'हमारे साथ धोखा हुआ...' अर्जेंटीना से हार के बाद मिस्र के कोच ने FIFA पर लगाए गंभीर आरोप
FIFA वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में अर्जेंटीना से हारने के बाद मिस्र के कोच ने FIFA की निष्पक्षता पर सवाल उठाए.

Published : July 8, 2026 at 5:20 PM IST
Argentina vs Egypt Match: मिस्र फीफा वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर करने के करीब था, जब वो टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 मैच के 80 मिनट तक मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना से 2-0 से आगे थे.
लेकिन अर्जेंटीना ने मैच के आखिरी 10 मिनट में जोरदार वापसी की. जिसमें लियोनेल मेस्सी ने एक गोल किए और दूसरा गोल करने में मदद करके अहम भूमिका निभाई, और फिर एंजो फर्नांडीज ने स्टॉपेज टाइम में तीसरा गोल करके मैच का पासा पलट दिया.
इसके साथ मिस्र का अभियान निराशाजनक तरीके से खत्म हो गया. मैच में रेफरी के फैसले से मिस्र के खिलाड़ी और कोच खुश नहीं दिखे, यहां तक कि मिस्र के हेड कोच होसाम हसन ने टूर्नामेंट की निष्पक्षता पर ही सवाल उठा दिया.

वो अर्जेंटीना को टूर्नामेंट में बनाए रखना चाहते थे
हसन ने कहा कि मैच में कई अहम फैसले उनकी टीम के खिलाफ गए, जिसमें VAR रिव्यू के बाद एक गोल को रद्द करना और अर्जेंटीना के विजयी गोल से पहले पेनल्टी की अपील पर रिव्यू न करना शामिल है. साथ उन्होंने फीफा पर ये आरोप भी लगया कि वो शायद मेसी और अर्जेंटीना को टूर्नामेंट में बनाए रखना चाहते थे.
हसन ने कहा, 'हम मौजूदा चैंपियन से हर मामले में बेहतर दिखे, लेकिन शायद वे विश्व चैंपियन को प्रतियोगिता में बनाए रखना चाहते थे, शायद वे चाहते थे कि मेस्सी दौड़ में बने रहें. क्योंकि मैच में विश्व चैंपियन को हर स्तर पर समर्थन मिला.'

हमारे साथ अन्याय हुआ
मिस्र के कोच हसन ने खास तौर पर फ्रांसीसी रेफरी फ्रांस्वा लेटेक्सियर की रेफरींग से नाराज थे. उन्होंने दो बड़ी घटनाओं की ओर इशारा भी किया, जिनसे उन्हें लगा कि खेल का रुख बदल गया. उसमें से एक मिस्र का रद्द किया गया गोल और दूसरा फर्नांडीज के निर्णायक गोल से पहले एलेक्सिस मैक एलिस्टर से जुड़ी पेनल्टी की अपील.
हसन ने कहा, हमने मैच में न तो सम्मान देखा और न ही फेयर प्ले. एक पेनल्टी को खारिज कर दिया गया. VAR से इसकी जांच भी नहीं की गई, और हमारा दूसरा गोल, न जाने किस वजह से रद्द कर दिया गया. हमारे साथ गलत व्यवहार किया गया और यह अन्याय है.'

मिस्र ने रेफरी को हटाने की मांग कर दी
इस पूरी घटना के बाद मिस्र फुटबॉल महासंघ (EFF) ने कथित तौर पर फुटबॉल की गवर्निंग बॉडी FIFA से संपर्क किया है और रेफरी फ्रांस्वा लेटेक्सियर के फैसलों के खिलाफ औपचारिक विरोध दर्ज कराया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ये शिकायत मिस्र फुटबॉल संघ के अध्यक्ष हनी अबो रिडा ने दर्ज कराई है.
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि शिकायत में उन फैसलों की जांच की मांग की गई है जिन्हें मिस्र विवादास्पद मानता है और जो मिस्र की टीम के खिलाफ गए थे. महासंघ ने आधिकारिक तौर पर यह भी अनुरोध किया है कि फ्रांसीसी रेफरी टीम को बाकी टूर्नामेंट से हटा दिया जाए क्योंकि वे इसे गंभीर गलतियां मानते हैं.

