ETV Bharat / sports

69वीं राष्ट्रीय स्कूली वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में झारखंड को 3 पदक, सीएम और अधिकारियों ने दी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं

नेशनल स्कूल गेम्स में झारखंड के खिलाड़ी लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. स्कूली वेटलिफ्टर्स प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने अपना लोहा मनवाया है.

School Weightlifting Championship
झारखंड के स्कूली वेटलिफ्टर्स. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 9, 2026 at 6:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड के स्कूली वेटलिफ्टर्स ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. 69वीं राष्ट्रीय स्कूली वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने दो रजत और एक कांस्य सहित कुल तीन पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है.

यह प्रतियोगिता 6 से 9 जनवरी 2026 तक क्रीड़ा संकुल, संभाजीनगर स्टेडियम, महाराष्ट्र में आयोजित की गई थी. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में झारखंड की टीम ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया था. प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों के अंडर-19 आयु वर्ग के प्रतिभाशाली वेटलिफ्टर्स शामिल हुए.

झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन

झारखंड के लिए बाबूलाल हेंब्रम ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर टीम को पहला पदक दिलाया. उन्होंने स्नैच में 97 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 128 किलोग्राम वजन उठाया. इस तरह उनका कुल योग 225 किलोग्राम रहा. वहीं सूरज कुमार महतो ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. सूरज ने स्नैच में 108 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 142 किलोग्राम वजन उठाया. उनका कुल योग 250 किलोग्राम रहा.

इसके अलावा रोहन कुमार ने 79 किलोग्राम भार वर्ग में झारखंड को दूसरा रजत पदक दिलाया. रोहन ने स्नैच में 115 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में 142 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 257 किलोग्राम का शानदार प्रदर्शन किया.

सफलता के पीछे कोच और मैनेजर

खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे कोच रंजीत मिश्रा और मैनेजर कुणाल दीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही. दोनों के तकनीकी मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और रणनीतिक तैयारी से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करने का अवसर मिला.

अधिकारियों की प्रतिक्रिया

इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंच पर झारखंड के वेटलिफ्टर्स का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय है. यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है, जो राज्य में खेल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करती हैं.

बधाइयों का सिलसिला शुरू

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह स्कूली स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन मिलता रहा तो झारखंड आने वाले समय में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में लगातार मजबूत प्रदर्शन करता रहेगा.

ये भी पढ़ें-

रांची में 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता: तीसरे दिन 60 मीटर रिकर्व प्रतिस्पर्धा में शानदार प्रदर्शन, झारखंड को मिले दो स्वर्ण और एक रजत

69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने किया कमाल, अंडर-14 और अंडर-19 में डबल गोल्ड

69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता: गोल्ड के साथ झारखंड का शानदार आगाज

ग्वालियर में झारखंड महिला हॉकी टीम जलवा, फाइनल में पहुंची अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग की बालिकाएं