ETV Bharat / sports

IND vs ENG: 'बेहद खराब और अस्वीकार्य...' तीसरा टी20 हारने के बाद कप्तान अय्यर ने बोली बड़ी बात

IND vs ENG 3rd T20: कप्तान श्रेयस अय्यर ने 125 रनों की करारी हार के बाद कहा कि इस तरह का प्रदर्शन अस्वीकार्य है.

श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर (IANS)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : July 8, 2026 at 12:43 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

IND vs ENG 3rd T20: इंग्लैंड ने शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन करते हुए तीसरे टी20 मैच में टीम इंडिया को 125 रनों से बुरी तरह हरा दिया, और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली (पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था). यह पहली बार था जब भारत को T20I में 100 से अधिक रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा.

अय्यर की कप्तानी में भारत ने अभी तक एक भी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं जीता है. भारतीय टीम 202 रन की लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 11.4 ओवर में 76 रन पर आउट हो गई और उसे रन के लिहाज से सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा.

इस करारी हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी टीम के प्रदर्शन को बेहद खराब करार दिया और कहा कि इस तरह का प्रदर्शन अस्वीकार्य है. अय्यर ने मैच के बाद कहा, 'यह बेहद निराशाजनक था, इतने बड़े अंतर से हारना स्वीकार्य नहीं है. सबसे पहले हमें हार को स्वीकार करना होगा और नए सिरे से रणनीति बनानी होगी.'

ये पिच 200 रनों वाली नहीं थी
अय्यर का मानना ​​था कि ट्रेंट ब्रिज की इस पिच पर गेंदबाजों को 200 रन नहीं देने चाहिए थे. उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि यह 200 विकेट वाली पिच थी. हमने पावरप्ले में चार विकेट गंवा दिए और इसी वजह से हम पिछड़ गए. आप कितनी भी योजना बना लें, लेकिन मैदान पर उतरने के बाद आपको परिस्थितियों के अनुसार ढलना पड़ता है. और यह समझना होता है कि किसी खास विकेट पर किस लेंथ पर गेंदबाजी करना सही रहेगा. जैसे आज, 'हार्ड लेंथ' पर गेंदबाजी करने से गेंदबाजों को काफी मदद मिल रही थी. मुझे लगता है कि हम उस पर ठीक से अमल नहीं कर पाए.

मजबूत वापसी करनी होगी
उन्होंने आगे कहा, 'हमारी बल्लेबाजी की बात करें तो, जब आप 200 रन का पीछा कर रहे हों, तो आपको अपनी पारी की गति बढ़ानी होती है. आपके पास एक तय तरीका होना चाहिए कि आप पारी को कैसे आगे बढ़ाएंगे. तो हम उस मामले में थोड़े पीछे रह गए. इसलिए निश्चित रूप से हमारा प्रदर्शन बहुत खराब रहा. हमें अब अतीत के बारे में नहीं सोचना होगा और मजबूत वापसी करनी होगी. हमारे प्रत्येक खिलाड़ी को इस पर विचार करना होगा कि वह किस तरह से योगदान दे सकता है.'

अभी दो मैच और बाकी हैं, ऐसे में मौजूदा T20 वर्ल्ड कप विजेता के खिलाफ इंग्लैंड यह सीरीज हार नहीं सकता क्योंकि पहला T20I मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. गुरुवार को ब्रिस्टल में चौथा टी20 मैच और शनिवार को साउथेम्प्टन में अंतिम मैच खेला जाएगा.

ये भी पढ़ें

IND vs ENG: टी20 में भारत को सबसे बड़ी हार का सामना, इंग्लैंड ने 125 रनों से दी मात