ETV Bharat / sports

मलेशिया ओपन 2026: पीवी सिंधु के सेमीफाइनल में हारते ही टूर्नामेंट में भारत का अभियान खत्म

Malaysia Open 2026: भारतीय शटलर पीवी सिंधु को सेमीफाइनल में वर्ल्ड की नंबर 2 खिलाड़ी से हार का सामना करना पड़ा.

पीवी सिंधु
पीवी सिंधु (IANS PHOTO)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : January 10, 2026 at 4:03 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

Malaysia Open 2026: भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने साल 2026 की शुरूआत में शानदार खेल प्रदर्शन किया और मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच कर सबका दिल जीत लिया. वहां से भारतीय फैंस को उम्मीद बंध गई थी सिंधू अब रुकने वाली नहीं वो फाइनल में प्रवेश करके साल का शानदार आगाज करेंगी, लेकिन शनिवार, 10 जनवरी को वैसा नहीं हुआ जैसा फैंस ने सोचा था.

सिंधु का मलेशिया ओपन के फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया, क्योंकि उनको सेमीफाइनल में चीन की वर्ल्ड नंबर 2 वांग झी यी से हार का सामना करना पड़ा. वांग झी ने सिंधु को सीधे सेटों में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट का टूर्नामेंट में प्रदर्शन शानदार रहा, लेकिन वो सेमीफाइनल में अपनी चीनी प्रतिद्वंद्वी को मात नहीं दे सकीं .

सिंधु अक्टूबर से पैर की चोट के कारण खेल से दूर रहने के बाद कोर्ट पर लौटीं थीं. उन्होंने पूरे हफ्ते अपने शानदार प्रदर्शन से संकेत दिया कि वह अपनी बेहतरीन फॉर्म में हैं, लेकिन सेमीफाइनल में 16-21, 15-21 से हार गईं.

सिंधु ने पहले गेम की शुरुआत अपने ट्रेडमार्क पावर और रीच के साथ किया. अपने क्रॉस-कोर्ट स्मैश का इस्तेमाल करते हुए, उन्होंने गेम की शुरुआत में ही 9-7 की बढ़त बना ली. हालांकि, वांग धीरे-धीरे गेम में जम गईं, और स्कोर जल्द ही 13-13 हो गया. इसके बाद वांग ने लगातार आक्रामक शॉट्स और कुछ अच्छे जज किए गए लेफ्ट के साथ बढ़त बनाई. जिससे सिंधू पहला सेट 16-21 से हार गई.

दूसरे सेट में भी कुछ ऐसा ही हुआ, जिसमें सिंधु मिड-ब्रेक तक आगे रहीं. ब्रेक के बाद वांग ने कुछ आक्रामकता दिखाई और अपनी प्रतिद्वंद्वी के बैकहैंड साइड पर हमला किया और मैच पर फिर से नियंत्रण हासिल कर लिया. सिंधु ने अपने शॉट्स वाइड और नेट में मारे, जिससे वांग आखिरकार दूसरा गेम भी 15-21 से अपने नाम कर लिया.

सिंधु की हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारत का अभियान खत्म हो गया, क्योंकि लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और डबल्स स्टार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे.