Ranji Trophy: झारखंड ने नागालैंड को पारी और 196 रनों से हराया, अनुकूल रॉय बने प्लेयर ऑफ द मैच
रणजी ट्रॉफी के एक अहम मुकाबले में झारखंड ने नागालैंड को एक पारी और 196 रनों के विशाल अंतर से हराया.

Published : November 4, 2025 at 7:43 PM IST
रांची: राजधानी के जेएससीए स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में झारखंड ने नागालैंड को एक पारी और 196 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर पूरे छह अंक हासिल किए है. घरेलू मैदान पर खेली गई इस एकतरफा भिड़ंत में झारखंड के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है.
नागालैंड की टीम पहली पारी में झारखंड के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और महज 124 रनों पर ढेर हो गई. इसके बाद झारखंड ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम के बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया और विपक्ष पर दबाव बनाए रखा. झारखंड की पारी के जवाब में नागालैंड की दूसरी पारी लंच से पहले ही 160 रन पर सिमट गई, जिससे झारखंड को एक पारी और 196 रनों की आसान जीत मिली.

झारखंड की धारधार गेंदबाजी के सामने नहीं टिक पाई नागालैंड टीम
दूसरी पारी में नागालैंड के बल्लेबाज एक बार फिर झारखंड के स्पिन आक्रमण के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए. टीम के लिए रोंगसेन जोनाथन ने सर्वाधिक 50 रन बनाए जबकि हेम बहादुर छेत्री ने नाबाद 33 रनों की पारी खेली. इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सका. झारखंड की ओर से युवा स्पिनर अनुकूल रॉय ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने दूसरी पारी में 35 रन देकर 5 विकेट झटके. उनके साथ गेंदबाज मनीषी ने भी उम्दा प्रदर्शन करते हुए 62 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.
प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए अनुकूल रॉय
पहली पारी में भी अनुकूल रॉय ने 8 विकेट लेकर नागालैंड को गहराई में धकेल दिया था. मैच में कुल 13 विकेट लेने वाले अनुकूल रॉय को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. झारखंड टीम की यह जीत आने वाले मुकाबलों के लिए मनोबल बढ़ाने वाली रही. घरेलू दर्शकों के सामने झारखंड के खिलाड़ियों का यह आत्मविश्वासी प्रदर्शन राज्य के क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण बना. टीम प्रबंधन ने भी खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस जीत से टीम के आत्मविश्वास में बड़ा इजाफा हुआ है.

रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में झारखंड की शानदार बल्लेबाजी
रणजी ट्रॉफी के इस मुकाबले में झारखंड ने न केवल शानदार बल्लेबाजी दिखाई बल्कि गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में भी अनुशासन और टीम वर्क का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है. झारखंड की यह जीत राज्य के क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ गई है. झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों ने इस जीत पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा है कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में विभिन्न प्रतियोगिता में भी हमारे खिलाड़ी जीत दर्ज करेंगे.
ये भी पढ़ें- रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे दिन झारखंड की दमदार बल्लेबाजी, शिखर मोहन ने जड़ा दोहरा शतक
पहले दिन झारखंड की संभलती पारी, बारिश ने बिगाड़ा रणजी मुकाबले की रफ्तार

