ETV Bharat / sports

विजय हजारे ट्रॉफी: झारखंड ने मध्य प्रदेश को दो विकेट से हराया, शिखर मोहन ने लगाया शतक

विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप के रोमांचक मुकाबले में झारखंड ने मध्य प्रदेश को शिकस्त दी है.

Vijay Hazare Trophy
झारखंड टीम के प्लेयर ऑफ द मैच को पुरस्कृत करते आयोजन समिति के सदस्य. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 6, 2026 at 8:55 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप मुकाबले में झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को दो विकेट से हरा कर नॉकआउट में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. यह रोमांचक मुकाबला अहमदाबाद स्थित एडीएसए रेलवे क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया. मैच इतना रोमांचक था कि अंत तक दर्शकों की सांसें अटकी रहीं.

झारखंड को मिला था 278 रनों का टारगेट

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मध्य प्रदेश की टीम 48.4 ओवरों में 277 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. टीम की ओर से अक्षत रघुवंशी ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 64 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि सिवान कुमार ने 67 रन बनाकर मध्यक्रम को मजबूती दी. इसके अलावा अन्य बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके, जिसका फायदा झारखंड के गेंदबाजों ने उठाया.

झारखंड के उत्कर्ष चमके

झारखंड की ओर से गेंदबाजी में उत्कर्ष सिंह सबसे सफल रहे. उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके और मध्य प्रदेश की रन गति पर ब्रेक लगाया. वहीं सुशांत मिश्रा ने 55 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि बाल कृष्ण ने 35 रन देकर 2 अहम विकेट चटकाए. इन गेंदबाजों के संयुक्त प्रयास से झारखंड ने मध्य प्रदेश को 300 के पार जाने से रोक दिया.

शिखर मोहन ने लगाया शतक

277 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड की टीम की शुरुआत संतुलित रही. सलामी और मध्यक्रम बल्लेबाजों ने धैर्य के साथ रन जोड़े, लेकिन पारी की असली रीढ़ बने शिखर मोहन. उन्होंने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 गेंदों पर 103 रन की शतकीय पारी खेली. शिखर की इस पारी में तकनीक और आक्रमण का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला.

उत्कर्ष सिंह ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बल्ले से भी अहम योगदान दिया और 56 रन बनाए. वहीं अनुभवी बल्लेबाज विराट सिंह ने 45 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया. हालांकि अंतिम ओवरों में मध्य प्रदेश के गेंदबाजों ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया और झारखंड के लगातार विकेट गिरते रहे.

47.4 ओवरों में लक्ष्य किया हासिल

मध्य प्रदेश की ओर से कुमार कार्तिकेय सिंह और शिवांग सिंह ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके, लेकिन वे झारखंड की जीत को रोक नहीं सके. अंततः झारखंड ने 47.4 ओवरों में 8 विकेट खोकर 278 रन बनाते हुए दो विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

इस जीत के साथ झारखंड ने न सिर्फ महत्वपूर्ण अंक हासिल किए, बल्कि नॉकआउट में पहुंचने की अपनी दावेदारी भी मजबूत कर ली है. इस जीत से टीम के आत्मविश्वास में निश्चित रूप से इजाफा होगा.

ये भी पढ़ें-

हजारीबाग में होगा DPL का आयोजन, खेल के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पहुंची हजारीबाग, क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह, सड़क पर झूमते नजर आए खिलाड़ी

सैयद मुस्ताक अली ट्रॉफी का देवघर में स्वागत, डीसी ने कहा- अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के लिए जमीन किए जाएंगे चिन्हित