ETV Bharat / sports

अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर का भारत में हुआ निधन, 38 साल की उम्र में दिल्ली में ली आखिरी सांस

अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जदरान इसी साल जनवरी में इलाज के लिए भारत आए थे.

अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जदरान
अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जदरान (IANS)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : July 7, 2026 at 2:48 PM IST

|

Updated : July 7, 2026 at 2:54 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

Shapoor Zadran Passes Away: अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जदरान का मंगलवार (7 जुलाई) को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वह 38 साल के थे.

जदरान 'हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस' (HLH) नामी खतरना बीमारी से जूझ रहे थे. ये इम्यून सिस्टम से जुड़ी एक खतरनाक बीमारी है, जिससे शरीर में सूजन होती है और धीरे धीरे कई अंग खराब होते जाते हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार शापूर जदरान पिछले साल अक्टूबर में बीमार पड़े थे, जिसके बाद अफगानिस्तान के डॉक्टरों ने उन्हें इलाज के लिए भारत जाने की सलाह दी थी. इसके बाद उन्हें जनवरी में दिल्ली लाया गया जहां उनका पिछले कुछ महीनों से इलाज चल रहा था. इस बीच IPL के दौरान कई बार अफगानिस्तान के क्रिकेटर उनसे मुलाकात के लिए दिल्ली भी पहुंचे.

शुरुआत में इलाज का उन पर अच्छा असर हुआ और उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई, लेकिन 20 दिन बाद उनकी हालत फिर बिगड़ गई. उसके बाद वो बीमारी और मौत से लड़ते रहे. आखिरकार उनका 7 जुलाई को निधन हो गया.

शापूर जदरान का क्रिकेट करियर
शापूर अफगानिस्तान क्रिकेट के सबसे अच्छे गेंदबाजों में से एक थे और उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर टीम की तरक्की में अहम भूमिका निभाई. जदरान ने 80 इंटरनेशनल मैच खेले और 80 विकेट लिए. उन्होंने नेशनल टीम के लिए 44 वनडे और 36 T20I मैच खेले, जिनमें क्रमशः 43 और 37 विकेट लिए. 2009 से 2020 तक चले अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान वह तीन ICC T20 वर्ल्ड कप में भी टीम का हिस्सा रहे.

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दी श्रद्धांजलि
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शापूर जदरान के निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'अपने पूरे करियर के दौरान, शापूर ने सम्मान, साहस और गर्व के साथ अफगानिस्तान क्रिकेट की सेवा की. उनके योगदान और उपलब्धियां हमेशा अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास का अहम हिस्सा रहेंगी, और राष्ट्रीय टीम के लिए उनकी कोशिशों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा.'

'मैदान पर अपनी उपलब्धियों के अलावा, शापूर जदरान कई युवा अफगान क्रिकेटरों और दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रेरणा का एक सच्चा स्रोत थे۔ उनके लड़ने के जज्बे, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति प्यार ने कई लोगों को उम्मीद दी और एक पीढ़ी को बड़े सपने देखने और अफगानिस्तान क्रिकेट के भविष्य पर भरोसा करने के लिए प्रेरित किया. ईश्वर उनकी आत्मा को अनंत शांति प्रदान करे.'

Last Updated : July 7, 2026 at 2:54 PM IST