नेशनल आइस हॉकी चैंपियनशिप, फाइनल को लेकर तस्वीर साफ, जानिये कौन किससे भिड़ेगा
नेशनल आइस हॉकी चैंपियनशिप महिला वर्ग में चंडीगढ़-आईटीबीपी और पुरुष वर्ग में लद्दाख-आईटीबीपी फाइनल में पहुंच चुकी है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 8, 2026 at 4:06 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के हिमाद्री आइस रिंक में चल रही राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप में फाइनल मुकाबलों की तस्वीर साफ हो गई है. महिला वर्ग में चंडीगढ़ और आईटीबीपी ने फाइनल में जगह बनाई है. पुरुष वर्ग में यूटी लद्दाख और आईटीबीपी खिताब के लिए आमने-सामने होंगे. फाइनल से पहले ब्रॉन्ज मेडल के लिए भी कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी.
राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में चंडीगढ़ ने पंजाब को 4-2 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया. मुकाबले में चंडीगढ़ की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. पंजाब की मजबूत चुनौती को पीछे छोड़ते हुए जीत अपने नाम की. दूसरे सेमीफाइनल में आईटीबीपी ने यूटी लद्दाख को हराकर फाइनल में प्रवेश किया. अब महिला वर्ग का स्वर्ण पदक मुकाबला चंडीगढ़ और आईटीबीपी के बीच खेला जाएगा.
वहीं, पुरुष वर्ग में यूटी लद्दाख ने हरियाणा को पछाड़ते हुए फाइनल में जगह बनाई. लद्दाख की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक बार फिर अपनी ताकत साबित की. दूसरे सेमीफाइनल में आईटीबीपी ने चंडीगढ़ को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया. अब पुरुष वर्ग के फाइनल में यूटी लद्दाख और आईटीबीपी आमने-सामने होंगे.
फाइनल मुकाबलों से पहले ब्रॉन्ज मेडल के लिए भी संघर्ष देखने को मिलेगा. महिला वर्ग में पंजाब और यूटी लद्दाख तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगे. पुरुष वर्ग में चंडीगढ़ और हरियाणा के बीच कांस्य पदक मुकाबला खेला जाएगा. ऐसे में प्रतियोगिता के अंतिम दिन चार महत्वपूर्ण मुकाबले दर्शकों को देखने को मिलेंगे.
पंजाब को हराकर फाइनल में पहुंची चंडीगढ़: महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में पंजाब को हराकर फाइनल में पहुंची चंडीगढ़ टीम के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला. मैच के बाद ईटीवी भारत से बातचीत करते हुए चंडीगढ़ महिला आइस हॉकी टीम की खिलाड़ी जैस्मिन ने जीत का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयास को दिया. जैस्मिन ने बतायाकि वह टीम में डिफेंस पोजिशन पर खेलती हैं. पूरे मैच में टीम ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया.
उन्होंने कहा पंजाब के खिलाफ मुकाबला आसान नहीं था, लेकिन खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति पर अमल करते हुए 4-2 से जीत हासिल की. उन्होंने कहा, “हमारा मैच काफी अच्छा रहा। डिफेंस से लेकर फॉरवर्ड लाइन तक सभी खिलाड़ियों ने एकजुट होकर खेला. हर खिलाड़ी ने अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए प्रदर्शन किया. जिसका परिणाम हमें जीत के रूप में मिला.
फाइनल में भी जीत की उम्मीद: चंडीगढ़ टीम की खिलाड़ी एंजल कौशिक ने भी सेमीफाइनल जीत पर खुशी जताई. उन्होंने कहा टीम ने पूरे मैच के दौरान अनुशासित खेल दिखाया. यही जीत की सबसे बड़ी वजह रही. एंजल ने कहा खिलाड़ियों ने एक-दूसरे का लगातार सहयोग किया. दबाव के क्षणों में भी आत्मविश्वास बनाए रखा. उन्होंने कहा टीम का लक्ष्य शुरू से ही फाइनल तक पहुंचना था. अब खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे.
खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की नजर: राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप को भारतीय टीम के चयन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. उनके प्रदर्शन का आकलन किया जा रहा है. ऐसे में फाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच होंगे.
पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार, तकनीकी कौशल और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन किया है. यही कारण है कि इस बार की राष्ट्रीय चैंपियनशिप को अब तक की सबसे प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में से एक माना जा रहा है. अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं.
पढे़ं- नेशनल आइस हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले आज, देखिए क्वार्टरफाइनल जीतने वाली टीमों की लिस्ट

