ETV Bharat / sports

भारत को मिली महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की मेजबानी, पाकिस्तान टूर्नामेंट से हुआ बाहर, जानें क्यों?

महिला चैंपियंस ट्रॉफी 14 से 28 फरवरी 2027 तक मुंबई और वडोदरा में खेली जाएगी.

महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027
महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 (Gettey Images)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : September 3, 2026 at 9:53 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

Women's Champions Trophy 2027: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पहली बार होने वाली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के हवाले से बड़ा फैसला किया है. ये टूर्नामेंट अब श्रीलंका के बजाए भारत में आयोजित होगा. दरअसल ICC ने श्रीलंका में क्रिकेट से जुड़े प्रशासनिक विवादों के कारण उससे मेजबानी वापस ले ली है.

टी20 फॉर्मेट में खेला जाने वाला ये टूर्नामेंट अगले साल 14 से 28 फरवरी 2027 तक मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया और गुजरात के वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे.

ICC ने क्या कहा?
क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ICC अपने एक बयान में कहा, 'यह टूर्नामेंट पहले श्रीलंका में होना था, लेकिन अब इसे भारत में आयोजित किया जाएगा क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट आईसीसी की जुलाई में हुई वार्षिक बैठक में बताए गए जरूरी सुधारों को अभी तक पूरा नहीं कर सका है.'

ICC ने अपने बयान में आगे कहा, 'बोर्ड ने नए मेजबान के लिए बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ्रीका के नाम पर विचार किया, लेकिन तय नियमों और मानकों के आधार पर आईसीसी ने भारत को श्रीलंका की जगह नया मेजबान बनाने की सिफारिश की. आईसीसी बोर्ड ने दो सितंबर को इस फैसले को मंजूरी भी दे दी.'

पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर
इस टूर्नामेंट में दुनिया की छह प्रमुख महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी. जिसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के नाम शामिल हैं. जबकि पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. क्योंकि इन 6 टीम का चयन आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग के आधार पर किया गया है. और रैंकिंग में पाकिस्तान 8वें स्थान पर है. इसके अलावा इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की टीम भी भाग नहीं ले सकेगी. क्योंकि उनकी भी रैंकिंग नीचे है.

महिला चैंपियंस ट्रॉफी का फॉर्मेट
टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा. यानी की सभी छह टीम पहले राउंड-रॉबिन लीग में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी. इसके बाद शीर्ष दो टीम 28 फरवरी को फाइनल खेलेंगी.

नए दौर की शुरुआत
आईसीसी के चेयरमैन जय शाह बोर्ड के इस फैसले की सराहना की और कहा कि ये महिला क्रिकेट के लिए एक नए और रोमांचक दौर की शुरुआत है और इससे महिला क्रिकेट को और बढ़ावा देने में मदद मिलेगी.

जय शाह ने कहा, 'आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 महिला क्रिकेट के लिए एक नए और रोमांचक दौर की शुरुआत होगी. यह इस टूर्नामेंट का पहला टूर्नामेंट होगा जिसमें दुनिया की बेहतरीन टीम एक बड़े और कड़े मुकाबले में हिस्सा लेंगी. इससे इन टीम को अपनी रैंकिंग बेहतर करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने के लिए और अधिक प्रेरणा मिलेगी.'

उन्होंने ये भी कहा, 'अब हर साल एक बड़ा आईसीसी महिला टूर्नामेंट आयोजित होगा. इससे महिला क्रिकेट को और बढ़ावा देने, प्रतियोगिताओं में निरंतरता लाने और दुनिया भर की महिला खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों के लिए क्रिकेट को और मजबूत बनाने का अच्छा मौका मिलेगा.'

बता दें कि भारत ने पिछले साल महिला वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी भी की थी और भारतीय महिला टीम ने पहली बार यह खिताब जीता था.

ये भी पढ़ें

एक मेडन, 0 रन, 3 विकेट! दीप्ति शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में रचा इतिहास

भारत ने जीत के साथ महिला एशिया कप का किया शानदार आगाज, थाईलैंड को 94 रनों से हराया