SA vs NZ Semifinal: फिन एलन के तूफान में उड़ा दक्षिण अफ्रीका, 13वें ओवर में ही न्यूजीलैंड ने हासिल कर लिया फाइनल का टिकट

Published : March 4, 2026 at 6:11 PM IST
|Updated : March 4, 2026 at 10:43 PM IST
T20 World Cup 2026 1st Semifinal : फिन एलेन के रिकॉर्ड 33 गेंद में नाबाद शतक की मदद से न्यूजीलैंड ने इस टी20 विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को बुधवार को नौ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया. तीन सप्ताह बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल में खेलने जा रहे एलेन ने अपनी पारी में 10 चौके और आठ छक्के लगाकर न्यूजीलैंड को 170 रन के लक्ष्य तक सिर्फ 12 . 5 ओवर में पहुंचा दिया.
टी20 विश्व कप के सबसे तेज शतक में ईडन गार्डंस पर होली के दिन बल्ले से आतिशबाजी देखने को मिली. दक्षिण अफ्रीका के लिये अर्धशतक बनाने वाले मार्को यानसेन ने 2 . 5 ओवर में 53 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. मिचेल सेंटनेर की कप्तानी वाली कीवी टीम ने बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट पर 169 रन पर रोक दिया. ऑफ स्पिनर कोल मैकोंची ( एक ओवर में नौ रन देकर दो विकेट ) और बायें हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र (चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट ) ने कहर बरपाती हुई गेंदबाजी करके दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया.
जवाब में एलेन और टिम सीफर्ट ( 33 गेंद में 58 रन ) ने नौ ओवर में 117 रन की साझेदारी करके न्यूजीलैंड को 2021 के बाद दूसरी बार फाइनल में पहुंचाया. भारत अगर गुरुवार को इंग्लैंड को हरा देता है तो यह फाइनल पिछले साल की चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल का दोहराव होगा. एलेन और सीफर्ट ने पावरप्ले के छह ओवरों में 84 रन बना डाले. एलेन ने 19 गेंद में पहला पचासा और 14 गेंद में दूसरा पूरा किया.
इससे पहले यानसेन के 30 गेंद में नाबाद 55 रन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने शुरूआती झटकों से उबरते हुए आठ विकेट पर 169 रन बनाये. दक्षिण अफ्रीका ने 11वें ओवर में पांच विकेट 77 रन पर गंवा दिये थे । इसके बाद यानसेन और ट्रिस्टन स्टब्स ( 24 गेंद में 29 रन ) ने पारी को संभाला । दोनों ने छठे विकेट के लिये 73 रन जोड़े. पारी के आगे बढने के साथ ही ओस की भूमिका अहम हो गई और स्ट्रोक्स खेलना आसान लगने लगा.
दुनिया के सर्वश्रेष्ठ हरफनमौलाओं में शामिल यानसेन ने अपनी पारी में पांच छक्के लगाये और अधिकांश छक्के दर्शक दीर्घा की 15वीं पंक्ति के पार गए जिससे उनके दमखम और टाइमिंग का पता चलता है. उन्होंने 19वें ओवर में लॉकी फर्ग्युसन को दो छक्के लगाये. पहले गेंदबाजी चुनने वाली न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सेंटनेर ने दूसरे ओवर में आफ स्पिनर मैकोंची को गेंद सौंपी जिन्होंने मैच में एक ही ओवर डाला लेकिन क्विंटोन डिकॉक (10) और रियान रिकेलटन (0) को लगातार दो गेंदों पर आउट किया. डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंद में 34 रन बनाये लेकिन वह अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके. उन्हें जेम्स नीशाम ने आउट किया .
रविंद्र ने एडेन माक्ररम (18) और डेविड मिलर (छह) को पवेलियन भेजा. ब्रेविस के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 77 रन था. दक्षिण अफ्रीका टीम ने आखिरी दो ओवर में विकेट गंवाये और 175 रन के पार नहीं पहुंच सकी. अब न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेलने के लिए कोलकाता से अहमदाबाद का सफर करेगा, जहां उनका मुकाबला 8 मार्च को भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च को खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा.
LIVE FEED
SA vs NZ Live Score: फिन एलन बने प्लेयर ऑफ दि मैच
फिन एलन को शानदार पारी की वजह से प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया. उन्होंने 33 गेंद परु 100 रन बनाकर कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए. यहां उनके रिकॉर्ड पर एक नजर डालें:
1- टी20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक
2- टी20 इंटरनेशनल में किसी फुल-मेंबर टीम के खिलाफ सबसे तेज शतक
3- टी20 इंटरनेशनल में जॉइंट तीसरा सबसे तेज शतक
सबसे तेज T20I शतक
27 गेंद - साहिल चौहान (एस्टोनिया) बनाम साइप्रस, एपिस्कोपी, 2024
29 गेंद - मुहम्मद फहद (तुर्की) बनाम बुल्गारिया, सोफिया, 2025
33 गेंद - फिन एलन (न्यूजीलैंड) बनाम साउथ अफ्रीका, कोलकाता, 2026
33 गेंद - जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (नामीबिया) बनाम नेपाल, कीर्तिपुर, 2024
33 गेंद - सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) बनाम गाम्बिया, नैरोबी, 2024
T20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ा स्कोर
100* - फिन एलन बनाम साउथ अफ्रीका, कोलकाता, 2026 सेमीफाइनल
96* - तिलकरत्ने दिलशान बनाम वेस्टइंडीज, द ओवल, 2009 सेमीफाइनल
89* - विराट कोहली बनाम वेस्टइंडजी, मुंबई, 2016 सेमीफाइनल
T20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के लिए शतक
123 - ब्रेंडन मैकुलम बनाम बांग्लादेश, पल्लेकेले, 2012
104 - ग्लेन फिलिप्स बनाम श्रीलंका, सिडनी, 2022
100 - फिन एलन बनाम साउथ अफ्रीका, कोलकाता, 2026
SA vs NZ Live Score: फिन ऐलन के तूफान में उड़ा दक्षिण अफ्रीका
न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका के 170 रनों के लक्ष्य को 12.5 ओवर में ही हासिल करके फाइनल में शानदार एंट्री मारी है. जिसमें फिन ऐलन का 33 गेंद पर तूफानी शतक सबसे खास है. उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 8 छक्के लगाए. इसके साथ एलन ने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज सेंचुरी करने का रिकॉर्ड भी तोड़ा दिया है. इसे पहले ये रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिसने 47 गेंद में शतक जड़ा था. इस जीत के साथ न्यूजीलैंड दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है. इससे पहले वो 2021 में पहुंचा था जहां उसे ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था.
SA vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड का गिरा पहला विकेट
117 के कुल स्कोर पर न्यूजीलैंड का पहला विकेट 10वें ओवर की पहली गेंद पर गिरा. जब रबाड़ा ने सेफर्ट को क्लीन बोल्ड कर दिया. उन्होंने 33 गेंद पर 58 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को फाइनल मैच के करीब पहुंचा दिया.
SA vs NZ Live Score: सेफर्ट के बाद ऐलन की भी फिफ्टी
फिन एलन ने 19 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की. जिसमें उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए. इसके साथ ऐलन और सेफर्ड के बीच पहले विकेट की साझेदारी भी 117 रनो की हो गई है.
SA vs NZ Live Score: टिम सेफर्ट की शानदार फिफ्टी
कीवी टीम के ओपनर टिम सेफर्ट ने शानदार फिफ्टी बनाई. उन्होंने 28 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की. जिसमें 6 चौके और 2 छक्का शामिल है.
SA vs NZ Live Score: 170 रनों के जवाब में न्यूजीलैंड का शानदार आगाज
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने शानदार शुरुआत की और पावरप्ले में ही मैच को अपनी तरफ लेकर चले गए है. 6 ओवर के बाद उन्होंने बिना कोई विकेट खोए 84 रन बना लिए हैं. कीवी टीम के दोनों ओपनर शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं. फिन एलन 21 गेंद में 41 और सेफर्ट 15 गेंद में 43 रन बनाकर खेल रहे हैं.
SA vs NZ Live Score: दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के दिया 170 रनों का टारगेट
टी20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर के बाद 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए हैं. जिसमें मार्को जेनसेन के सबसे ज्यादा 30 गेंद में नाबाद 55 रन हैं. उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए. इसके अलावा उन्होंने छठें विकेट के लिए स्टब्स के साथ 77 रनों की अहम साझेदारी भी की. स्टब्स ने 29 रनो की परी खेली. न्यूजीलैंड के तरफ से हेनरी, राचिन और मैककॉन्ची को 2-2 विकेट मिले जबकि निशम और फार्गयूसन को एक-एक विकेट मिला.
SA vs NZ Live Score: दक्षिण अफ्रीका का गिरा 7वां और 8वां विकेट
166 के कुल स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका ने अपना सातवां विकेट खो दिया है. कॉर्बन बॉश को मैट हेनरी ने क्लीन बोल्ड कर दिया. उन्होंने 3 गेंद में दो रन बनाए. उसके बाद अगली ही गेंद पर रबाड़ा को भी कैच आउट करा दिया. जिससे हेनरी हैट्रिक पर आगए हैं.
SA vs NZ Live Score: दक्षिण अफ्रीका का गिरा छठां विकेट
150 के कुल स्कोर पर प्रोटियाज ने अपना छठां विकेट 19वें ओवर में खो दिया है. स्टब्स को लॉकी फर्ग्यूसन ने 29 के निजी स्कोर पर आउठ किया.
SA vs NZ Live Score: 15 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर
15 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 5 विकेट खोकर 108 रन बना लिए हैं. स्टब्स 10 और जैनसन 20 रन बनाकर खेल रहे हैं.
SA vs NZ Live Score: दक्षिण अफ्रीका का गिरा 5वां विकेट
77 कुल स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका ने अपना 5वां विकेट खो दिया है. जब ब्रेविस को 34 के निजी स्कोर पर नीशन ने सेंटनर के हाथों कैच आउट कराया. इससे पहले 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर 77 के ही कुल स्कोर पर मिलर आउट हुए थे.
SA vs NZ Live Score: जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए मिलर
77 के कुल स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका ने अपना चौथा विकटे मिलर के रूप में खो दिया है. उन्होंने राचिन ने 6 रनों के निजी स्कोर पर कैच आउट कराया. इससे पहले उसी ओवर में मिलर को 5 के नीजी स्कोर पर जीवनदान मिला था. जिसका वो फायदा नहीं उठा सके. राचिन की गेंद पर मिलर कवर पर गैप में खोलकर बॉउंड्री हासिल करना चाहते थे लेकिन कीवी टीम के सबसे अच्छे फील्डर ग्लेन फिलिप्स गेंद तक पहुंच कर भी कैच नहीं कर सके.
SA vs NZ Live Score: दक्षिण अफ्रीका का गिरा तीसरा विकेट
55 के कुल स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका ने अपना तीसरा विकेट कप्तान एडेन मार्करम के रूप में खो दिया है. उन्होंने 20 गेंदों में 18 रनों की पारी खेली, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था. मार्करम को राचिन ने अपने पहले और टीम के 8वें ओवर में बाउंड्रीलाइन पर कैच आउट कराया.
SA vs NZ Live Score: पावरप्ले में टीम का स्कोर 48/2
पहले 6 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 2 विकेट खोकर 48 रन बना लिए है. 12 रनों पर दो विकेट खोने के बाद कप्तान मार्करम और ब्रेविस ने अपनी टीम को संभालने की कोशिश की और तीसरे विकेट के लिए दोनों ने 36 रनों की साझेदारी कर ली है. ब्रेविस 15 रन और मार्करम 16 रन बनाकर खेल रहे हैं.
SA vs NZ Live Score: दक्षिण अफ्रीका को लगा डबल झटका
12 के कुल स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका के दूसरे ओवर में ही दो विकेट गिर गए. कोल मैककॉन्ची ने पहले डीकॉक (10) को पवेलियन भेजा और फिर उसके बाद अलगी ही गेंद पर रियान रिकल्टन को गोल्डन डक पर आउट करके प्रोटियाज को मुश्किल में डाल दिया है.
SA vs NZ Semifinal Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI: टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन.
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग XI: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी
SA vs NZ Semifinal Live: न्यूजीलैंड ने जीता टॉस
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. टॉस के समय न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने कहा, 'पिछली रात पिच काफी अच्छी लग रही थी. हम जानते हैं कि वे एक बेहतरीन टीम हैं और हमें भी तैयार रहना है, हमें अपना काम करना है, उन्हें प्रेशर में डालना है और देखना है कि क्या होता है. टीम में मैट हेनरी और जेमी नीशम वापस आ गए हैं.'
वहीं साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने कहा, 'सभी ने किसी न किसी स्टेज पर योगदान दिया जो वाकई में अच्छा है. उम्मीद है कि हम बल्ले से अच्छी शुरुआत कर पाएंगे और बोर्ड पर अच्छा स्कोर बना पाएंगे. हमने कल रात यहां ट्रेनिंग की और नॉकआउट गेम में रन बनाना कोई बुरी बात नहीं है. हमने टीम में 3 बदलाव किए हैं. रबाडा, मार्को जेनसेन और केशव महाराज हमारे लिए वापस आ गए हैं.
SA vs NZ Semifinal Live: नॉकआउट मैच में न्यूजीलैंड का साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दक्षिण अफ्रीकी टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है, लेकिन ICC इवेंट्स के नॉकआउट मैचों में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड शानदार है. अब तक ये दोनों टीमें तीन बार नॉकआउट मैचों में आमने सामने आई हैं और तीनों बार साउथ अफ्रीका को हारका सामना करना पड़ा है.
25 मार्च 2011 – मीरपुर: न्यूजीलैंड ने वनडे वर्ल्ड कप 2011 के क्वार्टर फाइनल में साउथ अफ्रीका को 49 रन से हराया.
24 मार्च 2015 – ऑकलैंड: न्यूजीलैंड ने वनडे वर्ल्ड कप 2015 के सेमीफाईनल में साउथ अफ्रीका को चार विकेट से हराया.
5 मार्च 2025 – लाहौर: न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 50 रन से हराया.
SA vs NZ Semifinal Live: न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका हेड टू हेड
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने सभी पांच मैच जीते हैं. उन्होंने इस टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में अहमदाबाद में भी न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था. आइए एक नजर उनके पिछले टी20 वर्ल्ड कप मैचों के नतीजों पर डालते हैं.
19 सितंबर 2007 – डरबन: साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ छह विकेट से जीत हासिल की.
9 जून 2009 – लॉर्ड्स: साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एक रन से जीत हासिल की.
6 मई 2010 – ब्रिजटाउन: साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 13 रन से जीत हासिल की.
24 मार्च 2014 – चटगांव: साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो रन से जीत हासिल की.
14 फरवरी 2026 – अहमदाबाद: साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सात विकेट से जीत हासिल की.

