विजय हजारे ट्रॉफी: अर्शदीप की गेंदबाजी से पंजाब की धमाकेदार जीत, राजस्थान ने तमिलनाडु को हराया
विजय हजारे ट्रॉफी में आज पंजाब ने सिक्किम को रौंदा, महाराष्ट्र ने मुंबई को हराया, राजस्थान ने तमिलनाडु को रोमांचक मुकाबले में मात दी.

Published : January 3, 2026 at 8:53 PM IST
जयपुर: शहर के अलग-अलग मैदानों पर खेले जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट में आज पंजाब ने सिक्किम पर धमाकेदार जीत दर्ज की. जयपुरिया मैदान पर टॉस जीतकर पंजाब ने सिक्किम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया, लेकिन सिक्किम की पूरी टीम मात्र 75 रन पर ऑलआउट हो गई. सिक्किम का कोई भी बल्लेबाज पंजाब की गेंदबाजी के आगे टिक नहीं पाया. पंजाब की ओर से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आधी से ज्यादा सिक्किम टीम को पवेलियन भेजा और पांच विकेट झटके. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने मात्र 6.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए मुकाबला जीत लिया. पंजाब के कप्तान प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंदों पर नाबाद 53 रनों की तूफानी पारी खेली.
वहीं, केएल सैनी स्टेडियम पर खेले गए गोवा और उत्तराखंड के बीच मुकाबले में उत्तराखंड ने यह मुकाबला सात विकेट से जीता. गोवा पहले बल्लेबाजी करते हुए 270 रनों पर ऑलआउट हो गई और उत्तराखंड ने तीन विकेट गंवाकर मुकाबला जीत लिया. इसके अलावा अनंतम ग्राउंड पर खेले गए छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश के बीच मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने हिमाचल को तीन विकेट से हराया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी हिमाचल की टीम निर्धारित पचास ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 320 रन बनाए और छत्तीसगढ़ की टीम ने सात विकेट गंवाकर यह लक्ष्य हासिल कर जीत अपने नाम की.
इसे भी पढ़ें- 6,6,6,6,6 विजय हजारे में हार्दिक का आया तूफान, एक ओवर में जड़ दिए 5 छक्के
महाराष्ट्र ने मुंबई को हराया: इसके अलावा सवाई मानसिंह स्टेडियम पर मुंबई और महाराष्ट्र के बीच खेले गए एक अन्य मुकाबले में महाराष्ट्र ने मुंबई को 128 रनों से हराया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी महाराष्ट्र की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 366 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 238 रनों पर ऑलआउट हो गई.
राजस्थान की जीत: वहीं, अहमदाबाद में आज खेले गए राजस्थान-तमिलनाडु मैच को राजस्थान ने अशोक शर्मा की घातक गेंदबाजी और मानव सुथार के ऑलराउंड प्रदर्शन की मदद से 10 रनों से जीता. पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की टीम 225 रनों पर ऑलआउट हो गई. राजस्थान की ओर से दीपक हुड्डा ने 70 और मानव सुथार ने 43 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि तमिलनाडु के गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने चार विकेट झटके. लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम 215 रनों पर ऑलआउट हो गई और राजस्थान ने यह रोमांचक मुकाबला अपने नाम किया. राजस्थान की जीत में तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने 5 विकेट, मानव सुथार ने 3 विकेट लिए, जबकि खलील अहमद और दीपक हुड्डा ने 1-1 विकेट हासिल किए.

