ETV Bharat / sports

IHPL 2025 के ओपनिंग मैच में गुलमर्ग रॉयल्स ने उरी पैंथर्स को हराया

Indian Heaven Premier League 2025: गुलमर्ग के नदीम डार ने सिर्फ सात रन देकर पांच विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता.

IHPL 2025 के ओपनिंग मैच में गुलमर्ग रॉयल्स ने उरी पैंथर्स को हराया
IHPL 2025 के ओपनिंग मैच में गुलमर्ग रॉयल्स ने उरी पैंथर्स को हराया (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : October 26, 2025 at 9:41 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

श्रीनगर: इंडियन हेवन प्रीमियर लीग (IHPL 2025) का आगाज शनिवार को श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में धूमधाम से हुआ. दो हफ्ते तक चलने वाले इस लीग में इंटरनेशनल क्रिकेटर और कश्मीरी टैलेंट एक साथ नजर आएंगे.

हालांकि ओपनिंग मैच में भीड़ कम थी, लेकिन जब कश्मीर के स्टेडियम के अंदर दुनिया भर के खिलाड़ी मैदान में उतरे तो लोगों का जोश साफ दिख रहा था. जम्मू कश्मीर के खेल मंत्री सतीश शर्मा ने इस लीग का उद्घाटन किया और इसे जम्मू कश्मीर के खेल समुदाय के लिए गर्व का दिन बताया.

शर्मा ने कहा, 'मैं आप सभी को बधाई देता हूं और स्वागत करता हूं, इंडियन हेवन प्रीमियर लीग के खिलाड़ी और आयोजक प्यार और दोस्ती का संदेश लेकर जम्मू कश्मीर की धरती पर आए हैं.'

उन्होंने आगे कहा कि जम्मू कश्मीर में खेल की अपार क्षमता है जिसे राष्ट्रीय और वैश्विक मंचों पर दिखाने का इंतजार है. हमारे युवा क्रिकेट को लेकर बहुत जुनूनी हैं. IHPL जैसे इवेंट उन्हें बड़े सपने देखने और दिग्गजों के साथ खेलने का मौका देते हैं. हमारे नेता उमर अब्दुल्ला साहब की ओर से, मैं यहां मौजूद सभी को शुभकामनाएं देता हूं. इस गर्मजोशी और मेहमाननवाजी की धरती पर अपने समय का आनंद लें.'

IHPL 2025 का पहला मैच कैसा रहा?
पहले मैच में गुलमर्ग रॉयल्स ने उरी पैंथर्स पर 37 रन की शानदार जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए, रॉयल्स ने सरुल के 44 गेंदों में नाबाद 55 रन, थिसारा परेरा के 33 गेंदों में 39 रन और अफनान के 20 गेंदों में तेज 26 रनों की मदद से 4 विकेट पर 142 रन बनाए.

जवाब में, उरी पैंथर्स 16.4 ओवर में 105 रन पर ऑल आउट हो गई. पैंथर्स के साहिल के 37 गेंदों में 45 रन बेकार गए, जबकि नदीम डार रॉयल्स के लिए सबसे शानदार परफॉर्मर रहे, उन्होंने सिर्फ सात रन देकर पांच विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता.

IHPL 2025 में दिग्गज क्रिकेटरों का होगा जलवा
IHPL 2025 में दुनिया के कुछ सबसे बड़े क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया है. वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल पुलवामा टाइटन्स के लिए खेल रहे हैं, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज शॉन मार्श जम्मू लायंस में हैं और न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन उरी पैंथर्स के लिए खेलेंगे. पूर्व कीवी ऑलराउंडर जेसी राइडर किश्तवाड़ जायंट्स के लिए खेलेंगे, जबकि जम्मू-कश्मीर के परवेज रसूल और डेवोन स्मिथ लद्दाख हीरोज को मजबूती प्रदरान करेंगे.

स्टार लाइनअप में पटनीटॉप वॉरियर्स के लिए दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर और इंग्लैंड के पीटर ट्रेगो हैं. श्रीनगर सुल्तांस के लिए श्रीलंकाई विकेटकीपर निरोशन डिकवेला, और गुलमर्ग रॉयल्स के लिए ऑलराउंडर थिसारा परेरा और जिम्बाब्वे के क्रिस्टोफर म्पोफू भी शामिल हैं.

IHPL 2025 कब से कब तक चलेगी?
यह लीग 25 अक्टूबर से 8 नवंबर तक चलेगी, जिसमें पूरे क्षेत्र की आठ फ्रेंचाइजी हिस्सा ले रही हैं. रविवार 26 अक्टूबर को दो मैच खेले जाएंगे. सुबह के मैच में जम्मू लायंस का मुकाबला गुलमर्ग रॉयल्स से होगा, और शाम को लद्दाख हीरोज का मुकाबला किश्तवाड़ जायंट्स से होगा.

ये भी पढ़ें

कश्मीर में सजेगा क्रिकेट का मंच, गेल श्रीनगर में फिर मचाएंगे धमाल, जानिए IHPL में कौन-कौन से खिलाड़ी लेंगे हिस्सा