महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग: जेएसडब्ल्यू सूरमा ने श्राची बंगाल टाइगर्स को 3–2 से हराया
रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में जेएसडब्ल्यू सूरमा और श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया.

Published : January 7, 2026 at 7:46 PM IST
रांची:महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025–26 में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने अपने अभियान का समापन जीत के साथ किया है. बुधवार को मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सूरमा ने फाइनल में जगह बना चुकी श्राची बंगाल टाइगर्स को कड़े संघर्ष में 3–2 से पराजित किया.
हालांकि यह मुकाबला अंक तालिका के लिहाज से औपचारिक था, क्योंकि सूरमा पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है और टाइगर्स ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है, इसके बावजूद दोनों टीमों ने पूरे जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ खेल दिखाया. मैच का फैसला अंतिम क्षणों तक अधर में रहा और दर्शकों को रोमांचक मैच देखने को मिला.

मैच की शुरुआत से ही जेएसडब्ल्यू सूरमा ने आक्रामक रुख अपनाया. लगातार दबाव बनाते हुए 10वें मिनट में सोनम ने नजदीक से गोल कर सूरमा को 1–0 की बढ़त दिलाई. पहले क्वार्टर में सूरमा का नियंत्रण बना रहा और टीम बढ़त के साथ पहले ब्रेक तक पहुंची.
दूसरे क्वार्टर में श्राची बंगाल टाइगर्स ने वापसी की कोशिश की और कुछ समय के लिए खेल पर पकड़ बनाई, लेकिन सूरमा की रक्षापंक्ति मजबूत साबित हुई. टाइगर्स को मिले पेनल्टी कॉर्नर मौके भी गोल में तब्दील नहीं हो सके. गोलकीपर निधि ने अहम बचाव करते हुए सूरमा की बढ़त को बनाए रखा और हाफटाइम तक स्कोर 1–0 रहा.

तीसरे क्वार्टर में मुकाबला और तेज हो गया. 37वें मिनट में श्राची बंगाल टाइगर्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे लीग की शीर्ष स्कोरर अगुस्टीना गोरजेलानी ने शानदार स्ट्राइक के जरिए गोल में बदलकर स्कोर 1–1 से बराबर कर दिया. इसके बाद दोनों टीमों के बीच खेल संतुलित रहा और तीसरे क्वार्टर के अंत तक कोई टीम बढ़त नहीं बना सकी.

चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही सूरमा ने फिर दबाव बनाया. 49वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर पेनी स्क्विब ने गोल कर सूरमा को 2–1 से आगे कर दिया. इसके बाद 53वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर पर मारिया ग्रानाटो ने गोल दागकर स्कोर 3–1 कर दिया.

अंतिम मिनटों में श्राची बंगाल टाइगर्स ने जोरदार वापसी की कोशिश की. ललरेम्सियामी ने अंतिम मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल कर अंतर 3–2 कर दिया, लेकिन बराबरी का गोल नहीं हो सका. निर्धारित समय समाप्त होने तक सूरमा ने बढ़त बनाए रखी और मैच अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ जेएसडब्ल्यू सूरमा ने टूर्नामेंट में अपना अभियान सम्मानजनक तरीके से समाप्त किया, जबकि श्राची बंगाल टाइगर्स अब फाइनल मुकाबले की तैयारी में है.
ये भी पढ़ें-
श्राची बंगाल टाइगर्स ने SG पाइपर्स को शूटआउट में दी मात, फाइनल में दोनों टीमें होंगी आमने-सामने
ग्वालियर में झारखंड महिला हॉकी टीम जलवा, फाइनल में पहुंची अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग की बालिकाएं

