सकता हूं कि वह वीडियो आम नहीं था. लोग इसे बहुत लंबे समय तक याद रखेंगे.'

क्या है पूरा मामला?
दरअसल यह घटना ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान हुई. जिसमें भारतीय बॉक्सिंग टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया. टीम ने कुल 10 मेडल जीते, जिसमें सात गोल्ड और तीन सिल्वर मेडल शामिल थे.

PM मोदी ने बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन की तारीफ की
PM मोदी ने बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन की तारीफ की (PTI)

जिस होटल में भारतीय बॉक्सिंग टीम के सदस्य जीत का जश्न मना रहे है थे. उस होटल में लवलीना ने देखा कि रेस्टोरेंट के मेन्यू में भारत के नक्शे से नॉर्थ-ईस्ट का हिस्सा गायब था. इसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के सामने यह मुद्दा उठाया.

लवलीना ने रेस्टोरेंट के स्टाफ से कहा, 'कृपया इसे गलत न समझें, मुझे इससे थोड़ा बुरा लगा, भारत के नक्शे में हमारा नॉर्थ-ईस्ट गायब है और बाहर जो नक्शा लगा है, उसमें भी नॉर्थ-ईस्ट को हटा दिया गया है. नॉर्थ-ईस्ट से होने के नाते, हमें सच में बुरा लगता है. मैं बस यही कहना चाहती थी. अगली बार कृपया इसका ध्यान रखें. बहुत-बहुत धन्यवाद,'

लवलीना के इस मामले की ओर ध्यान दिलाने के बाद, रेस्टोरेंट ने नक्शा बदल दिया.

ये भी पढ़ें

PM मोदी की कॉमनवेल्थ गेम्स के मेडलिस्ट से मुलाकात, देखें वीडियो