BCCI की 30 संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट से सूर्य-गिल बाहर, वैभव सूर्यवंशी स्क्वाड में शामिल
एशियाई खेल के लिए BCCI ने 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची भारतीय ओलंपिक संघ को सौंप दी है.

Published : May 30, 2026 at 5:20 PM IST
हैदराबाद: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने एशियाई खेलों के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को 30 पुरुष संभावित खिलाड़ियों की सूची सौंपी है. इस लिस्ट में 15 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम भी शामिल है.
लेकिन हैरत की बात ये है कि लिस्ट में भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और टेस्ट व वनडे कप्तान शुभमन गिल का नाम शामिल नहीं है. बता दें कि हर चार साल पर होने वाले एशियाई खेल इस साल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में खेला जाएगा.
दो टी20 टीम बनाने का पलान
BCCI पहले से ही दो अलग-अलग टी20 टीम बनाने का पलान कर रहा था, क्योंकि वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू सीरीज का कुछ हिस्सा एशियाई खेलों के कार्यक्रम के साथ टकरा रहा रहा है. एशियाई खेलों में पुरुषों की क्रिकेट स्पर्धा 24 सितंबर से तीन अक्टूबर के बीच. जबकि भारत और वेस्टइंडीज की सीरीज 27 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा. जिसमें तीन वनडे और पांच टी20 मैच शामिल हैं. इस सीरीज में गिल वनडे में टीम की कप्तानी करेंगे इसलिए उन्हें एशियाई खेलों के लिए नहीं चुना गया है.
पीटीआई की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2028 ओलंपिक खेलों और अगले टी20 विश्व कप को देखते हुए सूर्यकुमार अब बोर्ड की बड़ी योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं. इसलिए एशियाई खेलों की संभावित सूची में उनका नाम नहीं होना कोई हैरानी की बात नहीं है.
एशियाई खेलों में टीम इंडिया का कौन होगा कप्तान?
सूर्य के संभावित 30 खिलाड़ियों के सूची में न होने से टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान पर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि एशियाई खेलों की इस सूची में कप्तानी के दावेदारों में श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा सबसे आगे हैं.
बुमराह टीम में शामिल
गेंदबाजों की सूची में जसप्रीत बुमराह का भी नाम सूची में शामिल है, हालांकि 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए इस समय बुमराह और बोर्ड की प्राथमिकता वनडे हो सकती है.
स्पिनरों में मुख्य स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे इस सूची में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं. लेकिन इन चारों में से केवल दो के ही चुने जाने की उम्मीद है. बाकी दो खिलाड़ी वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलेंगे.
IOA को मिली भारतीय टीम की सूची
यशस्वी जयसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बडोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, रुतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, विपराज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर.

