झारखंड-तमिलनाडु रणजी मुकाबला, ईशान किशन के जड़ा शानदार शतक
कोयंबटूर में खेले जा रहे रणजी मुकाबले में, झारखंड ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए अपनी स्थिति मजबूत कर ली है.

Published : October 15, 2025 at 8:07 PM IST
रांचीः कोयंबटूर में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन झारखंड की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए ठोस शुरुआत की. पहले दिन का खेल समाप्त होने तक झारखंड ने 90 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 307 रन बना लिए थे. टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नाबाद 125 रन की पारी खेली.
ईशान किशन ने अपनी पारी में संयम और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया. उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक स्ट्रोक खेले और तमिलनाडु के गेंदबाजों को दबाव में रखा. यह शतक न केवल झारखंड की पारी को संभालने वाला साबित हुआ, बल्कि टीम के लिए मनोबल बढ़ाने वाला भी रहा.
किशन को युवा बल्लेबाज साहिल राज ने उम्दा सहयोग दिया. उन्होंने नाबाद 64 रन बनाए और ईशान के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई. इससे पहले शरणदीप ने उपयोगी 48 रन का योगदान दिया. इन पारियों की बदौलत झारखंड ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
तमिलनाडु की ओर से गुर्जपनीत सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 51 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और झारखंड की टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी को चुनौती दी. वहीं, अन्य गेंदबाजों को झारखंड के बल्लेबाजों पर नियंत्रण बनाने में कठिनाई हुई.
पहले दिन के खेल के बाद झारखंड की स्थिति मजबूत मानी जा रही है. दूसरे दिन टीम का लक्ष्य 400 रन के पार पहुंचने और तमिलनाडु पर दबाव बनाने का रहेगा. टीम प्रबंधन ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि बल्लेबाजों ने अनुशासन और धैर्य का परिचय दिया है, जो लंबे प्रारूप की सफलता के लिए आवश्यक है.
रणजी ट्रॉफी के इस मुकाबले में झारखंड की नजर जीत के साथ टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत करने पर है. ईशान किशन की यह पारी निश्चित रूप से राज्य के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए गर्व का क्षण है. आने वाले दिनों में टीम अपने इस ठोस प्रदर्शन को बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
ये भी पढ़ेंः
बीसीसीआई की बड़ी गलती, रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में कर डाला ये अजीबो-गरीब काम

