नेशनल आइस हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले आज, देखिए क्वार्टरफाइनल जीतने वाली टीमों की लिस्ट
पुरुष वर्ग में लद्दाख, हरियाणा और आईटीबीपी सेमीफाइनल में पहुंचे, महिलाओं में चंडीगढ़, हरियाणा, लद्दाख और आईटीबीपी सेमीफाइनल में पहुंचे

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 7, 2026 at 2:28 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में चल रही नेशनल आइस हॉकी चैंपियनशिप नॉक आउट के रोमांचक दौर में आगे बढ़ गई है. सोमवार देर शाम खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में पुरुष वर्ग में लद्दाख ने महाराष्ट्र को हराकर बाहर कर दिया. हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को शिकस्त दी. आईटीबीपी ने राजस्थान को हरा दिया. सेमीफाइनल के लिए चंडीगढ़ और सेना में से चौथी टीम का फैसला होना है.
नेशनल आइस हॉकी के सेमीफाइनल में पहुंची ये टीमें: पुरुषों के पहले क्वार्टरफाइनल में लद्दाख ने एकतरफा मुकाबले में महाराष्ट्र को 10-2 से रौंदकर बाहर कर दिया. दूसरे क्वार्टरफाइनल में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच रोमांचक मैच देखने को मिला. लेकिन हरियाणा ने आखिर में मुकाबला 6-4 से जीतकर सेमीफाइनल में एंट्री ली. तीसरे क्वार्टरफाइनल में आईटीबीपी ने राजस्थान को वन साइडेड मुकाबले में 8-3 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया.
महिला टीमों में इन्होंने किया सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई: उधर नेशनल आइस हॉकी चैंपियनशिप के महिलाओं के क्वार्टरफाइनल में चंडीगढ़ ने महाराष्ट्र को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. पंजाब को हरियाणा के हाथों शिकस्त खानी पड़ी. तीसरे क्वार्टरफाइनल में लद्दाख ने कर्नाटक को हराकर सेमीफाइनल का टिकट पाया. चौथे मुकाबले में आईटीबीपी ने हिमाचल प्रदेश को शिकस्त देकर बाहर कर दिया.

आज शाम खेले जाएंगे सेमीफाइनल मुकाबले: नेशनल आइस हॉकी चैंपियनशिप के मुकाबले देहरादून के हिमाद्री आइस रिंक खेली जा रही है. आज मंगलवार शाम सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे. आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IHAI) के महासचिव हरजेंद्र सिंह जिंदी ने ईटीवी भारत से बातचीत में बताया कि-
यह अब तक की सबसे बड़ी राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप है. प्रतियोगिता में 14 पुरुष और 11 महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं. उन्होंने कहा कि लीग चरण के दौरान खिलाड़ियों ने जिस स्तर का प्रदर्शन किया है, उससे भारतीय आइस हॉकी के भविष्य को लेकर काफी उम्मीदें जगी हैं.
-हरजेंद्र सिंह जिंदी, महासचिव, आईएचएआई-
गुरुतेज सिंह भट्टी पर टिकी रही सबकी निगाहें: इस राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप में जिन खिलाड़ियों पर सबसे अधिक नजर रही , उनमें चंडीगढ़ के स्टार खिलाड़ी गुरुतेज सिंह भट्टी प्रमुख हैं. हाल ही में 25 अप्रैल से 5 मई 2026 तक आयोजित एशिया ओशिएनिक कप में गुरुतेज सिंह भट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 गोल दागे थे और प्रतियोगिता के टॉप स्कोरर बने थे. उनके प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई थी.

हरजेंद्र सिंह जिंदी ने बताया कि-
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विशेष आकलन किया जा रहा है, क्योंकि इसी प्रतियोगिता के आधार पर आगामी राष्ट्रीय टीम के लिए खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. चयनकर्ताओं की नजर हर खिलाड़ी पर है, लेकिन गुरुतेज सिंह भट्टी जैसे खिलाड़ियों से विशेष उम्मीदें हैं. उन्होंने हाल के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खुद को साबित किया है.
-हरजेंद्र सिंह जिंदी, महासचिव, आईएचएआई-
जिंदी के अनुसार, एशिया ओशिएनिक कप में टॉप स्कोरर रहने के बाद गुरुतेज पर सभी की निगाहें हैं. यह देखना दिलचस्प होगा कि वह राष्ट्रीय चैंपियनशिप के नॉकआउट मुकाबलों में कैसा प्रदर्शन करते हैं. उनके अलावा भी कई युवा खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में अपने खेल के स्तर में उल्लेखनीय सुधार दिखाया है और वे भी राष्ट्रीय टीम के चयन की दौड़ में शामिल हैं.
राष्ट्रीय टीम चयन और वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी: IHAI महासचिव हरजेंद्र सिंह जिंदी ने बताया कि यह चैंपियनशिप केवल राष्ट्रीय खिताब तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय टीम के भविष्य की दिशा तय करने वाली प्रतियोगिता भी है. उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट के बाद राष्ट्रीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके बाद अंतिम टीम का चयन कर खिलाड़ियों को विश्व चैंपियनशिप के लिए तैयार किया जाएगा.

दक्षिण भारतीय राज्यों में भी बढ़ा आइस हॉकी का क्रेज: उन्होंने बताया कि पुरुष वर्ग की विश्व आइस हॉकी चैंपियनशिप मार्च 2027 में आयोजित होनी है. महिला वर्ग की विश्व चैंपियनशिप नवंबर 2027 में प्रस्तावित है. भारतीय टीम इन दोनों प्रतियोगिताओं के लिए अभी से तैयारी कर रही है. इसी उद्देश्य से लगातार राष्ट्रीय स्तर के आयोजन कराए जा रहे हैं. जिंदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत में आइस हॉकी को लेकर रुचि लगातार बढ़ी है. विशेष रूप से दक्षिण भारत के कई राज्यों ने भी इस खेल में दिलचस्पी दिखाई है, जो इस खेल के विस्तार का सकारात्मक संकेत है. उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को आइस हॉकी से जोड़ने के लिए प्रतियोगिता का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है.
जिंदी ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में देश के विभिन्न हिस्सों से और अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे. उनके मुताबिक भारतीय आइस हॉकी टीम विश्व स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है और राष्ट्रीय चैंपियनशिप जैसे आयोजन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं. अब सभी की निगाहें सेमीफाइनल मुकाबलों पर हैं, जहां एक ओर टीमों के बीच फाइनल के लिए जंग होगी, तो दूसरी ओर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की दौड़ भी तेज होती दिखाई देगी.
ये भी पढ़ें: देहरादून में कल से नेशनल आइस हॉकी चैंपयनशिप, देशभर के 500 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, उत्तराखंड नहीं होगा शामिल

