जयपुर की उभरती गोल्फ स्टार शिक्षा जैन, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन कर रही हैं
जयपुर की 14 वर्षीय गोल्फर शिक्षा जैन ने US Kids Golf Indian Championship में गर्ल्स 13-14 कैटेगरी जीतकर इतिहास रचा.

Published : January 3, 2026 at 8:25 PM IST
जयपुर: शहर की 14 वर्षीय युवा गोल्फर शिक्षा जैन भारतीय जूनियर गोल्फ के क्षितिज पर एक चमकता सितारा बनकर उभरी हैं. 15 अगस्त 2011 को गुजरात के सूरत में जन्मी शिक्षा अब जयपुर को अपना घर बनाकर यहां से वैश्विक स्तर पर सफलता की नई ऊंचाइयां छू रही हैं. सात साल की छोटी उम्र से गोल्फ की दुनिया में कदम रखने वाली शिक्षा ने मेहनत, लगन और अनुशासन से खुद को देश की शीर्ष जूनियर गोल्फरों में शामिल कर लिया है. वर्तमान में वह अपनी आयु वर्ग में भारत की टॉप-2 राष्ट्रीय रैंकिंग वाली खिलाड़ी हैं और विश्व एमेच्योर गोल्फ रैंकिंग (WAGR) में भी स्थान बना चुकी हैं.
गोल्फ जैसे खेल को भारत में अपनाना, खासकर छोटी उम्र में, अपने आप में बड़ी चुनौती थी, लेकिन शिक्षा ने हार नहीं मानी. वे रोजाना 10-11 घंटे अभ्यास करती हैं, जिसमें तकनीकी ट्रेनिंग, फिटनेस और मेंटल कंडीशनिंग शामिल है. उनके कोच पद्मश्री और द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता जेसी ग्रेवाल हैं, जिनकी मार्गदर्शन में शिक्षा ने अपनी स्किल्स को निखारा है. परिवार के साथ जयपुर में रहते हुए वे रामबाग गोल्फ क्लब में नियमित अभ्यास करती हैं.
इसे भी पढ़ें- जयपुर में मिक्स्ड मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट, वुमन डे पर रक्षा बलों की महिलाएं करेंगी शिरकत
शानदार उपलब्धियां और रिकॉर्ड: शिक्षा के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल है उनके 105 से अधिक टूर्नामेंट जीत और 108 से ज्यादा पोडियम फिनिश. उन्होंने IGU, US Kids, अल्बाट्रॉस और अन्य जूनियर टूर्स में शानदार प्रदर्शन किया है. हाल ही में दिसंबर 2025 में US Kids Golf Indian Championship में गर्ल्स 13-14 कैटेगरी में उन्होंने शानदार जीत हासिल की, जहां उन्होंने 185 के स्कोर के साथ टॉप किया. मार्च 2025 में WAGR में एंट्री करने वाली शिक्षा अब टॉप 1500 के अंदर हैं. राष्ट्रीय स्तर पर वे गर्ल्स कैटेगरी में दूसरे स्थान पर हैं और संयुक्त A & B गर्ल्स श्रेणी में टॉप 20 में शामिल हैं. इन उपलब्धियों ने उन्हें एशिया, यूरोप, अमेरिका और अफ्रीका के 230 से अधिक प्रीमियर इवेंट्स में इनविटेशन दिलाए हैं.

इसे भी पढ़ें- इनविटेशन गोल्फ कप का 5वां संस्करण 25 को, देशभर से नामी गोल्फर लेंगे हिस्सा
ओलंपिक मेडल का बड़ा सपना: शिक्षा का सपना बड़ा है कि वे 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भारत के लिए गोल्फ में मेडल जीतें. वे कहती हैं, "मैं सिर्फ टाइटल्स के लिए नहीं खेल रही, बल्कि बाधाओं को तोड़ने और देश को गौरवान्वित करने के लिए खेल रही हूं." टियर-2 और टियर-3 शहरों की लड़कियों को स्पोर्ट्स में आने के लिए प्रेरित करना भी उनका मिशन है. गोल्फ में सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देना और कमजोर वर्गों के लिए शिक्षा व स्वास्थ्य पहल करना उनके भविष्य के प्लान्स में शामिल है. आने वाले वर्षों में शिक्षा निश्चित रूप से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का झंडा ऊंचा उठाएंगी. उनकी मेहनत और जुनून युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है.
इसे भी पढ़ें- विभोर अग्रवाल रहे सर्वश्रेष्ठ गोल्फर, 26 श्रेणियों में दिए गए पुरस्कार

