संघर्ष से चमकी नेहा ने इंटरनेशनल लेजर रन में जीता सिल्वर मेडल, धमाल करके भी देश में गुमनाम
जबलपुर में अकादमी को तरस रही सिल्वर मेडलिस्ट नेहा यादव, एशियाई गेम में भारत को दिला सकती हैं मेडल. विश्वजीत सिंह की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 1, 2026 at 3:30 PM IST
जबलपुर: दक्षिण अफ्रीका के शहर मोसेल बे में जब लेजर रन का इंटरनेशनल कंपटीशन हुआ तो जबलपुर की नेहा यादव ने भारत को सिल्वर मेडल दिलवाया लेकिन नेहा की जीत का जश्न किसी ने नहीं मनाया. एशियन गेम और ओलंपिक खेलों में शामिल इस खेल के खिलाड़ी दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और इन खिलाड़ियों के लिए ना तो कोई एकेडमी है और ना ही कोई मैदान. पढ़िए भारत को पदक दिलाने वाली नेहा यादव की संघर्ष की कहानी.
दौड़ना से लेकर तैरना...ऐसे बना अनोखा खेल
दौड़ना और तैरना शारीरिक क्षमता है, लेकिन शूटिंग आपकी मानसिक क्षमता का आकलन है. तेज दौड़ने या तैरने के बाद यदि किसी खिलाड़ी से शूटिंग करवाई जाए तो शायद वह इस मानसिक स्थिति में नहीं होता कि शरीर को बिल्कुल नियंत्रित रखते हुए वह शूटिंग कर सके. एक ऐसा खेल भी बनाया गया है जिसमें एक परफेक्ट खिलाड़ी की कल्पना की गई है और इस खेल में शारीरिक क्षमता मानसिक क्षमता के साथ ही आपकी सहनशीलता का परीक्षण भी होता है.
इन तीनों खूबियां को जोड़कर एक खेल बनाया गया है जिसे पेंटाथलॉन कहा जाता है. इसमें लेजर रन बायथले ट्राइथले और पेंटाथलॉन खेल शामिल हैं. दरअसल पहले यही खेल सेना में खेला जाता था. जब सैनिक दौड़ना, तैरना, घुड़सवारी और तलवारबाजी करके अपना हुनर दिखाते थे.

पेंटाथलॉन खेल क्या होता है
पेंटाथलॉन एक (Multi-Sport) प्रतियोगिता है, जिसमें खिलाड़ी को पांच अलग-अलग खेलों में अपनी क्षमता दिखानी होती है. "पेंटा" का अर्थ है पांच, इसलिए पेंटाथलॉन में पांच स्पर्धाएं शामिल होती हैं. फेंसिंग (तलवारबाजी), तैराकी (Swimming), ऑब्स्टेकल (Obstacle Course) शूटिंग और रनिंग.
लेजर रन (Laser Run)– दौड़ और लेजर पिस्टल शूटिंग का संयुक्त मुकाबला. इसमें 3 किलोमीटर की दौड़ होती है इसी बीच में हर 600 मीटर के बाद एक बार खड़े होकर आपको लगभग 30 मीटर दूर से फायरिंग करनी होती है.

बायथल: दौड़ और तैराकी का संगम
बायथल एक रोमांचक खेल है, जिसमें दौड़ और तैराकी शामिल होती है. प्रतियोगिता में खिलाड़ी पहले दौड़ते हैं, फिर तैराकी करते हैं और अंत में दोबारा दौड़ लगाकर प्रतियोगिता पूरी करते हैं.
ट्रायथल: तीन कौशलों की चुनौती
ट्रायथल में दौड़, तैराकी और लेजर शूटिंग तीनों शामिल होते हैं. खिलाड़ियों को इन तीनों स्पर्धाओं में संतुलित प्रदर्शन करना होता है. अभी इस खेल के बारे में बहुत ज्यादा लोगों को जानकारी नहीं है. लेकिन इसके बावजूद जबलपुर के कटंगा स्कूल के मैदान से नेहा यादव नाम की एक खिलाड़ी मॉडर्न पेंटाथलॉन की तैयारी कर रही हैं.
खिलाड़ी नेहा यादव का संघर्ष
नेहा यादव की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है. लेकिन जब उन्हें मॉडर्न पेंटाथलॉन नाम के खेल के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने दौड़ना, शूटिंग और स्विमिंग तीनों की तैयारी शुरू कर दी. जबलपुर में इसकी कोई एकेडमी नहीं है. नेहा दौड़ और शूटिंग की प्रैक्टिस कटंगा स्कूल के मैदान में करती हैं और स्विमिंग करने के लिए उन्होंने एक निजी स्कूल के स्विमिंग पूल में तैयारी करने की अनुमति ले ली है.

इंटरनेशनल कंपटीशन में सिल्वर मेडल
नेहा यादव ने बताया कि, ''बीते दिनों उन्होंने इसी प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल किया था. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के शहर मोसेल बे में लेजर रन का इंटरनेशनल इवेंट हुआ था और नेहा यादव ने यहां पर भी अपने खेल का कौशल दिखाते हुए भारत का नाम रोशन किया और उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया.''
- मेक्सिको के सबसे ऊंचे पर्वत पर तिरंगा फहराएंगी ज्योति रात्रे, लिम्का बुक में नाम दर्ज कराने की तैयारी
- कैच पकड़ो सोना जीतो, जबलपुर में ज्वेलर्स का IPL, बिजनेस ठप्प पड़ा तो मैदान में उतरे कारोबारी
- ग्वालियर में दिखेगी आईपीएल की धूम, फैन पार्क में क्रिकेट के साथ मस्ती का मिलेगा मौक़ा
एशियन गेम की तैयारी
नेहा यादव को कहना है कि, ''वह फिलहाल एशियन गेम की तैयारी कर रही हैं और लेजर रन के साथ इसी से जुड़े दूसरे खेल के लिए भी तैयार हैं. यदि मौका मिलेगा तो उसमें भी वे अपना कौशल दिखाएंगी.''
नेहा यादव के कोच काशी वर्मा का कहना है कि, ''यह खेल भारत को ओलंपिक मेडल दिलवा सकता है. उन्हें बहुत उम्मीद है कि नेहा आने वाले एशियाई गेम में भारत का नाम रोशन करेगी.'' काशी वर्मा का कहना है कि, ''इस खेल में अभी बहुत गुंजाइश है. उन्होंने नेहा जैसे कई खिलाड़ियों को तैयार किया है कुछ बच्चे ऐसे हैं जिन्हें ओलंपिक के लिए अभी से तैयार किया जा रहा है.''

मध्य प्रदेश में अकादमी खोलने की मांग
काशी वर्मा का कहना है कि, ''आंध्र प्रदेश और उड़ीसा सरकार ने मॉडर्न पेंटाथलॉन खेल में रिजर्वेशन देना शुरू कर दिया है. काशी वर्मा ने राज्य सरकार से मांग की है कि कि मध्य प्रदेश सरकार यदि इस खेल की अकादमी बना दे तो मध्य प्रदेश एशियन गेम और ओलंपिक गेम में अपनी दावेदारी पेश कर सकता है.''
पिछले एशियाई खेलों में दक्षिण कोरिया, चीन और जापान ने इसी खेल में गोल्ड सिल्वर और ब्रांस मेडल हासिल किए थे. दरअसल जिम्मेदार लोगों को खेलों की जानकारी कम है. इसलिए सांसद, विधायक, महापौर कप जैसी प्रतियोगिताएं केवल क्रिकेट तक सीमित रह गई हैं. परंपरा के नाम पर गिल्ली डंडा जैसे खेल भी खेले जा रहे हैं. हालांकि इन खेलों से कौन सा मेडल मिलेगा यह तो पता नहीं है. वहीं दूसरी तरफ नेहा यादव जैसे खिलाड़ी मैदान और स्विमिंग पूल के लिए तरस रहे हैं.

