ETV Bharat / sports

महाशिवरात्रि पर भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, पटना में पूजा-पाठ और हवन के साथ टीम इंडिया की जीत की कामना

महाशिवरात्रि पर भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप महामुकाबला आज कोलंबो में शाम 7 बजे. पटना में बाल ब्राह्मणों ने इंडिया की जीत के लिए हवन किया.

IND VS PAK IN COLOMBO
भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप महामुकाबला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 15, 2026 at 12:48 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: टी20 वर्ल्ड कप में आज सुपर संडे पर क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा. शाम 7:00 बजे से भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाना है. यह मैच श्रीलंका में आयोजित हो रहा है, लेकिन इसका असर देशभर में दिख रहा है. खास बात यह है कि आज महाशिवरात्रि भी है, जिससे क्रिकेट और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है. क्रिकेट प्रेमी भगवान भोलेनाथ से टीम इंडिया की जीत की कामना कर रहे हैं और माहौल पूरी तरह उत्साह से भरा हुआ है.

पटना में पूजा और हवन का आयोजन: भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर पटना में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए. यहां वेद विद्यालय में बाल बटुकों ने पूरे मंत्रोच्चारण के साथ भारतीय टीम की जीत के लिए हवन और पूजा की. पोस्टरों में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को भगवान शिव के रूप में दर्शाया गया, जबकि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को पराजित भाव में दिखाया गया. पूजा स्थल पर मौजूद लोगों ने आरती उतारकर और चंदन-टीका लगाकर टीम इंडिया के लिए आशीर्वाद मांगा.

भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप महामुकाबला (ETV Bharat)

भाजपा नेता की अगुवाई में अनुष्ठान: भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले को लेकर बिहार भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू की अगुवाई में वेद विद्यालय परिसर में पूजा-पाठ किया गया. पटना के पशुपति वेद विद्यालय में 31 बाल ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों के साथ भव्य पूजा-अर्चना की. इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों को शिव का अवतार मानते हुए आरती उतारी गई और उनकी जीत की कामना की गई. आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और पूरे विधि-विधान से अनुष्ठान किया गया.

भारतीय प्रशंसकों का जोश हाई: इस मौके पर कृष्ण सिंह कल्लू ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी भारतीय टीम पाकिस्तान को करारी शिकस्त देगी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी टीम भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन से डर गई है. उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाजी के सामने पाकिस्तान के गेंदबाज टिक नहीं पाएंगे और भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज घुटने टेक देंगे.

"चाहे जंग का मैदान हो या खेल का मैदान, भारतीय टीम हमेशा अव्वल रहती है. टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम पाकिस्तान पर 7-1 की बढ़त बनाए हुए हैं और यह बढ़त एक बार फिर बढ़ेगी. बिहार के लाल ईशान किशन और अभिषेक शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद है."-कृष्ण सिंह कल्लू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, बिहार

IND VS PAK IN COLOMBO
पटना में पूजा-पाठ और हवन (ETV Bharat)

भारतीय टीम है ज्यादा मजबूत: कृष्ण सिंह कल्लू ने कहा कि आज बिहार के लाल ईशान किशन पाकिस्तानी गेंदबाजों के छक्के छुड़ा देंगे और भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी पाकिस्तान को धूल चटाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे. टी20 की विश्व विजेता टीम भारतीय टीम है और जो मैच का हाईप बना हुआ है की महा मुकाबला है, तो यह इसलिए है क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच का रिश्ता सौहार्दपूर्ण नहीं है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में दोनों टीम के स्क्वाड को देखें तो भारतीय टीम के खिलाड़ियों के वर्तमान परफॉर्मेंस और उनका जो रिकॉर्ड है, उसके आगे पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ी कहीं टिकते नहीं दिखाई देते हैं.

प्रशंसकों का टीम के जीत का भरोसा: क्रिकेट प्रेमी सुजीत कुमार ने कहा कि पूजा-पाठ के बाद शाम को वह पूरे परिवार के साथ टीवी पर मैच देखेंगे. उन्हें पूरा भरोसा है कि भारतीय टीम आज का मुकाबला जीतेगी. उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर पाकिस्तान को हराते हुए और भारतीय टीम को जीत का दबदबा कायम रखते हुए देखना चाहते हैं और इसीलिए वह मैच देखेंगे.

"अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय युवा क्रिकेटरों ने जिस प्रकार पाकिस्तान को धूल चटाई उसके डर से पाकिस्तान टीम भारतीय टीम से खेलने से डर गई थी. लेकिन आर्थिक नुकसान के डर से किसी प्रकार सहम कर भारतीय टीम से खेलने के लिए पाकिस्तान ने हिम्मत जुटाई है. आज मैच में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के बल्लेबाजी के आगे पाकिस्तान पस्त हो जाएगी."-सुजीत कुमार, क्रिकेट प्रेमी

बाल बटुकों को 'हार्दिक' पर भरोसा: पूजा में शामिल बाल बटुक अंश पांडे ने बताया कि उन्होंने भगवान भोलेनाथ से भारतीय टीम की जीत की मनोकामना मांगी है. उन्होंने कहा कि दिन में पूजा के बाद शाम को पूरा मैच देखा जाएगा. अंश को हार्दिक पांड्या से खास उम्मीदें हैं.

"हार्दिक का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा रहा है और वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में मैच जिताने की क्षमता रखते हैं. बच्चों में भी मैच को लेकर खासा उत्साह देखा गया और वे जीत के बाद जश्न मनाने की तैयारी में हैं."-अंश पांडे, बाल बटुक

भारत-पाक के हाई वोल्टेज बीच: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला हमेशा से हाई वोल्टेज रहता है. दोनों देशों के रिश्तों के कारण इस मैच को खास नजरों से देखा जाता है. हालांकि, खेल के लिहाज से देखें तो मौजूदा प्रदर्शन और आंकड़ों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी है. यही वजह है कि प्रशंसकों का उत्साह दोगुना है. महाशिवरात्रि के दिन इस मुकाबले ने धार्मिक आस्था और खेल भावना को एक साथ जोड़ दिया है. पटना से लेकर देश के अन्य हिस्सों तक लोग पूजा-पाठ और प्रार्थना के साथ टीम इंडिया की जीत की कामना कर रहे हैं और शाम होते ही टीवी स्क्रीन पर नजरें टिकाने को तैयार हैं.

ये भी पढ़ें-

IND vs PAK मैच पर संकट के बादल, अगर मैच नहीं हुआ तो क्या होगा?

IND vs PAK: हैंडशेक पर पाकिस्तान के कप्तान का बड़ा बयान, भारत को करना है फैसला

IND vs PAK: भारत के खिलाफ मैच खेलने के बारे में पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने क्या कहा?