हिमाचल में पहली बार IPL प्लेऑफ का ऐतिहासिक मुकाबला, HPCA में होगा टूर्नामेंट के पहले फाइनलिस्ट का फैसला
क्वालीफायर-1 के लिए धर्मशाला पहुंची गुजरात टाइटन्स की टीम. कप्तान शुभमन गिल की एक झलक पाने के लिए भारी संख्या में उमड़े फैंस.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 24, 2026 at 1:59 PM IST
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में पहली बार आईपीएल प्लेऑफ का ऐतिहासिक मुकाबला होने जा रहा है. ये प्लेऑफ इस टूर्नामेंट के पहले फाइनलिस्ट का फैसला करेगा. ऐसे आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 मुकाबले से पहले गुजरात टाइटन्स की टीम शनिवार को कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंची. टीम के पहुंचते ही एयरपोर्ट परिसर में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखने लायक रहा. बड़ी संख्या में पहुंचे प्रशंसकों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया और अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने के लिए काफी देर तक इंतजार किया.
धर्मशाला पहुंची गुजरात टाइटन्स की टीम
आईपीएल प्लेऑफ के ऐतिहासिक मुकाबले के लिए गुजरात टाइटन्स के खिलाड़ियों के एयरपोर्ट पहुंचने के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. टीम के बाहर निकलते ही फैंस ने 'गिल-गिल' के नारों के साथ जोरदार उत्साह दिखाया. कई क्रिकेट प्रशंसक खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने और ऑटोग्राफ पाने के लिए उत्साहित नजर आए.
26 मई को गुजरात टाइटन्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
बता दें कि, आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटन्स का मुकाबला 26 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा. यह हाई-वोल्टेज मुकाबला धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम धर्मशाला (HPCA) में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा. क्रिकेट विशेषज्ञों के अनुसार यह मुकाबला इस सीजन के सबसे बड़े और रोमांचक मैचों में से एक माना जा रहा है, क्योंकि दोनों टीमों ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन किया है.
क्वालीफायर-1 मैच से पर्यटन कारोबारियों में जगी उम्मीदें
क्रिकेट विशेषज्ञों का कहना है कि, इस सीजन में कप्तान शुभमन गिल बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं. उनकी कप्तानी और लगातार शानदार बल्लेबाजी के दम पर गुजरात टाइटन्स ने अंक तालिका में शीर्ष-2 में जगह बनाई है. टीम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने पूरे टूर्नामेंट में संतुलित प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ तक का सफर तय किया है. धर्मशाला में आईपीएल मुकाबले को लेकर पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी उत्साह है. होटल, टैक्सी और स्थानीय कारोबारियों को मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसकों और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है.
HPCA में होगा टूर्नामेंट के पहले फाइनलिस्ट का फैसला
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम धर्मशाला अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और विश्वस्तरीय सुविधाओं के लिए पहले ही क्रिकेट प्रेमियों के बीच खास पहचान रखता है. धौलाधार की वादियों के बीच होने वाला यह मुकाबला दर्शकों के लिए खेल और प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा संगम साबित होगा. मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए हिमाचल आ रहे सैलानी भारी संख्या में क्रिकेट का लुत्फ उठाने के लिए पहुंच सकते हैं.
अहमदाबाद में फाइनल मुकाबला
वहीं, 27 मई को प्लेऑफ में तीसरे और चौथे नंबर पर रहने वाली टीमों के बीच न्यू चंडीगढ़ में एलमीनेटर राउंड होगा. इसके अलावा 29 मई को दूसरा क्वालीफायर भी न्यू चंडीगढ़ में ही खेला जाएगा. टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला यानी फाइनल मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें: पंजाब में डीए अदायगी के आसार, कर्ज में डूबे हिमाचल में कैसे होगा दस हजार करोड़ से अधिक का इंतजाम?
ये भी पढ़ें: पंचायत चुनाव में खेतों से चौपाल तक दौड़ रहे 'गांव के नेता', एक-एक वोट के लिए बहा रहे पसीना

