ETV Bharat / sports

रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे दिन झारखंड की दमदार बल्लेबाजी, शिखर मोहन ने जड़ा दोहरा शतक

रांची में चल रही रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में झारखंड ने बल्लेबाजी में अपना दम दिखाया है.

Jharkhand team takes lead over Nagaland in Ranji Trophy cricket match in Ranchi
रांची में रणजी ट्रॉफी का मुकाबला (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : November 2, 2025 at 6:04 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः राजधानी रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में झारखंड की टीम ने नागालैंड के खिलाफ दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच पर मजबूत पकड़ बना ली है.

इससे पहले शनिवार को पहले दिन का खेल बारिश के कारण बाधित रहा था और केवल 31 ओवर का ही खेल संभव हो पाया था. उस समय झारखंड ने दो विकेट खोकर 91 रन बनाए थे. शिखर मोहन 42 और कप्तान विराट सिंह 16 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए थे.

पहले दिन झारखंड की शुरुआत थोड़ी धीमी रही. ओपनर शरणदीप सिंह 22 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नागालैंड की ओर से जोनाथन रोंगेसेन और सौरभ कुमार को एक-एक सफलता मिली. पिच पर नमी के कारण बल्लेबाजों को थोड़ी कठिनाई झेलनी पड़ी और खेल का अधिकांश समय मौसम की मार झेलनी पड़ी.

लेकिन रविवार को दूसरे दिन का मैच का पूरा समीकरण बदल गया. झारखंड के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नागालैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह से दबाव में ला दिया. पहले दिन के स्कोर 91/2 से आगे खेलते हुए झारखंड ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 510 रन बनाकर घोषित कर दी.

झारखंड टीम की ओर से ओपनर शिखर मोहन ने लाजवाब बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक (207 रन) ठोका. उन्होंने 3 छक्के और 21 चौकों की मदद से यह शानदार पारी खेली. उनकी बल्लेबाजी में बेहतरीन टाइमिंग और संयम दोनों देखने को मिला. हर स्ट्रोक में आत्मविश्वास झलक रहा. यह रणजी करियर में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा.

कप्तान विराट सिंह ने भी जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 105 रन बनाए. उन्होंने 2 छक्के और 11 चौकों की मदद से टीम की कमान संभाली और मध्यक्रम को मजबूत किया. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 200 से अधिक रनों की साझेदारी ने टीम को मजबूत आधार दिया.

इसके अलावा निचले क्रम में रोबिन मिंज ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में नाबाद 75 रन ठोके. उनकी पारी में 3 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. उनके आक्रामक तेवरों ने झारखंड के रन रेट को तेजी से आगे बढ़ाया और टीम को 500 के पार पहुंचाया.

नागालैंड की ओर से जोनाथन रोंगेसेन ने 3 विकेट झटके, जबकि तहमीद और इमलीवती को दो-दो सफलता मिली. हालांकि झारखंड के बल्लेबाजों के सामने उनका कोई विशेष असर नहीं दिखा और गेंदबाज थकान से जूझते दिखे.

झारखंड की पहली पारी के जवाब में नागालैंड ने अपनी पारी की शुरुआत संभलकर की. दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने बिना किसी नुकसान के 37 रन बनाए. ओपनर सिद्धजाली 19 और निश्चल 18 रन पर नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं. झारखंड के गेंदबाजों ने नई गेंद से कुछ मौके जरूर बनाए, लेकिन विकेट हासिल करने में सफल नहीं हो सके.

अब तीसरे दिन झारखंड की निगाहें शुरुआती झटके देने पर होंगी ताकि नागालैंड को फॉलोऑन की स्थिति में धकेला जा सके. वहीं नागालैंड की टीम के लिए चुनौती होगी कि वे झारखंड के विशाल स्कोर के दबाव से उबरते हुए टिककर बल्लेबाजी करें.

कुल मिलाकर, दूसरे दिन का खेल पूरी तरह से झारखंड के नाम रहा. शिखर मोहन के दोहरे शतक, कप्तान विराट सिंह की शतकीय पारी और रोबिन मिंज के ताबड़तोड़ अर्धशतक ने टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है. अब मैच का रुख तीसरे दिन झारखंड के गेंदबाज तय करेंगे.

इसे भी पढे़ं- पहले दिन झारखंड की संभलती पारी, बारिश ने बिगाड़ा रणजी मुकाबले की रफ्तार

इसे भी पढे़ं- झारखंड-तमिलनाडु रणजी मुकाबला, ईशान किशन के जड़ा शानदार शतक

इसे भी पढे़ं- टूट गया 64 साल पुराना रिकॉर्ड, रणजी इतिहास के सबसे छोटे मैच में दो खिलाड़ियों ने ली हैट्रिक