'वैभव मेरे घर आइसक्रीम खाता है, मेरी पत्नी से बातें करता है...', RCB प्लेयर ने किया बड़ा खुलासा
Jitesh Sharma on Vaibhav Sooryavanshi: आरसीबी बल्लेबाज ने वैभव सूर्यवंशी को अनप्रोफेशनल कहने पर सफाई दी है.

Published : May 3, 2026 at 3:13 PM IST
Jitesh Sharma on Vaibhav Sooryavanshi: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा ने हाल ही में राजस्थान रॉयल्स (RR) के ओपनर वैभव सूर्यवंशी को अनप्रोफेशनल कहकर एक चर्चा छेड़ दी थी. जिसकी वजह से सोशल मीडिया पर थोड़ा विवाद खड़ा हो गया. हालांकि जितेश ने यह टिप्पणी वैभव की उम्र को देखते हुए की थी.
अब जितेश ने RCB के पॉडकास्ट अपनी उसी टिप्पणी पर सफाई दी है, जो उनके और वैभव के बीच गहरे रिश्ते को दर्शाता है. जितेश ने बताया कि जब एबी सर (एबी डिविलियर्स) के साथ उनके यूट्यूब चैनल पर वैभव के बारे में बात हुई तो उन्होंने उनको काफी प्रोफेशनल कहा तो मैं ने कहा की नहीं वो प्रोफेशनल नहीं बच्चा है. अब उसी टिप्पणी पर जितेशन ने सफाई दी है.
वह मेरे छोटे भाई जैसा है
जितेश ने आरसीबी के पॉडकास्ट में कहा, 'वह 15 साल का एक बच्चा है जिसे आइसक्रीम बहुत पसंद है. वह मेरे कमरे में आता है और मेरे साथ आइसक्रीम खाता है, मैं तो नहीं खाता, लेकिन वह खाता है. अगर कोई बच्चा आइसक्रीम नहीं खाना चाहेगा, तो फिर वह और क्या खाएगा? वह हमारे घर आता है, मेरी पत्नी से बातें करता है और यूट्यूब पर वीडियो देखता है. हम दोनों बहुत करीब हैं, वह मेरे छोटे भाई जैसा है.'
जितेश ने सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि सूर्यवंशी को पेशेवर दुनिया की चकाचौंध में होने के बावजूद अपने बचपन का मजा लेने दिया जाना चाहिए.
टीवी देखो और जो मन करे वो खाओ
जितेश ने ये भी कहा, 'लोग क्या कहते हैं, मुझे इसकी कोई परवाह नहीं है. उससे बहुत ज्यादा प्रोफेशनल होने की उम्मीद की जाती है क्योंकि उसे इस स्तर पर प्रदर्शन करना है, लेकिन वह अभी भी सिर्फ 15 साल का है. बच्चे को बच्चा ही रहने दो. जब वह मेरे साथ होता है, तो वह जैसा है वैसा ही रह सकता है क्योंकि मैं उसे जज नहीं करता. मैं उससे कहता हूं, तुम अभी सिर्फ 15 साल के हो. टीवी देखो, जो मन करे वो खाओ, और बस अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान दो, और वह इसी तरह खुश रहता है.'
वैभव का प्रदर्शन
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी इस सीजन शानदार फॉर्म में है. वो 10 पारियों में 40.40 की औसत और 237.64 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से कुल 404 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में है. जिसमें दो बार 15 गेंद में फिफ्टी और एक बार 36 गेंद में सेंचुरी भी शामिल है. वहीं जितेश शर्मा ने 7 पारियों में 112.50 के स्ट्राइक रेट से 63 रन बनाए हैं.
RCB का अगला मुकाबला 7 मई को लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा, जबकि राजस्थान 9 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी.

