रांची में 11 से 13 मार्च तक नेशनल रैपिड व ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप, 50 अंतरराष्ट्रीय मास्टर होंगे शामिल
रांची में नेशनल रैपिड एवं नेशनल ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन किया जाएगा. जो 11 से 13 मार्च तक चलेगी.

Published : March 2, 2026 at 3:07 PM IST
रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में 11 से 13 मार्च 2026 तक नेशनल रैपिड एवं नेशनल ब्लिट्ज शतरंज (Blitz Chess) चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन किया जाएगा. यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगी, जहां देशभर के शीर्ष शतरंज खिलाड़ी अपनी बौद्धिक क्षमता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे.
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में लगभग 250 रैंकधारी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. इनमें करीब 50 अंतरराष्ट्रीय मास्टर (IM) और ग्रैंडमास्टर (GM) शामिल होंगे. टूर्नामेंट फिडे (FIDE) के नियमों और मानकों के अनुरूप आयोजित की जाएगी, जिससे इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का स्वरूप मिलेगा.
झारखंड में शतरंज को नई ऊर्जा मिलेगी
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए कुल 6.5 लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है. संरक्षक मंडल के प्रमुख और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रैपिड कैटेगरी में 25 खिलाड़ियों के बीच 4 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी, जबकि ब्लिट्ज कैटेगरी में 15 खिलाड़ियों को कुल ढाई लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से झारखंड में शतरंज को नई ऊर्जा मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा.
कॉर्पोरेट भागीदारी से खेल का विकास होगा: आयोजन समिति
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल परिसर, समयबद्ध राउंड और तकनीकी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा. साथ ही प्रतियोगिता के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया अभियान, प्रेस कवरेज और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि देशभर के शतरंज प्रेमी इस आयोजन से जुड़ सकें.
स्पॉन्सरशिप को लेकर भी विभिन्न श्रेणियों में आमंत्रण दिया गया है. टाइटल स्पॉन्सर, को-स्पॉन्सर, सब-स्पॉन्सर और एसोसिएट स्पॉन्सर के रूप में सहयोग करने वाले संस्थानों को ब्रांड विजिबिलिटी और प्रचार का अवसर प्रदान किया जाएगा. आयोजन समिति का मानना है कि कॉर्पोरेट सहभागिता से खेल के विकास को और मजबूती मिलेगी.
उभरते खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी
इवेंट कन्वेनर मनीष कुमार, महासचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार सहित मृदुल कुमार, आशीष कुमार और अमित चरण ने संयुक्त रूप से बताया कि यह प्रतियोगिता झारखंड में शतरंज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी. उनके अनुसार, इस आयोजन से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और रांची राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और सशक्त पहचान बनाएगा.
आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि नेशनल रैपिड एवं ब्लिट्ज चैंपियनशिप न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच बनेगी, बल्कि झारखंड में बौद्धिक खेलों के प्रति रुचि को भी नई ऊंचाई देगी.
ये भी पढ़ें
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले कॉमनवेल्थ शतरंज चैंपियन अधिराज मित्रा, झारखंड का नाम किया रोशन

