ललित मोदी का वैभव सूर्यवंशी को ग्लोबल स्कॉलरशिप का ऑफर, IPL 2026 प्रदर्शन से जीता दिल
इंडियन प्रीमियर लीग के संस्थापक ललित मोदी ने यूनिवर्स बेबी बॉस वैभव सूर्यवंशी को एक ऑफर दिया है.

Published : May 30, 2026 at 1:45 PM IST
जयपुर: आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीतने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार उन्हें लेकर बड़ा ऐलान आईपीएल के संस्थापक और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने किया है. ललित मोदी ने वैभव सूर्यवंशी को दुनिया के किसी भी विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ाई के लिए आजीवन फुल एजुकेशनल स्कॉलरशिप देने की पेशकश की है.
ललित मोदी ने कहा कि यदि वैभव भविष्य में कभी भी उच्च शिक्षा हासिल करना चाहें, तो उनकी पूरी पढ़ाई का खर्च वह स्वयं उठाएंगे. आईपीएल के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन से प्रभावित होकर स्कॉलरशिप ऑफर की है. ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वैभव ने भले ही शतक से चार रन कम बनाए हों, लेकिन उन्होंने उससे कहीं बड़ी उपलब्धि हासिल की है.
Today, Vaibhav Sooryavanshi may have fallen four runs short of a century.
— Lalit Kumar Modi (@LalitKModi) May 29, 2026
But in my view, he achieved something far greater.
He woke up an entire nation to what fearless young talent looks like.
As someone who has always believed that sport must create opportunity, not just… pic.twitter.com/bvHADvIR6v
इसे भी पढ़ें- IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग देख अमिताभ बच्चन शॉक्ड, पोस्ट कर लिखा- 'इस उम्र में तो हम...'
ललित मोदी ने किया X पर पोस्ट: ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि "भले ही वैभव अपने शतक से चार रन दूर रह गए हों, लेकिन उन्होंने उससे कहीं बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने पूरे देश को दिखाया है कि निडर युवा प्रतिभा कैसी होती है. ललित मोदी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होना चाहिए, बल्कि युवाओं के लिए अवसरों का रास्ता भी खोलना चाहिए. इसी सोच के तहत उन्होंने वैभव को यह विशेष स्कॉलरशिप ऑफर दिया है." यह ऑफर उनके पूरे जीवनकाल तक मान्य रहेगा.
ललित मोदी ने बताई यह वजह: मोदी ने स्पष्ट किया कि यह ऑफर केवल रन बनाने के लिए नहीं, बल्कि उनके साहस, आत्मविश्वास और लाखों युवाओं को प्रेरित करने के लिए दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिभा को कभी भी शिक्षा और महानता के बीच चुनाव नहीं करना चाहिए. वैभव को उन्होंने आईपीएल युग का एक अनोखा खिलाड़ी बताते हुए उम्मीद जताई कि उनकी कहानी लाखों युवाओं को प्रेरित करेगी.
इसे भी पढ़ें- IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी का कमाल, क्वालीफायर 2 में भी बनाए काई बड़े रिकॉर्ड
फाइनल से पहले वैभव है ऑरेंज कैप धारक: वैभव सूर्यवंशी के आईपीएल-2026 प्रदर्शन की बात करें, तो उन्होंने इस सीजन में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. कई मुकाबलों में उन्होंने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई और लगातार प्रभावशाली पारियां खेलीं. आईपीएल-2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपने धमाकेदार प्रदर्शन से क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिख दिया. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने पूरे सीजन में 16 मैचों में 776 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 200 से ऊपर रहा.
उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 72 छक्के लगाए, जो आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है. इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था. वैभव ने 25 अप्रैल 2026 को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 37 गेंदों में 103 रन की तूफानी पारी खेली, जो आईपीएल इतिहास की सबसे तेज शतकों में शामिल है. फिलहाल ऑरेंज कैप वैभव सूर्यवंशी के पास है. उनके पीछे गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभ्मन गिल और सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन हैं. इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 473 गेंदों में 1000 टी-20 रन पूरे कर सबसे तेज यह उपलब्धि हासिल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
इसे भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के बल्ले का स्विंग बेहतरीन है : सचिन तेंदुलकर
पावरप्ले में भी उनका दबदबा देखने को मिला, जहां उन्होंने 490 रन बनाकर डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. खास बात यह रही कि उन्होंने एक ही सीजन में तीन बार एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा भी किया, जो अब तक किसी खिलाड़ी ने नहीं किया था. प्लेऑफ मुकाबलों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा, जहां उन्होंने एलिमिनेटर में 29 गेंदों में 97 रन और क्वालिफायर-2 में 47 गेंदों में 96 रन बनाए. इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रन और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंदों में 93 रन जैसी विस्फोटक पारियां खेलकर उन्होंने खुद को आईपीएल 2026 का सबसे खतरनाक बल्लेबाज साबित कर दिया.
इसे भी पढ़ें- 29 गेंद, 97 रन, 12 छक्के: एलिमिनेटर मैच में वैभव सूर्यवंशी का आया तूफान, टूटे कई सारे पूराने रिकॉर्ड

