ETV Bharat / sports

अहमदाबाद में वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप का आज से आगाज, 60 देशों के 400 से ज्यादा एथलीट लेंगे भाग

वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में अमेरिका, घाना, केन्या, मलेशिया, श्रीलंका और उज्बेकिस्तान जैसे देशों के प्रतिभागी शामिल होंगे.

अहमदाबाद में वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप का आज से आगाज
अहमदाबाद में वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप का आज से आगाज (IANS)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : June 4, 2026 at 11:13 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अहमदाबाद: पहला वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप गुरुवार (4 जून) से गुजरात के अहमदाबाद में शुरू हो गया है. वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप (WYC) 2026 में 60 से ज्यादा देशों के 400 एथलीट पारंपरिक, कलात्मक, लयबद्ध जोड़ी और टीम योगासन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे.

पांच दिनों तक चलने वाले इस चैंपियनशिप (4-8 जून) में अमेरिका, घाना, केन्या, मलेशिया, श्रीलंका और उज्बेकिस्तान जैसे देशों के प्रतिभागी शामिल होंगे. यह योगासन को एक प्रतिस्पर्धी खेल के तौर पर स्थापित करने वाली पहली वैश्विक चैंपियनशिप है.

मेजबान भारत इस चैंपियनशिप में 122 सदस्यों का दल उतार रहा है. जिसमें एथलीट छह आयु वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे. सब-जूनियर (10 से 14 वर्ष), जूनियर (14 से 18 वर्ष), सीनियर (18 से 28 वर्ष), सीनियर A (28 से 35 वर्ष), सीनियर B (35 से 45 वर्ष), और सीनियर C (45 से 55 वर्ष) - जिसमें पुरुष और महिला दोनों शामिल होंगे.

इस प्रतियोगिता में व्यक्तिगत स्पर्धाएं, कलात्मक स्पर्धाएं और पारंपरिक समूह श्रेणियां शामिल होंगी। आयोजक पहली बार वैश्विक स्तर पर एक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरिंग सिस्टम भी शुरू करेंगे, जिसका मकसद फैसले में पारदर्शिता और एकरूपता लाना है. इस चैंपियनशिप की देखरेख 32 अंतरराष्ट्रीय जज और 51 राष्ट्रीय जज करेंगे.

PM मोदी वर्चुअली होंगे शामिल
बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, 'पूरी दुनिया में योग की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है! कल, 4 जून को, अहमदाबाद में एक बहुत ही खास प्रतियोगिता - पहली विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप 2026 - शुरू हो रही है.'

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 'इस मंच ने दुनिया भर के योग प्रेमियों को एक साथ ला दिया है. योगासन के लिए वैश्विक खेल रोडमैप में यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. मैं भी कल शाम लगभग 6:40 बजे टेक्नोलॉजी के जरिए इस कार्यक्रम में शामिल होऊंगा. ऐसे अभिनव कार्यक्रम का आयोजन करने वालों को मेरी बधाई और इसमें हिस्सा लेने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं.'

युवा मामले और खेल मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), गुजरात खेल प्राधिकरण, गुजरात पर्यटन और गुजरात योगासन खेल संघ के सहयोग से आयोजित इस चैंपियनशिप को योगासन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त खेल विधा के रूप में स्थापित करने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है.

कहां होगा प्रसारण?
इस चैंपियनशिप का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर रोजाना सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा और 4 जून से 8 जून तक प्रसारक के YouTube चैनल पर इसकी स्ट्रीमिंग की जाएगी.