FIFA वर्ल्ड कप: फ्रांस ने पैराग्वे को हराकर क्वार्टरफाइनल में बनाई जगह, एम्बाप्पे ने रचा इतिहास
France vs Paraguay: एम्बाप्पे की पेनल्टी से फ्रांस ने पैराग्वे को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा.

Published : July 5, 2026 at 1:36 PM IST
France vs Paraguay Round of 16: दो बार की वर्ल्ड चैंपियन फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मैच में पैराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है, जहां उनका मुकाबला मोरक्को से होगा.
काइलियन एम्बाप्पे ने फिलाडेल्फिया स्टेडियम में खेले गए इस कड़े मुकाबले के दूसरे हाफ में पेनल्टी से एकमात्र गोल किया. इस गोल के साथ वे गोल्डन बूट की रेस में गोल के मामले में लियोनेल मेसी के 7 गोल के बराबर पहुंच गए हैं, लेकिन असिस्ट के मामले में उनसे आगे हैं.
इसके अलावा एम्बाप्पे अब मेसी के वर्ल्ड कप में कुल 20 गोल के रिकॉर्ड से सिर्फ एक गोल पीछे हैं. यह एम्बाप्पे का वर्ल्ड कप नॉकआउट स्टेज में 11वां गोल था, जो एक रिकॉर्ड है. साथ ही वे लगातार तीन टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए.

यह मुकाबला आसान नहीं था
फ्रांस के लिए यह मुकाबला आसान नहीं था, जैसा कि उम्मीद की जा रही थी, क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वियों ने काफी आक्रामक खेल दिखाया. पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को हराकर राउंड ऑफ 16 में पहुंचने वाली पैराग्वे टीम ने फ्रांस के लिए निराशाजनक रहे पहले हाफ में डिफेंस को बहुत मजबूत रखा. फ्रांस के खिलाड़ियों को शरीर पर कुछ चोटें भी आईं.
मैच में फ्रांस का बॉल पर कब्जा ज्यादा रहा, लेकिन वे पैराग्वे के अनुशासित डिफेंस को तोड़ने में संघर्ष करते रहे. दूसरे हॉफ में फ्रांस ने हमले तेज किए. आखिरकार 69वें मिनट में पैराग्वे का डिफेंस टूटा, जब VAR रिव्यू के बाद डेजायर डौए को पेनल्टी एरिया में गिराए जाने का फैसला दिया गया. एम्बाप्पे ने शांति से पेनल्टी किक ली और गिल को गलत दिशा में छकाते हुए अपनी टीम को अंतिम आठ (क्वार्टर फाइनल) में पहुंचा दिया.

अब हमें मोरक्को पर ध्यान देना है
मैच के बाद एम्बाप्पे ने कहा, 'हमें पता था कि किस तरह का मैच होने वाला है. मुझे लगता है कि हमारे लिए ऐसे गेम का अनुभव करना और यह देखना बहुत अच्छा रहा कि हमने इसे कैसे संभाला. हमने दिखाया कि हम सिर्फ अटैकिंग फुटबॉल खेलने वाली टीम नहीं हैं. हर टीम अपनी ताकत का इस्तेमाल करती है. खेलने का कोई सही या गलत तरीका नहीं होता. एकमात्र सही तरीका जीतना है. अब हमें मोरक्को पर ध्यान देना है. हम उनका सामना करने के लिए बहुत उत्साहित हैं क्योंकि हम जानते हैं कि वे एक बहुत अच्छी टीम हैं.'
फ्रांस, जिसने 1998 और 2018 में खिताब जीता था और 2006 और 2022 में रनर-अप रहा था, अब 10 जुलाई को बोस्टन स्टेडियम में मोरक्को का सामना करेगा, जिसने सह-मेजबान कनाडा को हराकर यहां तक पहुंची है.

