जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन इलेक्शन के लिए चुनाव अधिकारी का हुआ ऐलान
जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया.

Published : November 17, 2025 at 7:08 PM IST
जम्मू: जम्मू कश्मीर क्रिकेट संघ (JKCA) ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति को अपने आगामी चुनावों के लिए अधिकारी नियुक्त किया है. जेकेसीए प्रशासन सदस्य ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) अनिल गुप्ता ने नियुक्ति पत्र भी जारी कर दिया है. जिसमें लिखा गया है कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के तहत पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति को जेकेसीए चुनाव 2025 के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त किया जाता है.
वर्तमान में जेकेसीए का संचालन ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता की अध्यक्षता वाली संस्था द्वारा किया जा रहा है. बता दें कि 27 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश देते हुए कहा था कि जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव अगले 12 हफ्तों के भीतर, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त की देखरेख में कराए जाएं.
चुनाव कराने का विवाद जब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो वहां पर मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले के सुनवाई की, और दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कहा कि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ए के ज्योति जेकेसीए चुनावों की निगरानी के लिए सहमत हो गए हैं. इस दौरान पीठ ने ये भी कहा कि जेकेसीए का संविधान पंजीकृत हो या न हो, चुनाव संविधान के प्रावधानों के अनुसार ही होंगे.
पीठ ने बीसीसीआई से केंद्र शासित प्रदेश की क्रिकेट संस्था के चुनाव कराने में पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त को हर संभव सहायता प्रदान करने को भी कहा. इससे पहले, शीर्ष अदालत ने जेकेसीए के नए संविधान को बरकरार रखा था. संविधान का मसौदा बीसीसीआई की देखरेख में तैयार किया गया था.
लंबे समय से विवादों और अस्थिरता में फंसे जम्मू-कश्मीर क्रिकेट प्रशासन के लिए यह फैसला नई शुरुआत का संकेत माना जा रहा है. कोर्ट के निर्देश से वहां के खिलाड़ियों में नई उम्मीद जगी है कि अब क्रिकेट की प्रतिभाओं को सही मंच और अवसर मिलेगा.

