ETV Bharat / sports

टेस्ट में सबसे ज्यादा बार पारी घोषित करने वाले भारतीय कप्तान, लिस्ट में विराट कोहली सबसे आगे

टेस्ट क्रिकेट में पारी घोषित करना कप्तान के सबसे रणनीतिक फैसलों में से एक माना जाता है.

विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे
विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे (IANS)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : August 30, 2026 at 7:20 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

Innings Declarations in Test: टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी सिर्फ टीम को मैदान पर लीड करने का नाम नहीं है, बल्कि सही समय पर सही फैसला लेना भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है. टेस्ट मैच में पारी घोषित (Innings Declaration) करना कप्तान के सबसे रणनीतिक फैसलों में से एक माना जाता है.

हाल ही भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खत्म हुई. जिसे भारत ने 1-0 से अपने नाम किया. लेकिन दूसरा टेस्ट मैच भारतीय टीम पारी घोषित करने के बावजूद भी नहीं जीत सकी.

कोलंबो में खेले गए दूसरे टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल ने 467 रन बनाने के बाद अपनी पहली पारी घोषित कर दी. उसके बाद श्रीलंका की पहली पारी 290 पर समेट दी. जिससे उन्होंने फॉलोऑन खेलने पर मजबूर होना पड़ा, लेकिन दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाज मेजबान टीम के 10 विकेट नहीं निकाल सके. जिससे श्रीलंका ये टेस्ट बचाने में सफल रहा.

ये शुभमन गिल की कप्तानी में चौथा मौका था जब उन्होंने टेस्ट मैच में पारी घोषित का ऐलान किया. गिल ने अब तक 11 टेस्ट मैचों में ही कप्तानी की है जिसमें से उन्हें 6 में जीत और 3 में हार का सामना करना पड़ा. जब कि दो मैच ड्रॉ रहे.

हालांकि भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भी कई ऐसे कप्तान रहे हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी के दौरान आक्रामक अंदाज में पारी घोषित करने का फैसला लिया. इस लिस्ट में विराट कोहली सबसे आगे हैं. उसके बाद एमएस धोनी और फिर सौरव गांगुली का नाम आता है.

विराट कोहली
विराट कोहली (IANS)

विराट कोहली सबसे आगे
भारतीय टेस्ट कप्तानों में सबसे ज्यादा बार पारी घोषित करने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है. उन्होंने अपनी कप्तानी के दौरान कुल 29 बार पारी घोषित की. कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने टेस्ट क्रिकेट में आक्रामक रवैया अपनाया. उन्होंने विदेशों में टेस्ट मैच जीतने के लिए अपने गेंदबाजों ज्यादा समय देने की रणनीति पर भरोसा किया. यही वजह है कि पारी घोषित करने के मामले में उनका आंकड़ा बाकी भारतीय कप्तानों से काफी आगे है. विराट कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान भी हैं. उन्होंने 68 टेस्ट मैच में भारतीय टीम की कप्तानी की, जिसमें से 40 में जीत और 17 मैच में हार का सामना करना पड़ा. जबकि 11 मैच ड्रॉ रहे.

एमएस धोनी दूसरे नंबर पर
इस सूची में एमएस धोनी दूसरे स्थान पर हैं. कैप्टन कूल के नाम से मशहूर धोनी को भी भारतीय क्रिकेट में सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है. उन्होंने कप्तान के रूप में 15 बार पारी घोषित की. धोनी ने 2008 से 2014 तक भारतीय टीम को लीड किया. इस दौरान उन्होंने 60 टेस्ट मैच में टीम इंडिया को लीड किया और 27 मैचों में जीत दर्ज की. जबकि 18 में हार का भी सामना करना पड़ा और 15 मैच ड्रॉ रहे. धोनी की कप्तानी का अंदाज परिस्थितियों को पढ़कर फैसले लेने के लिए जाना जाता था. 15 बार पारी घोषित करना इस बात को दर्शाता है कि उन्होंने भी मैच की स्थिति के अनुसार आक्रामक फैसले लेने में विश्वास दिखाया.

एमएस धोनी और चेतेश्वर पुजारा
एमएस धोनी और चेतेश्वर पुजारा (IANS)

सौरव गांगुली की आक्रामक कप्तानी
सौरव गांगुली की गिनती उन कप्तानों में होती है, जिन्होंने भारतीय टीम को विदेशी धरती पर जीतना सिखाया. इसके अलावा उनको एक आक्रामक कप्तान के रूप में भी जाना जाता है. उन्होंने अपनी कप्तानी के दौरान 14 बार पारी घोषित की. इसलिए वो इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आते हैं. गांगुली ने 2000 से 2005 तक कप्तानी की. जिसमें उन्हें 49 मैच में से 21 में जीत मिली और 13 में हार का सामना करना पड़ा, जबकि 15 मैच ड्रॉ रहे. उनकी कप्तानी में भारत ने विदेशी परिस्थितियों में भी मुकाबला करने का आत्मविश्वास दिखाया.

रोहित शर्मा किस नंबर पर?
इसके बाद इस लिस्ट में मोहम्मद अजहरुद्दीन (11), सुनील गावस्कर (10), राहुल द्रविड़ (9), कपिल देव (7) और रोहित शर्मा (5) का नाम आता है. रोहित को ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का मौका नहीं मिला, क्योंकि वो विराट कोहली के बाद फरवरी 2022 में टेस्ट कप्तान बने और मई 2025 में इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया. उन्होंने 24 टेस्ट मैच में भारतीय टीम की कप्तानी की, जिसमें से उन्हें 12 में जीत और 9 में हार का सामना करना पड़ा, जबकि 3 मैच ड्रॉ रहे.

रोहित शर्मा
रोहित शर्मा (IANS)

पारी घोषित करना अहम क्यों?
टेस्ट क्रिकेट में पारी घोषित करना जोखिम और रणनीति दोनों का मिश्रण होता है. इसलिए एक सफल कप्तान को स्कोर, पिच, मौसम, मैच की स्थिति और विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को ध्यान में रखकर पारी घोषित का फैसला लेना पड़ता है. कई बार कप्तान अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के बाद पारी घोषित करने का फैसला करता है, ताकि टीम को हारने का कोई खतरा ना हो. इसके अलावा कई कप्तान जोखिम उठाते हुए बहुत जल्दी पारी घोषित कर देते हैं ताकि विपक्षी बल्लेबाजों को आउट करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके.

सबसे ज्यादा बार पारी घोषित करने वाले भारतीय कप्तान

  1. विराट कोहली - 29
  2. एमएस धोनी - 15
  3. सौरव गांगुली - 14
  4. मोहम्मद अजहरुद्दीन - 11
  5. सुनील गावस्कर - 10
  6. राहुल द्रविड़ - 9
  7. कपिल देव - 7
  8. रोहित शर्मा - 5
  9. शुभमन गिल - 4*