50 लाख का चेक और भविष्य के लिए शुभकामनाएं, CM नीतीश कुमार ने वैभव सूर्यवंशी को किया सम्मानित
युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को आज पटना सीएम आवास में सम्मानित किया गया. नीतीश कुमार ने 50 लाख का चेक सौंपा. पढ़ें पूरी खबर..

Published : February 22, 2026 at 5:25 PM IST
पटना: क्रिकेट की दुनिया में तेजी से उभरते बिहार के वैभव सूर्यवंशी को आज बिहार सरकार ने सम्मानित किया है. सीएम आवास में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनको सम्मानित किया. वैभव अपने पिता और परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचे थे. कार्यक्रम कुछ ही देर में समाप्त हो गया. हालांकि मीडिया से युवा क्रिकेटर ने कोई बातचीत नहीं की.
वैभव को 50 लाख का चेक: 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' में नीतीश कुमार ने वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी. इस दौरान उन्होंने युवा क्रिकेटर की प्रशंसा की. पिछले साल भी मुख्यमंत्री ने वैभव को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी थी. आज के समारोह में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत कई मंत्री और अधिकारी मौजूद थे.
विजय चौधरी ने की तारीफ: कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी चमकते सितारे हैं. अभी तो सम्मानित किया ही गया है, पहले भी बिहार सरकार इन्हें प्रोत्साहन देने के लिए सम्मानित करती रही है.
अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप 2026 में अभूतपूर्व प्रदर्शन कर बिहार समेत पूरे देश को गौरवान्वित करने वाले वैभव सूर्यवंशी को आज माननीय मुख्यमंत्री श्री @NitishKumar जी ने 1, अणे मार्ग स्थित “संकल्प” में सम्मानित किया।
— Janata Dal (United) (@Jduonline) February 22, 2026
मुख्यमंत्री जी ने उन्हें 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर उनका… pic.twitter.com/Gfo8G0QCWh
"हमारे लिए तो और भी गौरवान्वित होने का अवसर है, क्योंकि हमारे जिले से ही आते हैं. हम लोगों की शुभकामनाएं है. देश के लिए लंबे समय तक क्रिकेट में चमकते रहें."- विजय कुमार चौधरी, मंत्री, बिहार

क्या बोलीं खेल मंत्री?: बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बताया कि आज बिहार सरकार ने वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित किया है. वैभव ने जिस तरह से अंडर-19 वर्ल्डकप के फाइनल मुकाबले में तूफानी पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई, वह हमारे लिए गर्व की बात है. बिहार में जिस प्रकार से इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम हो रहा है, आने वाले समय में कई खिलाड़ी निकलेंगे. वैभव के साथ राजगीर क्रिकेट ग्राउंड में आईपीएल मैचों की संभावना पर भी हमारी बातचीत हुई है.

"वैभव को अभी सम्मान स्वरूप 50 लाख रुपये की राशि का चेक दिया गया है. इतनी कम उम्र में बिहार और देश को गौरवान्वित होने का उन्होंने अवसर दिया है. हम लोग शुभकामना देते हैं. आशीर्वाद दे रहे हैं और पूरी उम्मीद है कि भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे युवा खिलाड़ी बनेंगे."- श्रेयसी सिंह, खेल मंत्री, बिहार
वर्ल्डकप में खेली तूफानी पारी: वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्डकप फाइनल में शानदार पारी खेलते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ महज 80 गेंदों पर 175 रन बनाए, जिनमें 15 छक्के और 15 चौके शामिल थे. अंडर-19 विश्व कप के इतिहास का ये दूसरा सबसे तेज शतक है.
ये भी पढ़ें:
बिहार का 'वैभव', 15 चौके और 15 छक्कों के साथ बनाए 175 रन, पिता ने छोड़ दिया था अपना काम
बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, U-19 वर्ल्ड कप फाइनल में तूफानी शतक, हर जगह जश्न
वैभव सूर्यवंशी ने U19 वर्ल्ड कप फाइनल में तोड़े तीन बड़े रिकॉर्ड, एक क्लिक में देखें सारे रिकॉर्ड

