एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026, तीसरे दिन भारत ने झटके 6 मेडल, 26 पदों के साथ टॉप पर इंडिया
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. भारत ने आज 6 मेडल अपने नाम किए.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 19, 2026 at 7:33 PM IST
देहरादून: एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 के तीसरे दिन भी भारत ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 6 मेडल अपने नाम किए, जबकि 26 पदकों के साथ भारत मेडल टैली में पहले स्थान पर बना हुआ है.
दरअसल, देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित हिमाद्रि आइस रिंक में चल रही एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 के तीसरे दिन मुकाबले और भी रोमांचक हो गए। चार दिवसीय प्रतियोगिता के पेनल्टीमेट यानी तीसरे दिन भारत समेत 14 देशों के खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली. कई रेस में खिलाड़ियों के बीच इतना करीबी मुकाबला रहा कि फिनिश लाइन तक यह तय करना मुश्किल रहा कि कौन सा खिलाड़ी पहले स्थान पर रहेगा. भारतीय खिलाड़ियों ने घरेलू बर्फ पर शानदार रफ्तार, रणनीति और संयम का प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग आयु वर्गों में 6 मेडल अपने नाम किए। इसके साथ ही भारत ने मेडल टैली में अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है.
26 मेडल के साथ भारत टॉप पर, 8 गोल्ड भी खाते में: प्रतियोगिता के तीसरे दिन के बाद जारी मेडल टैली में भारत सबसे ऊपर है. भारत के खाते में अब तक 8 गोल्ड, 7 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज समेत कुल 26 मेडल हैं. वहीं थाईलैंड 8 गोल्ड, 3 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज के साथ 13 मेडल लेकर दूसरे स्थान पर है, जबकि चीन 7 गोल्ड, 6 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज के साथ 17 मेडल लेकर तीसरे स्थान पर है.

भारत के लिए खास बात यह है कि कुल मेडल संख्या में वह अपने प्रतिद्वंद्वी देशों से काफी आगे निकल चुका है. घरेलू आइस पर भारतीय खिलाड़ियों के लगातार पोडियम फिनिश ने टीम का मनोबल बढ़ाया है. अब प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत की कोशिश अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए मेडल टैली में शीर्ष स्थान के साथ चैंपियनशिप का समापन करने की होगी.
जूनियर सी बॉयज 500 मीटर में भारत की गोल्ड-सिल्वर जोड़ी: तीसरे दिन भारत को सबसे बड़ी सफलता जूनियर सी बॉयज 500 मीटर में मिली. इस स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और सिल्वर दोनों मेडल अपने नाम किए.

- सिद्धांत मांजरे ने 45.56 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया.
- भारत के ही यश परिजात जमदार ने 45.99 सेकेंड में रेस पूरी कर सिल्वर मेडल जीता.
- हांगकांग के Man Karl ने 47.27 सेकेंड के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
सिद्धांत के लिए यह प्रतियोगिता में एक और शानदार उपलब्धि रही. इससे पहले भी वह 1000 मीटर स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं. ऐसे में तीसरे दिन 500 मीटर में भी गोल्ड जीतकर उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखा.
सीनियर महिला 500 मीटर में साई सहाना का सिल्वर: भारतीय खेमे के लिए तीसरे दिन का एक और महत्वपूर्ण प्रदर्शन सीनियर महिला 500 मीटर में देखने को मिला. भारत की साई सहाना ने शानदार रेस करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया.

- थाईलैंड की Chatthaisong Thanutchaya ने 47.53 सेकेंड के साथ गोल्ड जीता.
- साई सहाना ने 50.90 सेकेंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया.
- चीन की Liu Yuchen ने ब्रॉन्ज मेडल जीता.
साई सहाना का यह प्रदर्शन इसलिए भी महत्वपूर्ण है. क्योंकि सीनियर वर्ग में एशिया की अनुभवी और मजबूत खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हो रहा है. ऐसे में भारत के लिए सीनियर महिला वर्ग में सिल्वर मेडल आने वाले मुकाबलों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.
जूनियर बी बॉयज और जूनियर ए बॉयज में भारत को ब्रॉन्ज: जूनियर बी बॉयज 500 मीटर में थाईलैंड के Kostivanich Aunnipit ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि हांगकांग के Lo Cheuk Yan Tristan ने सिल्वर हासिल किया. भारत के अद्वैत कोठारी ने 44.34 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. अद्वैत इससे पहले भी इस प्रतियोगिता में भारत के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है. वहीं जूनियर ए बॉयज 500 मीटर में भी भारत को ब्रॉन्ज मेडल मिला. इंडोनेशिया के Firdaus Kayshan Azri Putra ने गोल्ड और थाईलैंड के Phuatrakul Kiritsanapon ने सिल्वर जीता, जबकि भारत के प्रणव माधव सुरपानेनी ने 44.139 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.
जूनियर डी बॉयज में किर्ती राज सिंह ने बचाया भारत का पोडियम: जूनियर डी बॉयज 333 मीटर में चीन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा.
- चीन के Wei Xiheng ने गोल्ड और Tang Shengije ने सिल्वर मेडल जीता.
- वहीं भारत के किर्ती राज सिंह ने 32.28 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर पोडियम पर भारत की मौजूदगी कायम रखी.
इस स्पर्धा में भी मुकाबला बेहद कड़ा रहा और भारतीय खिलाड़ी ने चीन के मजबूत खिलाड़ियों के बीच अपनी जगह बनाते हुए देश के खाते में एक और मेडल जोड़ा.
चीन, थाईलैंड और हांगकांग की भी मजबूत चुनौती: तीसरे दिन चीन ने कई स्पर्धाओं में अपना दबदबा कायम रखा. जूनियर डी गर्ल्स 333 मीटर में चीन ने तीनों मेडल अपने नाम किए.
- Li Wenxi ने गोल्ड
- Liu Chenxi ने सिल्वर
- Phusanisa Srinothai ने ब्रॉन्ज मेडल जीता.
वहीं जूनियर बी महिला, जूनियर ए महिला और पुरुष वर्गों में थाईलैंड, चीनी ताइपे, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया.
- जूनियर सी गर्ल्स 500 मीटर में इंडोनेशिया की Kinasih Matsuri ने गोल्ड.
- ऑस्ट्रेलिया की Rachel Tan Yi Lin ने सिल्वर.
- हांगकांग की Jacey Annabelle Yeung ने ब्रॉन्ज मेडल जीता.
- वहीं पुरुष 500 मीटर में चीनी ताइपे के Lin Chun-Chieh ने गोल्ड
- हांगकांग के Lou Zhanshuo ने सिल्वर
- मंगोलिया के Erdenbileg Munkh-Erdene ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया.
अब आखिरी दिन पर टिकी निगाहें: तीन दिनों के मुकाबलों के बाद भारत ने कुल 26 मेडल के साथ मेडल टैली में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. भारतीय खिलाड़ियों ने जूनियर से लेकर सीनियर वर्ग तक लगातार पोडियम फिनिश हासिल किए हैं. दूसरी तरफ चीन, थाईलैंड, हांगकांग और चीनी ताइपे जैसी मजबूत टीमें भी लगातार भारत को चुनौती दे रही हैं. एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का अब आखिरी दिन बाकी है. भारत के पास जहां 8 गोल्ड समेत 26 मेडल हैं, वहीं टीम की नजर अब अंतिम दिन और पदक जीतने के साथ-साथ नंबर-1 की अपनी स्थिति को बरकरार रखने पर है. देहरादून की हिमाद्रि आइस रिंक में चार दिन से चल रही रफ्तार की यह जंग अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है और आखिरी दिन के मुकाबले तय करेंगे कि भारत एशिया की इस बड़ी प्रतियोगिता का समापन किस अंदाज में करता है.
पढ़ें---

