अंडर 19 वर्ल्ड कप में चौके-छक्के बरसाएगा हरियाणा का ऑलराउंडर छोरा, IPL में RCB के लिए पहले हो चुका सिलेक्शन
हरियाणा के क्रिकेटर कनिष्क चौहान का अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्डकप के लिए सिलेक्शन हुआ है जिसके बाद झज्जर और सिरसा में जश्न का माहौल है.

Published : December 28, 2025 at 9:19 PM IST
सिरसा : हरियाणा के रहने वाले क्रिकेटर कनिष्क चौहान का अंडर-19 वर्ल्डकप के लिए चयन किया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है जिसमें कनिष्क चौहान का नाम भी शामिल है. कनिष्क के सिलेक्शन के बाद से झज्जर और सिरसा में जश्न का माहौल है.
सिरसा में रहते हैं कनिष्क चौहान : कनिष्क चौहान सिरसा के शाह सतनाम बॉयज कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर के स्टूडेंट हैं. वे सालों से डेरे के स्टेडियम में ही प्रैक्टिस कर रहे हैं. पहले उसका परिवार भी सिरसा में शिफ्ट हो गया था. बाद में परिवार झज्जर लौट गया. फिलहाल कनिष्क सिरसा में रहते हैं और यहीं अपनी प्रैक्टिस करते हैं. 16 दिसंबर को अबू धाबी में हुई IPL 2026 की मिनी ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु RCB ने कनिष्क को 30 लाख रुपए की बेस प्राइस पर खरीदा. कनिष्क दाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑफ-ब्रेक स्पिन गेंदबाज हैं.
झज्जर में कनिष्क की फैमिली : कनिष्क के पिता प्रदीप कुमार खेतीबाड़ी करते हैं और मां सरिता गृहिणी हैं. कनिष्क का जन्म 26 सितंबर 2006 को हुआ था. वे परिवार के इकलौते बेटे हैं. कनिष्क ने बचपन से ही क्रिकेट में दिलचस्पी दिखाई. 4 साल की उम्र में ही गाजियाबाद में उन्होंने क्रिकेट एकेडमी जॉइन की. 8 साल की उम्र में कनिष्क ने सिरसा में ट्रायल दिया. डेरा सच्चा सौदा में फैसिलिटी अच्छी थी तो वहीं पर कोचिंग रेगुलर शुरू कर दी. बेटे की तैयारी के लिए साल 2014 में परिवार झज्जर से सिरसा शिफ्ट हो गया.

बेस्ट ऑल राउंडर ऑफ द सीरीज़ का पुरस्कार : कनिष्क ने शाह सतनाम स्टेडियम में क्रिकेट खेलना शुरू किया. करीब 15 साल की तपस्या के बाद कनिष्क को पहली बार इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका साल 2024 में मिला, जब अंडर 19 टीम में उनका चयन हुआ और उन्होंने इंग्लैंड की टीम के साथ डेब्यू मैच खेला. कनिष्क ने इंग्लैंड में 5 वनडे मैच खेले जिनमें 8 विकेट चटकाए. इसके साथ ही उन्होंने 114 रन बनाए थे. इस प्रदर्शन के लिए कनिष्क को बेस्ट ऑल राउंडर ऑफ द सीरीज़ का पुरस्कार भी मिला.

अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए सिलेक्शन : इंग्लैंड के अपने पहले दौरे पर किए प्रदर्शन के आधार पर कनिष्क का चयन ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए हुआ. फिर चैलेंजर ट्रॉफी और अफगानिस्तान के साथ खेले. उनमें परफॉर्मेंस के आधार पर ही अंडर 19 एशिया कप के लिए टीम में उनका नाम आया. कनिष्क ने अंडर 19 एशिया कप के लीग मुकाबलों में पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन किया. 14 दिसंबर को हुए मैच में उनके बल्ले से 48 रन निकले और 3 विकेट भी लिए. हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार उन्हें मिला. अब वर्ल्ड कप टीम में चयन के पीछे यही प्रदर्शन आधार बना है.

आईपीएल 2026 के लिए पहले हो चुका सिलेक्शन : शाह सतनाम क्रिकेट एकेडमी सिरसा के उभरते हुए प्रतिभाशाली युवा ऑलराउंडर कनिष्क चौहान आईपीएल 2026 में आरसीबी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के लिए चौके-छक्के लगाते हुए नजर आएंगे. आईपीएल ऑक्शन में इस होनहार खिलाड़ी को आरसीबी ने बेस प्राइज 30 लाख रुपए में टीम में लिया है. युवा खिलाड़ी की इस शानदार उपलब्धि को लेकर शाह सतनाम स्टेडियम के सभी सदस्यों में काफी खुशी देखने को मिल रही है. सिरसा टीम के कोच जसकरण सिंह सिद्धू ने उन्हें बधाई दी है.

बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद : कनिष्क ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उसने अपने कैरियर की शुरुआत सिरसा के शाह सतनाम स्टेडियम से की थी. उन्होंने कहा कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छी टूर्नामेंट रही जिसमें उनका अच्छा प्रदर्शन रहा लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मैच में टीम इंडिया का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा जिस वजह से वो फाइनल मैच हार गए, लेकिन हार के कारणों का सबक लिया गया और उम्मीद है कि अगली टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया में वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे.













हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - पीएम से बातचीत के बाद सुर्खियों में आए फतेहाबाद के बॉक्सर नीरज, ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना है मकसद
ये भी पढ़ें - IPL में खेलेगा हिसार का छोरा दक्ष कामरा, KKR ने 30 लाख की बोली लगाकर खरीदा
ये भी पढ़ें - भिवानी पहुंची गोल्डन गर्ल जैस्मिन लेम्बोरिया, बोलीं- 'मोबाइल छोड़ कर खेल में अपना फोकस रखें खिलाड़ी'

