महेंद्र सिंह धोनी की कार का कटा चालान, ऑटोमेटेड सिस्टम ने पकड़ी ओवर स्पीड
रांची में धोनी की कार का 1000 रुपए का चालान कटा है. वजह ओवर स्पीड है.

Published : March 4, 2026 at 1:07 PM IST
रिपोर्टः प्रशांत कुमार
रांचीः भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर से चर्चा में हैं. इस बार उनके वाहन का चालान कटने की वजह से वो चर्चा में आए हैं. ओवर स्पीडिंग के चलते धोनी की कार का 1000 का चालान काटा गया है.
क्या है पूरा मामला
झारखंड में राजकुमार का दर्जा पाने वाले पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कार पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए चालान काटा गया है.1 मार्च को कांके रिंग रोड पर बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के पास उनकी लग्जरी कार निर्धारित गति सीमा से ज्यादा रफ्तार में दौड़ रही थी. इसी दौरान ऑटोमेटिक कैमरे ने धोनी की कार का चालान काट दिया.
जानकारी के अनुसार, उस इलाके में स्पीड लिमिट 60 किलोमीटर प्रति घंटा तय है, लेकिन धोनी की कार की स्पीड ज्यादा थी. जिसे ऑटोमैटिक ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम (ATMS) के कैमरों ने रियल टाइम में कैद किया. सिस्टम ने तुरंत चालान जेनरेट कर दिया, जिसमें 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
किसी का भी कट सकता है चालान
रांची ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह सिस्टम शहर के प्रमुख चौराहों और रिंग रोड पर 24x7 सक्रिय रहता है, जो ओवर-स्पीडिंग, सिग्नल जंपिंग और अन्य उल्लंघनों पर नजर रखता है. ऐसे में किसी का भी चालान कट सकता है. आपको बता दें कि धोनी रांची के स्थानीय निवासी हैं और अक्सर अपने फार्महाउस या शहर में नजर आते हैं. उनकी कारों का शौक जगजाहिर है, लेकिन इस बार ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर उनकी कार कानून के दायरे में आ गई.
ये भी पढ़ेंः
सीएम की माही से अचानक हुई मुलाकात, साझा की तस्वीरें, कल्पना ने झारखंड का लाल कहकर दिया सम्मान

