कोलकाता टेस्ट: टॉप थ्री टेस्ट जीतों में से एक, दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज ने बोली बड़ी बात
IND vs SA 1st Test: दक्षिण अफ्रीका ने कोलकाता में भारत पर 30 रनों से जीत दर्ज करके 15 साल का सूखा खत्म कर दिया.

Published : November 17, 2025 at 3:38 PM IST
|Updated : November 17, 2025 at 4:41 PM IST
हैदराबाद: भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट में 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा. तीन दिनों के अंदर प्रोटियाज को मिली यह जीत 2010 के बाद से भारत में पहली टेस्ट जीत भी है. इसके साथ मेहमान टीम दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.
पहली पारी में 30 रनों से पिछड़ने के बावजूद दक्षिण अफ्रीकी टीम ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की और कप्तान टेम्बा बावुमा के नाबाद 55 रनों की बदौलत 153 रन बनाने में सफल रहा, जिससे भारत को 124 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन प्रोटियाज गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को 93 रन पर समेट कर जीत पक्की कर ली.
कोलकाता टेस्ट की जीत टॉप थ्री जीतों में शामिल
मेहमान टीम के लिए ये जीत किसी सपने से कम नहीं थी, क्योंकि ये जीत हासिल करने में उनको 15 साल लग गए. इसके अलावा भारत जैसी मजबूत टीम को उसी की धरती पर हराना दक्षिण अफ्रीका के लिए बहुत मायने रखती है. इस जीत से खुश दिग्गज तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने कोलकाता टेस्ट की जीत को टॉप थ्री जीतों में शुमार किया है.
Pitch-side reactions from Eden Gardens! 🎙️
— Proteas Men (@ProteasMenCSA) November 17, 2025
Kagiso Rabada reflects on a monumental victory in the opening Test match of the series. 🇿🇦🔥 pic.twitter.com/chRTcylowf
रबाडा ने प्रोटियाज मेन्स अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, 'निश्चित रूप से टॉप पर. इस सीजन में हमने जिस तरह की जीत हासिल की है, उसे देखते हुए यह कहना मुश्किल है क्योंकि हमने कुछ शानदार जीत हासिल की हैं. लेकिन यह जीत निश्चित रूप से टॉप थ्री में शामिल है.'
'ये एक भावनात्मक मैच था'
हालांकि रबाडा पसलियों की चोट के कारण ये टेस्ट नहीं खेल पाए, लेकिन उन्होंने कहा कि मैदान के बाहर से मैच देखना वाकई एक भावनात्मक उतार-चढ़ाव भरा अनुभव था. 'यह एक सामान्य टेस्ट क्रिकेट था. मेरा मतलब है, खेल के उतार-चढ़ाव. हम खुद को बैकफुट पर पाते थे और फिर किसी तरह फ्रंटफुट पर आकर मैच खत्म करने में कामयाब रहे.'
उन्होंने आगे कहा कि प्रोटियाज को अपने सभी खिलाड़ियों पर भरोसा है जो किसी भी परिस्थिति में टीम को जीत दिलाने में योगदान देंगे. 'पहली पारी में एडेन और रिकेल्टन के साथ हमारी शुरुआत अच्छी रही, मार्को ने डटकर खेला, बोशी ने अहम मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया, सभी ने योगदान दिया और सच में, यही इस टीम की खासियत है.'
🚨 MATCH RESULT 🚨
— Proteas Men (@ProteasMenCSA) November 16, 2025
An incredible performance from #TheProteas Men at Eden Gardens! 🏟🔥
A phenomenal turnaround as South Africa claims victory by 30 runs to go 1-0 up in the Test series! 🇿🇦 pic.twitter.com/3jDrTZpCVd
हर खिलाड़ी खास है
रबाडा ने ये भी कहा, 'चाहे कोई भी बाहर बैठे, हम जीतने का कोई न कोई रास्ता निकाल ही लेंगे. टेम्बा हमारे लिए अहम रहे हैं, लेकिन उन्होंने हर मैच नहीं खेला है. मैं यह मैच नहीं खेला। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. मैदान पर जो भी उतरेगा, हमें विश्वास है कि वह काम कर सकता है.'
बता दें कि इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने 12 अंक हासिल किए और वो अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका अब शनिवार, 22 नवंबर को को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में भारत से दूसरे टेस्ट में भिड़ेगी.

